Indore news: खजराना गणेश मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, नए साल पर ऐसी रहेगी व्यवस्था
नव वर्ष 2024 तथा तिल चतुर्थी के अवसर पर इंदौर के श्री गणेश खजराना मंदिर में आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में मंदिर परिसर में श्री गणेश खजराना प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी., नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह, पुलिस उपायुक्त अभिषेक आनंद, यातायात पुलिस अधिकारी, मंदिर के पुजारी, प्रबंध समिति के सभी सदस्य तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

बैठक में हुए खास निर्णय
बैठक में बताया गया कि, नव वर्ष के अवसर पर 31 दिसंबर 2023 एवं एक जनवरी 2024 को आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन एवं प्रबंध समिति द्वारा पूर्ण कर ली गई हैं। जिसके अंतर्गत साज-सज्जा, विद्युत व्यवस्था, सफाई व्यवस्था,पार्किंग व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी.ने निर्देश दिए की 31 दिसंबर,2023 एवं एक जनवरी, 2024 को आने वाले श्रद्धालुओं को सुचारू एवं सरल दर्शन हो सके इसके लिए सभी इंतजामों की पुनः समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर सतत रूप से मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने कहा कि नगर सुरक्षा,एनसीसी,स्काउट एवं अन्य वॉलिंटियर्स के माध्यम से भीड़ नियंत्रण का कार्य किया जाए। इन सभी वॉलिंटियर्स को सर्टिफिकेट भी वितरित किया जाएं।
बदले गए एंट्री एवं एग्जिट मार्ग
श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष मंदिर में दर्शन हेतु एंट्री एवं एग्जिट मार्ग भी बदले गए हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में प्रवेश के लिए खजराना चौराहा से सर्विस रोड तथा गोयल नगर के मार्ग से आया जा सकेगा तथा एग्जिट के लिए कालिका माता मंदिर होते हुए मार्ग तय किया गया है। श्री गणेश खजराना प्रबंध समिति के सदस्यों द्वारा सर्व सहमति से निर्णय लिया गया कि अयोध्या के श्री राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर 22 जनवरी को खजराना मंदिर परिसर में भी भव्य उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष रूप से फूलों की सजावट के साथ ही छप्पन भोग लगाया जाएगा। मंदिर को दिवाली की भांति दीपों से सजाया जाएगा।
ये भी पढ़े- Mahakal दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, साल के आखिरी दिन भक्तों ने किए भस्म आरती दर्शन












Click it and Unblock the Notifications