CM शिवराज ने की PM मोदी से मुलाकात, इंदौर में होगा प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन
इंदौर, 23 अप्रैल: प्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान शनिवार को राजधानी दिल्ली के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है. वहीं सीएम शिवराज चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें मुख्य रूप से इंदौर में होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम के आयोजन और इनवेस्टर समिट को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय हुए. पीएम नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मैंने आग्रह किया कि इस बार प्रवासी भारतीय दिवस मध्य प्रदेश में आयोजित किया जाए. 9 जनवरी को इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन होगा, उसके पहले 7 और 8 को इनवेस्टर समिट मधयप्रदेश में होगी.

महाकाल परिसर के लोकार्पण का दिया न्योता
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि, मैंने प्रधानमंत्री जी को निमंत्रण दिया. उज्जैन महाकाल महाराज की नगरी है. उज्जैन में महाकाल मंदिर परिसर बनकर तैयार है. इस परिसर में शिव स्तंभ, सप्त ऋषि स्थल, और कमल कुंड स्थित है. साथ ही शिव कथा को चित्रित करने का काम भी हुआ है, जो अपने आप में अद्भुत है. प्रधानमंत्री जी से मैंने निवेदन किया कि, इसका लोकार्पण उनके हाथों से संपन्न हो, मुझे प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री जी इस परिसर को लोकार्पित करेंगे.
स्टार्टअप पॉलिसी को लांच किया जाएगा
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्टार्टअप तेजी से उभर रहे हैं, हमने अपनी स्टार्टअप पॉलिसी बनाई है, नीति बनाई है. स्टार्टअप कि हमारी पॉलिसी बनी हुई है, उसको हम लॉन्च करना चाहते हैं, उसके लिए समय मांगा है, तो मई में वह समय भी हमको वर्चुअल जुड़ने का प्रधानमंत्री जी से मिलेगा. कुल मिलाकर देखा जाए तो सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई मुलाकात में कई मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई, साथ ही कई महत्वपूर्ण निर्णय भी इस बैठक के दौरान हुए हैं.












Click it and Unblock the Notifications