गरबा एक्सप्रेस ट्रेन पर MP के पर्यटन का सुंदर नजारा, कुछ इस तरह से देश भर में हो रही ब्रांडिंग
इंदौर, 26 सितंबर : मध्य प्रदेश सरकार इन दिनों पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग तरीकों से प्रयास करती नजर आ रही है। यही कारण है कि, मध्य प्रदेश में लगातार पर्यटन की स्थिति भी सुधरती चली जा रही है, लगातार पर्यटन सुधार की दिशा में काम कर रही मध्य प्रदेश सरकार ने एक बार फिर अलग तरह का प्रयास किया है, जहां सरकार के इस प्रयास की जमकर सराहना भी हो रही है। प्रदेश की पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने गुजरात के गांधीधाम रेलवे जंक्शन पर गरबा एक्सप्रेस ट्रेन पर मध्यप्रदेश की ब्रांडिंग का अनावरण करते हुए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है।

मध्यप्रदेश पूरे देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजता हैं
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि, मध्यप्रदेश पूरे देश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजता हैं। अब मध्यप्रदेश के सांकृतिक, ऐतिहासिक, प्राकृतिक और मन भावन पर्यटन स्थलों की झलक गरबा एक्सप्रेस पर पूरे देश को दिखाई देंगी। मंत्री ठाकुर गुजरात के गांधीधाम जंक्शन पर गरबा एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12937/38) पर मध्यप्रदेश की ब्रांडिंग का अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी।

गरबा एक्सप्रेस पर्यटकों को मध्यप्रदेश आमंत्रित करेंगी
मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि, अगर आप सभी ने हिंदुस्तान का दिल मध्यप्रदेश नहीं देखा तो आपने कुछ नहीं देखा। मध्यप्रदेश में 33 करोड़ वर्ष पुरानी विश्व की प्राचीनतम नदी माँ नर्मदा, दो ज्योतिर्लिंग, त्रेता युग का मंदिर राजेश्वर, सतयुग की नगरी जानापाव सहित प्राचीन बौद्ध स्मारक भी मौजूद है। इन सभी स्थलों सहित प्रदेश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों को दर्शाती गरबा एक्सप्रेस देशभर के पर्यटकों को मध्यप्रदेश आमंत्रित करेंगी।

कुछ ऐसा है ट्रेन का शेड्यूल
जानकारी के मुताबिक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा पश्चिम रेलवे के सहयोग से गुजरात के गांधीधाम और पश्चिम बंगाल के हावड़ा के बीच चलने वाली गरबा एक्सप्रेस ट्रेन पर प्रदेश के पर्यटन गंतव्य, आयोजन और मेलों की ब्रांडिंग करवाई गई है। गर्भा एक्सप्रेस पर की गई ब्रांडिंग के चलते मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों सहित जल महोत्सव, मांडू उत्सव, स्काई डाइविंग, हॉट एयर बलून जैसी गतिविधियों का भी प्रचार होगा। वहीं ट्रेन पर की गई मध्यप्रदेश की ब्रांडिंग में अलग-अलग पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन किया गया है। मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती कुछ इस कदर है कि ब्रांडिंग के बाद अब ट्रेन भी काफी खूबसूरत नजर आ रही है।

ट्रेन मध्यप्रदेश सहित 6 राज्य से गुजरेगी
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति और प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि, गरबा एक्सप्रेस ट्रेन गांधीधाम से शाम 6:10 बजे रवाना होगी और गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों से गुजरते हुए हावड़ा स्टेशन पर तीसरे दिन दोपहर 12:55 बजे पहुँचेगी। इस दौरान ट्रेन मध्यप्रदेश सहित 6 राज्य से गुजरेगी। इन राज्यों में मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों सहित जल महोत्सव, मांडू उत्सव, स्काई डाइविंग, हॉट एयर बलून जैसी गतिविधियों का भी प्रचार होगा। वहीं अब इस तरह की ब्रांडिंग से मध्य प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा जहां मध्य प्रदेश में पर्यटन की स्थिति सुधरेगी तो वहीं अलग-अलग राज्यों के लोग पर्यटन के लिए मध्यप्रदेश आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications