MP: यहां फोन और पोस्टकार्ड के जरिए अर्जी सुनते हैं भगवान गणेश, पूरी होती है मनोकामना
इंदौर, 02 अगस्त: गणेश चतुर्थी के साथ शुरू हुआ गणेश उत्सव का पावन पर्व जारी है, जहां हर घर में भगवान गणेश विराजमान हुए हैं, तो वहीं पंडालों में भी भगवान गणेश का पूजन अर्चन जारी है। इसी के साथ मंदिरों में भी भगवान गणेश का अलग-अलग श्रृंगार कर पूजा अर्चना की जा रही है। वहीं प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भगवान गणेश का एक ऐसा मंदिर स्थित है, जो बेहद ही प्राचीन है। इतना ही नहीं यहां भगवान गणेश अपने भक्तों की फरियाद मोबाइल और चिट्ठी के माध्यम से सुनते हैं। गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचते हैं।

देश ही नहीं विदेशों से भी आते हैं फोन
भगवान चिंतामण गणेश का यह मंदिर 1300 साल पुराना है। इस मंदिर को श्री जूना चितांमण गणेश मंदिर के नाम से जाना जाता है। वैसे तो यह मंदिर अपने आप में बेहद ही अनूठा है, लेकिन इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि, यहां भगवान चिंतामण गणेश अपने भक्तों की फरियाद मोबाइल और चिट्ठी के माध्यम से सुनते हैं। मान्यता है कि, भगवान अपने भक्तों की मनोकामना भी पूरी करते हैं। इस मंदिर की ख्याति देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशों में भी हैं, तभी तो देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भक्त भगवान को फोन कर अपनी मनोकामना बताते हैं।

ऐसे शुरू हुआ मनोकामना का सिलसिला
मंदिर से जुड़े लोग और पुजारी बताते हैं कि, लगभग 30 साल पहले भगवान गणेश को चिट्ठी भेजने का सिलसिला शुरू हुआ। धार के रहने वाले एक व्यक्ति ने सबसे पहले भगवान गणेश को पोस्टकार्ड भेजा था, जिसमें उन्होंने अपनी परेशानी लिखकर उसे दूर करने और परेशानी दूर होने पर लड्डूओं का प्रसाद चढ़ाने की मनोकामना की थी। परेशानी दूर होने के कुछ माह बाद ही उनका दूसरा पोस्टकार्ड आया। इसमें उन्होंने फिर मनोकामना की कि वे उन्हें प्रसाद चढ़ाने मंदिर आ सके।

कई देशों से आते हैं फोन और पोस्टकार्ड
मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं की मानें तो भगवान गणेश को फोन कॉल और पोस्टकार्ड देश नहीं बल्कि विदेशों से आते हैं जहां मंदिर से जुड़े भक्तों जब विदेशों में पहुंच गए तो वे वहां से भी भगवान को पोस्टकार्ड भेजते हैं, और फोन कॉल करते हैं। मंदिर के पुजारी ने बताया कि, भगवान से अपनी प्रार्थना करने के लिए जर्मनी, आस्ट्रेलिया, अमेरिका, न्यूयार्क से भक्तों के फोन और चिट्ठी आती है।

गणेश उत्सव में लगता है तांता
मंदिर से जुड़े पुजारियों की मानें तो गणेश उत्सव में यहां बड़ी संख्या में भक्त भगवान चिंतामण गणेश के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर में दर्शन और पूजन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की हर एक मनोकामना भगवान गणेश को पूरी करते हैं। इतना ही नहीं गणेश उत्सव में यहां भक्तों का भारी तांता लगा नजर आता है, जहां भक्त अपनी अपनी मनोकामनाएं लेकर भगवान गणेश के पास पहुंचते हैं, तो वहीं कई भक्त फोन कॉल और पोस्टकार्ड के माध्यम से भी अपनी समस्या और मनोकामना भगवान तक पहुंचाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications