यूपी में प्रचंड जीत के बाद पीएम मोदी से मिले योगी आदित्यनाथ
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में भाजपा के जबरदस्त प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। यह मुलाकात ऐसे वक्त हुई है जब यूपी के चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है और कुछ दिनों बाद गुजरात में मतदान होना है। यूपी के निकाय चुनाव योगी आदित्यनाथ की प्रदेश में लोकप्रियता का पहला टेस्ट थी, जिसमें योगी आदित्यनाथ पूरी तरह से पास हुए हैं। यूपी के निकाय चुनाव में भाजपा को 16 मेयर सीटों में से 14 में जीत मिली है, जबकि 2 सीटों पर बसपा को जीत मिली है।

यूपी के निकाय चुनावों के नतीजे आने के बाद योगी आदित्यनाथ ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों व भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन को जाता है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हमको जिम्मेदार बनाने के लिए है, यह चुनाव सभी की आंखें खोलने वाला रहा और जो लोग इसे गुजरात से जोड़कर देखते थे उनकी आंखें भी खोलने वाला रहा है। इस चुनाव में भाजपा की जीत का श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत को भी जाता है, जिन्होंने विकास के एजेंडा पर लोगों का भारी समर्थन हासिल किया। मैं सभी मतदाताओं को धन्यवाद देना चाहता हूं।
इससे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने चुनाव परिणाम आने के बाद कहा कि ईवीएम की वजह से ही हम यूपी के विधानसभा चुनाव में हार गए थे, लेकिन एक बार फिर से निकाय चुनाव ने साबित कर दिया है कि हमारे वोटर मजबूती के साथ हमारे साथ खड़े हैं। अगर भाजपा लोकतंत्र में भरोसा करती है और उसे अपने मतदाता पर भरोसा है तो 2019 के लोकसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराए। मायावती ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने जानबूझकर निकाय चुनाव देरी से कराए। मायावदी ने निकाय चुनाव में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि मैं पूरी यकीन से कहती हैं कि अगर बैलेट पेपर से चुनाव हो तो भाजपा कभी जीत नहीं पाएगी।
इसे भी पढ़ें- यूपी निकाय चुनाव में एक बार फिर से EVM पर खड़े हुए सवाल, उम्मीदवार को घरवालों का भी वोट नहीं मिला












Click it and Unblock the Notifications