टीम अमित शाह के रूप में भाजपा के नौजवान खेलेंगे नई पारी

सूत्रों का कहना है कि अमित शाह की टीम में हिमाचल के मंडी से सांसद अऩुराग ठाकुर, मुरलीधर राव, प्रवेश वर्मा, मुंबई से सांसद पूनम महाजन सहारनपुर से सांसद राघव लखनपाल को अहम जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। ठाकुर को महासचिव का पद मिल सकता है। भाजपा के शिखर नेता रहे प्रमोद महाजन की पुत्री पूनम भी महासचिव बन सकती है। राव को उपाध्यक्ष पद मिल सकता है।
अनुराग ठाकुर से प्रभावित हैं अमित शाह
अनुराग ठाकुर जो अभी भाजपा युवा मोर्चा के प्रमुख हैं, उऩसे शाह बहुत प्रभावित हैं। वे मानते हैं कि उनकी संगठनात्मक क्षमताएं बेजोड़ हैं। दरअसल अमित शाह के लिए कहा जाता है कि वे उन नेताओं को अपनी टीम में रखना पसंद करते हैं, जो संगठन के कामकाज में दिलचस्पी लेते हैं। वे मंत्री पद की दौड़ में रहने वाले नेताओं को पसंद नहीं करते। वे मानते हैं कि कोई भी दल तब ही अपना विस्तार कर सकता है बशर्ते कि उसमें उन कार्यकर्ताओं की तादाद पर्याप्त हो जो संगठन के प्रति समर्पित हों।
अमित शाह की टीम में छपरा से सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी और वरुण गांधी भी अहम जिम्मेदारी पा सकते हैं। उनकी टीम में नई दिल्ली सीट से निवार्चित मीनाक्षी लेखी को महासचिव का पद मिल सकता है। उनके नाम की चर्चा मंत्री पद के लिए भी थी।












Click it and Unblock the Notifications