जाकिर मूसा ने पीएम मोदी को दी चेन से बांधकर घसीटने की धमकी
जाकिर मूसा ने पीएम मोदी को बताया गाय की पूजा करने वाला, बोला मैं आजादी दिलाउंगा गाय की पूजा करने वाले से
नई दिल्ली। बकरीद से एक दिन पहले आतंकी संगठन अंसार गजावट उल हिंद जोकि कश्मीर में अल कायदा की ही एक यूनिट है के कमांडर इन चीफ जाकिर मूसा ने दस मिनट का ऑडियो टेप जारी करके प्रधानमंत्री मोदी को धमकी दी है। इस टेप में जाकिर ने धमकी दी है कि वह भारत को गाय की पूजा करने वाले प्रधानमंत्री मोदी से आजादी दिलाएगा। उसने ना सिर्फ पीएम मोदी बल्कि हिंदुओं को धमकी देते हुए कहा है कि वह गाय की पूजा करने वाले पीएम मोदी और हिंदुओं से भारत को आजाद कराएगा।

रोहिंग्या मुसलमानों के मुद्दे पर दी धमकी
जाकिर मूसा हिजबुल मुजाहिदीन का का पूर्व कमांडर है, उसने जम्मू में रोहिंग्या मुसलानों के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को धमकी दी है। आपको बता दें कि पिछले हफ्ते केंद्र सरकार ने कहा था कि वह देश में रह रहे 40,000 रोहिंग्या मुसलमानों को बाहर का रास्ता दिखाएगी। इन तमाम रोहिंग्या मुसलमानों में अकेले जम्मू में 6,000 रोहिंग्या मुसलमान रहते हैं। जिसके बाद जाकिर मूसा ने धमकी दी है कि अगर रोंहिंया मुसलमानों को बाहर किया गया तो इसके अंजाम सही नहीं होंगे।

पाकिस्तान के खिलाफ भी जमकर निकाली भड़ास
कश्मीर जिहादियों का साथ नहीं देने और उन्हें धोखा देने पर भी जाकिर मूसा ने पाकिस्तान पर जमकर भड़ास निकाली। पाकिस्तान ने जिस तरह से अमेरिका के मुजाहिदीन के खिलाफ अभियान में साथ दिया है उसपर भी मूसा ने पाकिस्तान को धमकी दी है। मूसा ने कश्मीर के जिहादी आंदोलन के खिलाफ पाक के रुख पर हमला बोलते हुए कहा कि इस्लामाबाद ने कई ट्रेनिंग कैंप (आतंकी कैंप)को बंद कर दिया है, कई कश्मीर के जिहादियों को मौत के घाट उतार दिया साथ ही कई मुजाहिदीन को जेल में बंद कर दिया है। जाकिर मूसा के मैसेज को यूट्यूब के चैनल अंसार गजवा पर जारी किया गया है, साथ ही उसके समर्थकों ने इस मैसेज को अन्य जगहों पर पहुंचाया है। इससे पहले अल हुर्र ने एक पोस्टर जारी किया था, जिसमें यह संदेश दिया गया था कि जल्दी ही अल्लाह की मर्जी से ये होगा। वहीं श्रीनगर पुलिस का कहना है कि यह संदेश मूसा की ओर से आतंकी हमले की खुली धमकी है।

बेड़ियों में बांधकर घसीटेंगे मोदी को
मूसा ने अपने ऑडियो टेप में कहा है कि गाय की पूजा करता है, वह अपनी राजनीति व कूटनीति से बहुत कुछ हासिल कर सकता है, लेकिन वह हमें रोक नहीं पाएगा। हम इस्लाम का झंडा भारत में फहराएंगे, हम इस हिंदू शासक को बेड़ियों में बांधकर घसीटेंगे। मूसा यह संदेश कश्मीरी भाषा और लहजे में देता सुनाई दे रहा है। जिस तरह से मूसा यह संदेश पढ़ता है, इससे साफ लगता है कि वह अल कायदा की लिखी हुई स्क्रिप्ट को पढ़ रहा है। मूसा अपने संदेश में कश्मीरी आतंकियों को इस्लामी जिहादी बताता है।

भारतीय सेना के खिलाफ पत्थर को भी हथियार में बदला
अपने टेप में मूसा कहता है कि तमाम धोखे और गद्दारी के बाद भी कश्मीर में जिहाद जारी है और यह अल्लाह की रहमत की वजह से बरकरार है और आगे भी रहेगा। मूसा दावा करता है कि पाकिस्तान ने भारत के साथ हाथ मिला लिया है ताकि वह कश्मीर में जिहाद के रास्ते जाने वाले मुजाहिदीन को रोक सके। वह कहता है कि कूटनीति और राजनीति के नाम पर कश्मीर में चल रहे जिहाद की पीठ में छुरा भोंका गया है। अपने संदेश में मूसा पाकिस्तान की सरकार और सेना को अपना दुश्मन बताता है। वह कहता है कि कश्मीर के जिहादियों को पाकिस्तान की मदद नहीं चाहिए, मुजाहिदीनियों ने यहां जिहाद को अपने खून से जिंदा रखा है, हमने पत्थर को भी भारतीय सेना के खिलाफ हथियार में बदल दिया है।












Click it and Unblock the Notifications