'कैंसर,डायबिटीज का एलोपैथी में कोई इलाज नहीं, ये बस जुगाड़ करते हैं...', बाबा रामदेव का बयान वायरल
एलोपैथिक दवा के खिलाफ इस तरह के बयान देने को लेकर योग गुरु बाबा रामदेव पहले भी विवादों में रहे हैं।

योग गुरु बाबा रामदेव ने एक बार फिर एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति को लेकर विवादित बयान दिया है। बाबा रामदेव ने कहा, 'एलोपैथी में कैंसर, हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी बीमारियों का कोई इलाज नहीं है। ये सिर्फ जुगाड़ करते हैं। ऐसी बीमारियों का एलोपैथिक में नहीं बल्कि आयुर्वेद में ही इसे जड़ से खत्म किया जा सकता है।'
गाय के दूध के महत्व और चिकित्सा गुणों पर ध्यान देते हुए रामदेव ने कहा कि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। यह स्वाभाविक रूप से कई बीमारियों का इलाज करता है और ऐसा सिर्फ मैं नहीं बल्कि दुनियाभर में कई लोगों का कहना है।

'आयुर्वेद में इन सभी बीमारियों का इलाज है..'
बाबा रामदेव ने कहा, ''उनके संस्थान में गोमूत्र और आयुर्वेदिक दवाओं के मिश्रण से कैंसर जैसी बीमारी ठीक हो गई है।'' आयुर्वेद के छात्रों को संबोधित करते हुए योग गुरु ने कहा कि एलोपैथ में कैंसर, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों का कोई इलाज नहीं है जबकि आयुर्वेद में इन सभी बीमारियों का इलाज है। वो भी जड़ से खत्म कर देती है।''
बाबा रामदेव ने ये बातें रविवार को उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय और दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेद कॉन्क्लेव-2023 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही।
इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति सुनील जोशी भी शामिल हुए थे।

'दो-चार यहां एलोपैथी के डॉक्टर बैठे हो तो नाराज मत होना...'
बाबा रामदेव ने कहा कि लोग कहते हैं कि आयुर्वेद का भविष्य क्या है। मैं कहता हूं कि आयुर्वेद का भविष्य और वर्तमान बाबा रामदेव तुम्हारे सामने खड़ा है। और हमने ठान रखा है कि एलोपैथी को भी धरती में इतना गहरा गाड़ेंगे कि बहुत दिनों तक इसको सांस नहीं आएगी। एमरजेंसी ट्रीटमेंट के लिए, लैब टेस्टिंग के लिए किसी को थोड़ा बहुत प्रयोग करना हो तो कर लें। दो-चार यहां एलोपैथी के डॉक्टर बैठे हो तो नाराज मत होना, हमारे पाले में आ जाना। हमारा दिल बहुत बड़ा है।'

'कोरोना बीत गया ये दवाई नहीं बना पाए...'
बाबा रामदेव ने आगे कहा, ''बाकी एलोपैथी में सर्दी जुकाम से लेकर कफ-कोल्ड से लेकर, बाकी नए -नए नाम रख देते हैं, H3N2, मैं कहता हूं कि भई H3N2 तो, तेरे पास इसकी दवा क्या है, ये बताओ। इनके पास में कोई दवाई नहीं है। ना सर्दी की, ना बुखार की, ना जुखाम की, कोरोना बीत गया, अब तक दवाई नहीं बना पाए हैं। उसकी भी पहली दवाई हमने बनाई।'












Click it and Unblock the Notifications