खरगोन में पटरी पर लौट रही जिंदगी, कर्फ्यू में 6 घंटे की ढील
खरगोन,20 अप्रैल: खरगोन में हालात अब सामान्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं, इसी को देखते हुए प्रशासन ने कर्फ्यू के दौरान छूट की समय सीमा भी बढ़ा दी है. बुधवार को कर्फ्यू में 6 घंटे की ढील दी गई, जिसमें सुबह 10 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल सके, छूट के दौरान लोगों की जरूरतों के सामान से संबंधित सभी दुकानें खुली रहीं, वहीं गाड़ियों पर लगी पाबंदी पहले की तरह जारी रही. इसी के साथ शहर में पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री पर भी पाबंदी लगी हुई है.

चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर
कर्फ्यू के बीच मिली 6 घंटे की छूट के दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही. पुलिस की पैनी नजर बाजारों पर बनी रही. वहीं पुलिस असामाजिक तत्वों पर भी अपनी सख्त नजर बनाए हुए हैं, जहां गड़बड़ करने वालों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जा रही है. उधर, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी मंगलवार की शाम राज्य के बड़े अधिकारियों के साथ मीटिंग की है, जिसमें उन्होंने इंटेलिजेंस सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं.
उच्च अधिकारियों ने लिया हालातों का जायजा
कर्फ्यू के बीच हालातों का जायजा लेने अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विपिन माहेश्वरी खरगोन आए, दोनों ही अधिकारियों ने सबसे पहले प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया, साथ ही दोनों पक्षों के साथ चर्चा की, इस दौरान संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा ने अधिकारियों को पूरे हालातों से अवगत कराया. अधिकारियों ने लोगों से हिंसा के दौरान हुए नुकसान की जानकारी भी ली. शहर में निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने कलेक्टर परिसर के सभागृह में अलग-अलग समय पर दोनों पक्षों के साथ बैठक की, इस दौरान अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातों को ध्यान से सुना. बैठक में शहर वासियों के साथ ही जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
धीरे-धीरे बढ़ सकती है छूट की समय सीमा
जैसे-जैसे शहर में हालात सामान्य होते चले जाएंगे, वैसे-वैसे कर्फ्यू के दौरान छूट की सीमा बढ़ने की भी संभावना है. उधर सरकार ने भी दंगा पीड़ित लोगों को बड़ी राहत देते हुए आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से एक करोड रुपए स्वीकृत कर आवंटन के आदेश जारी किए हैं, जिसके लिए जिला प्रशासन लगातार दंगा पीड़ितों की जानकारी एकत्रित कर रहा है.












Click it and Unblock the Notifications