कुमार विश्वास पर अंडा फेंकने वाला जाफरी मुलायम यूथ ब्रिगेड का
अंडा फेंकने वाले युवक का नाम सैफ जाफरी है। उसने खुद को मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड (बिजनौर) का अध्यक्ष बताया। उसने कहा कि वह मुहर्रम के जुलूस को लेकर दिए गए कुमार विश्वास के बयान से नाराज था। सैफ का कहना है कि यह सब उसने किसी के कहने या किसी के इशारे पर नहीं किया बल्कि यह सब उसने कुमार विश्वास के खराब बयान से नाराज होकर किया है।
उसने साफ कहा कि कुमार विश्वास कभी इमाम हुसैन, कभी शिव जी की आलोचना करते हैं। जो व्यक्ति धर्म की इज्जत नहीं कर सकता है वह अगर अमेठी से चुनाव लड़कर संसद पहुंच गया तो देश और देश के लोगों की क्या इज्जत करेगा। सैफ ने साफ कर दिया कि उसकी इस हरकत से सपा या मुलायम सिंह से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल सैफ पुलिस की गिरफ्त में हैं।
सैफ का फेंका अंडा हालांकि विश्वास तक पहुंचा नहीं, लेकिन कुछ देर के लिए हंगामा मच गया। गौरतलब है कि विश्वास अमेठी में रविवार को होने जा रहे अपने रोड शो के बारे में पत्रकारों को जानकारी दे रहे थे। उन्होंने अपने ऊपर अंडा फेंके जाने को हताशा का उदाहरण बताते हुए कहा कि कांग्रेस, भाजपा और सपा-तीनों पार्टियां घबराई हुई हैं। उन्होंने ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी भाजपा नेता नरेंद्र मोदी सहित सभी विरोधी पार्टियों के बड़े नेताओं के खिलाफ उम्मीदवार उतारेगी और उन्हें लोकतांत्रिक ढंग से चुनौती देगी।
मुहर्रम पर अपनी टिप्पणी के संदर्भ में विश्वास ने कहा कि सरदार पर पूरी दुनिया में चुटकुले सुनाए जाते हैं। हर कवि सम्मेलन में ऐसा देखा गया है, लेकिन उनके वीडियो निकालकर हास्यपूर्ण प्रसंग को सिख धर्म के खिलाफ बताना या भावनाएं भड़काने वाला बताना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी से अगर किसी की भावना आहत भी हुई है तो वह माफी मांगते हैं।
हंगामे के बाद विश्वास ने कहा कि इसी तरह दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस में स्याही फेंका गया था। ऐसा हताशा में किया जा रहा है। कांग्रेस, भाजपा और सपा- तीनों पार्टियां आप के उभरने से घबराई हुई हैं।
उन्होंने कहा कि देश में वंशवाद के खात्मे की शुरुआत अमेठी से ही होगी। देश के हर युवा को आगे बढ़ने और राजनीति करने का अधिकार है। कोई एक परिवार देश का भाग्य नहीं तय कर सकता।
कुमार विश्वास ने राजधानी लखनऊ पहुंचने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा, देश में 67 वर्षो बाद वंशवाद के खात्मे की शुरुआत अमेठी से ही होगी। अमेठी में आप के कार्यकर्ता पहले से ही सक्रिय हैं। बिगुल बज चुका है और अब वंशवाद को फलने-फूलने का मौका नहीं दिया जाएगा।
विश्वास ने विश्वास जताया कि दिल्ली में जिस तरह से लोगों ने आप को प्यार दिया और 15 वर्ष पुरानी कांग्रेस की सत्ता को उखाड़ फेंका, उसी तरह का प्यार अमेठी की जनता से भी मिलेगा।
विश्वास ने कहा कि हताशा में उनके विरोधी उनकी पांच साल पुराने, दस साल पुराने कवि सम्मेलनों में की गई टिप्पणियों को मुद्दा बना रहे हैं और उन्हें धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला बताकर उनका विरोध कर रहे हैं।
कुमार विश्वास राजधानी में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान कई लोगों के आप से जुड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। विश्वास रविवार को सड़क मार्ग से अमेठी के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां वह अमेठी के गौरीगंज में आयोजित जन विश्वास रैली में हिस्सा लेंगे।













Click it and Unblock the Notifications