Indore: राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला 60 साल का बुजुर्ग गिरफ्तार
राहुल गांधी को पिछले साल धमकी मिली थी, उस मामले में अब गिरफ्तारी हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही।

पिछले साल भारत जोड़ो यात्रा जब मध्य प्रदेश में घुसने वाली थी, तभी एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। अब इस मामले में पुलिस ने एक 60 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। साथ ही उससे पूछताछ की जा रही।
पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) निमिष अग्रवाल के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इंदौर में स्थित एक मिठाई की दुकान पर चिट्ठी मिली थी। जिसमें राहुल गांधी को बम से उड़ाने की बात कही गई। उसी वक्त इंदौर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आरोपी की पहचान दयासिंह उर्फ ऐशीलाल झाम के रूप में हुई है। उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया है। अग्रवाल के मुताबिक पुलिस पिछले साल से ही जांच कर रही थी। गुरुवार को खबर मिली कि वो ट्रेन से भागने वाला है, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही, लेकिन अभी तक ये पता नहीं चल पाया है कि उसने राहुल गांधी को पत्र क्यों भेजा। इस दिशा में जांच की जा रही है। वहीं कुछ लोग बता रहे कि वो सनकी प्रवृत्ति का इंसान है। इसी वजह से उसने इस घटना का अंजाम दिया होगा।
सिख दंगों का था जिक्र
आपको बता दें कि घटना नवंबर 2022 की है। उस वक्त इंदौर में स्थित एक मिठाई की दुकान के पते पर डाक से एक पत्र आया। जिसमें राहुल गांधी और कमलनाथ की हत्या की बात कही गई। इस चिट्ठी में सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र था।
पत्र में लिखा था कि इंदौर में अलग-अलग जगहों पर बम लगाए गए हैं। जिसमें धमके होंगे। उसके जरिए ही कांग्रेस नेताओं की हत्या की जाएगी। हालांकि जांच में पुलिस को कुछ भी नहीं मिला था। तब से आरोपी की तलाश की जा रही थी।












Click it and Unblock the Notifications