रेल बजट में पेश हो सकता है ट्रेनों के X-Ray का प्रस्ताव

बताया जा रहा है कि लंबे समय से लंबित आरपीएफ जवानों के लिए एक नई प्रशिक्षण अकैडमी के प्रस्ताव को भी रेल बजट 2014-15 में शामिल किए जाने की संभावना है। रेल मंत्री सदानंद गौड़ आगामी 8 जुलाई को रेल बजट पेश करेंगे। केंद्र की नई राजग सरकार का यह पहला रेल बजट होगा।
रेलवे के सूत्रों ने बताया कि ट्रैकसाइड एक्सरे सिस्टम उपयुक्त स्थानों पर पटरियों के साथ स्थापित किए जाएंगे। इससे इंजन, कोच और डिब्बों के कलपुर्जों में गड़बड़ियों का पता लगाया जा सकेगा। यह एक्सरे प्रणाली बियरिंग, पहियों और ब्रेक डिस्क के अत्यधिक गर्म होने का भी पता लगा सकेगी।
रेल मंत्री सदानंद गौड़ा सुरक्षा मानकों में सुधार से संबंधित काकोदकर समिति की सिफारिशों को लागू करने पर भी जोर देते रहे हैं। मानवरहित क्रॉसिंग को चरणबद्ध तरीके से खत्म करना इस समिति की ओर से की गई एक प्रमुख सिफारिश है। गौड़ा के पहले रेल बजट में इसे भी स्थान मिल सकता है। देश में करीब 12,000 मानवरहित क्रॉसिंग हैं, जहां सबसे अधिक ट्रेन दुर्घटनाएं होती हैं। इन स्थानों पर कुल रेल हादसों के 40 फीसदी मामले होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications