निकाय-पंचायत चुनाव में BJP और कांग्रेस को कड़ी टक्कर देगी AAP, 3C फॉर्मूले से होगा प्रत्याशी चयन!
इंदौर, 3 जून: मध्यप्रदेश में इन दिनों निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां जारी है, जहां सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हुए नजर आ रहे हैं. इस बीच बीजेपी और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी चुनावी मैदान में दम दिखाती नजर आ रही है, जहां प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी का मंथन जारी है. 'भ्रष्टाचार मुक्त इंदौर' का लक्ष्य लेकर चुनावी मैदान में उतरने जा रही आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी चयन के लिए भी खास फॉर्मूला तैयार किया है. साथ ही साथ इंदौर नगर निगम के 85 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए पार्टी ने लगभग 40 से ज्यादा वार्डों में अपने प्रत्याशी लगभग तय कर लिए हैं.

3C फॉर्मूले के जरिए होगा प्रत्याशी चयन
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ. पीयूष जोशी ने वन इंडिया हिंदी से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए कहा कि, हमारा 3C का सिलेक्शन क्राइटेरिया है, 3C का मतलब है कैंडिडेट- करप्ट, क्रिमिनल और कम्युनल नहीं होना चाहिए. आम आदमी के रोज के मुद्दे जैसे- बिजली, पानी, शिक्षा, रोजगार, और महंगाई जैसे मुद्दों पर बात करने वाला व्यक्ति होना चाहिए. इसी के साथ आप के जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष जोशी ने कहा कि, यदि 3C के क्राइटेरिया पर कैंडिडेट फुल फील करता है, तो हम प्रत्याशी उतारेंगे, वहीं यदि 3C के क्राइटेरिया पर कोई भी कैंडिडेट फुल फील नहीं कर रहा है, तो चाहे हमें वो सीट खाली छोड़नी पड़ जाए, हम वो सीट खाली छोड़ेंगे.
AAP का लक्ष्य 'भ्रष्टाचार मुक्त इंदौर'
आप के जिलाध्यक्ष डॉ. पीयूष जोशी ने बताया कि, आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है, तो उसका एक बहुत ही पुनीत लक्ष्य होना चाहिए. हमारा लक्ष्य 'भ्रष्टाचार मुक्त इंदौर' का निर्माण करना है. हर विजिलेंस के पैमाने पर इंदौर देश की सबसे पहली जीरो करप्शन सिटी बने.
85 में से 40 सीटों पर प्रत्याशी लगभग तय
नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी अब वार्ड स्तर पर प्रत्याशी चयन कर रही है, जिसमें इंदौर के 85 वार्डों पर होने वाले चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अब तक 40 सीटों पर अपने प्रत्याशी लगभग तय कर लिए हैं. वहीं अन्य सीटों पर प्रत्याशी चयन का कार्य जारी है.












Click it and Unblock the Notifications