लॉकडाउन में जुगाड़ से सफर, मिक्सर मशीन में छुपकर महाराष्ट्र से यूपी जा रहे 18 मजदूर इंदौर में पकड़े गए
इंदौर। कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। यही वजह है कि तीन मई को खत्म होने वाले लॉकडाउन को बढ़ाकर 17 मई तक कर दिया गया है। हजारों श्रमिक दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं। घर वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। सरकार स्पेशल ट्रेनें चला रही है। वहीं, ऐसे मजदूरों की कमी नहीं जो जुगाड़ के जरिए पलायन कर रहे हैं।

शनिवार को मध्य प्रदेश में इंदौर-उज्जैन रोड पर चेकिंग प्वाइंट पर 18 ऐसे मजदूरों को पकड़ा गया है, जो निर्माण कार्य में काम आने वाली मिक्सर मशीन में छुपकर सफर कर रहे थे। पुलिस ने जांच के बाद उन्हें पकड़ा है। ये मजदूर महाराष्ट्र में कई दिन से फंसे हुए थे। मिक्सर मशीन में सवार होकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
डीएसपी ट्रैफिक उमाकांत चौधरी के मुताबिक शनिवार सुबह पंथपिपलाई बॉर्डर पर जवानों ने एक मिक्सर मशीन को जांच के लिए रोका। जब पुलिसकर्मियों ने इसकी जांच के लिए रोका तो चालक घबरा गया। चालक से पूछताछ की तो उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद मिक्सर मशीन की जांच की गई, तो सभी हैरान रह गए। उसके भीतर से कुछ लोगों के बातें करने की आवाजें आ रही थीं।
पुलिस ने जब मिक्सर का ढक्कन खुलवाया तो उसमें 18 मजदूर बैठे हुए नजर आए। सभी को एक-एक कर नीचे उतारा। यह सभी मिक्सर मशीन में बैठकर उत्तर प्रदेश अपने घर जा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications