Indore News: चलती ट्रेन में आग, खिड़की से कूदकर बचाई जान... डेमू ट्रेन के यात्रियों के लिए 'देवदूत' बना पायलट
Indore News: इंदौर से रतलाम आ रही डेमू पैसेंजर ट्रेन में रविवार की शाम अचानक आग लग गई। इस घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया। प्रीतमनगर और रुनीजा रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ था। लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी।
धुआं देखकर यात्रियों में भगदड़ मच गई और वे अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदकर खेतों में भाग गए। जब लोको पायलट नीचे उतरा तो उसने देखा कि इंजन के नीचे आग की लपटें उठ रही हैं। उसने तुरंत यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है।

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के सीपीआरओ ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार शाम 5:20 पर ट्रेन संख्या 09347 डॉ. अम्बेडकर नगर-रतलाम डेमू ट्रेन में आग लग गई, यह आग रुनिजा और नौगांव के बीच में लगी है। घटना के बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया, आग पर काबू पा लिया गया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया, लेकिन फायर ब्रिगेड के पहुंचने का रास्ता ही नहीं था। इसके बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों और रेलवे के कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पाया।
आग लगने के बाद स्थानीय किसानों ने अपनी मोटरपंप और पाइप का इस्तेमाल कर आग को बुझाने में मदद की। उनकी तत्परता से ही आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के बाद ट्रेन को रतलाम लाने के लिए दूसरे इंजन का इस्तेमाल किया गया. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जांच के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications