Karnataka: रील बनाने के चक्कर में कानून के शिकंजे में फंसे 6 लड़के, फिलिस्तीनी झंडा लेकर निकाली थी रैली
कर्नाटक के चिक्कामगलुरु में फिलिस्तीनी झंडा लहराकर दोपहिया वाहन चलाने वाले छह नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। यह घटना रविवार को हुई, जब कुछ लड़के दो पहिया वाहनों पर सवार होकर फिलिस्तीन के समर्थन में नारे लगाते हुए झंडा लहरा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दंतारामक्की रोड पर तीन नाबालिग एक दोपहिया वाहन पर थे, जिसमें एक लड़का फिलिस्तीनी झंडा लहरा रहा था, जबकि उनके तीन दोस्त एक अन्य बाइक पर पीछे चल रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने सभी छह नाबालिगों को हिरासत में लिया।

क्या कहती है पुलिस ?
पुलिस ने बताया कि लड़कों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की उन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने से संबंधित हैं। दोनों दोपहिया वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।
रील के चक्कर में फंसे नाबालिग
पूछताछ के दौरान, लड़कों ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में फिलिस्तीनी झंडे लेकर निकाली गई एक रैली का वीडियो देखा था और वे इंस्टाग्राम के लिए ऐसी ही रील बनाना चाहते थे।
बीजेपी ने घेरा
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और एमएलसी सीटीरवि ने इस घटना की कड़ी निंदा की और पुलिस से इसकी गहन जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना अनुमति के 20 से अधिक दोपहिया वाहनों और एक चार पहिया वाहन में रैली निकाली गई। रवि ने इस घटना को गंभीरता से लेने और इसके पीछे के नेटवर्क को उजागर करने का आग्रह किया।












Click it and Unblock the Notifications