MP में खुशनुमा हुआ मौसम का मिजाज, इस झरने को देखने उमड़ रही भीड़, तस्वीरों में देखिए झलक
इंदौर, 7 जुलाई: प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ अब आर्थिक राजधानी इंदौर में भी मानसून मेहरबान होने लगा है, जहां लगातार बारिश का सिलसिला भी जारी है। पिछले दिनों शहर में हुई झमाझम बारिश के बाद लोगों ने राहत महसूस की है, तो वहीं अब उमस से भी राहत मिलने लगी है। इसके साथ-साथ पहली बारिश के साथ ही अब मौसम भी सुहाना होने लगा है, जहां पर्यटकों ने पर्यटन स्थलों का रुख करना शुरू कर दिया है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के आसपास वैसे तो कई पर्यटन स्थल हैं, लेकिन शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित पातालपानी पर्यटन स्थल अपनी खूबसूरती के लिए पूरे प्रदेश में अलग पहचान रखता है।

पातालपानी में बह निकला मनमोहक झरना
मिनी मुंबई कहे जाने वाले शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित पातालपानी पर्यटन स्थल महू तहसील के अंतर्गत आता है, जहां अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर पर्यटन स्थल पर हजारों लोग पहुंचते हैं। हाल ही में हुई झमाझम बारिश के बाद पातालपानी स्थित करना वह निकला है, जहां इस झरने की खूबसूरती देखते ही बनती है। वहीं अब इस खूबसूरत झरने की मनमोहक तस्वीर को निहारने पर्यटक पातालपानी पहुंचने लगे हैं।

पातालपानी में हो चुके हैं कई हादसे
इंदौर शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित पातालपानी झरना जहां अपनी मनमोहक खूबसूरती के लिए अलग पहचान रखता है, तो वहीं इस पर्यटन स्थल पर कई बार दर्दनाक हादसे भी हो चुके हैं, जिसमें कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। यही कारण है कि पर्यटन स्थल के आसपास अवकाश के दिनों में पुलिस बल तैनात रहता है तो वहीं झरने के पास जाने की अनुमति किसी को भी नहीं दी जाती है।

प्राकृतिक खूबसूरती लोगों को करती है आकर्षित
पातालपानी पर्यटन स्थल अपनी खूबसूरती के लिए अलग पहचान रखता है, जहां पातालपानी स्थित झरने के साथ-साथ आसपास स्थित हरियाली भी लोगों को खूब आकर्षित करती है। यही कारण है कि, यहां हजारों की संख्या में लोग आते हैं और पर्यटन का आनंद लेते हैं। वहीं समय-समय पर यहां हेरिटेज ट्रेन भी चलाई जाती है, जिसमें घूमने लोग प्रदेश के अन्य स्थानों से पातालपानी पहुंचते हैं, और हेरीटेज ट्रेन के साथ ही खूबसूरत वादियों का भी आनंद लेते हैं।

ऐसे पहुंच सकते हैं पातालपानी
यदि आप भी इंदौर के पास स्थित पातालपानी पर्यटन स्थल घूमना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको पातालपानी के सबसे पास का स्टेशन महू पड़ेगा। साथ ही आप इंदौर से महू और महू से पातालपानी भी पहुंच सकते हैं। पातालपानी पहुंचने के लिए इंदौर से महू के लिए ट्रेन से सफर किया जा सकता है, तो वहीं बस और अन्य परिवहन के साधनों से भी पातालपानी पहुंचा जा सकता है।
ये भी पढ़े- Weather update: MP के इन जिलों में एक बार फिर चलेगा झमाझम बारिश का दौर, अलर्ट जारी












Click it and Unblock the Notifications