'बिलकिस बानो के दोषियों का सम्मान किया जाना गलत था', देवेंद्र फडणवीस ने रिहाई पर कही ये बात
मुंबई, अगस्त 23। बिलकिस बानो रेप केस के दोषियों की रिहाई को लेकर गुजरात सरकार की आलोचना देशभर में हो रही है। कई विपक्षी पार्टियों ने दोषियों की रिहाई को गलत बताया है। हालांकि यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया है और दोषियों को फिर से जेल में डालने की मांग की गई है। इन सबके बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दोषियों की रिहाई पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी दोषियों को रिहा कर दिया गया, लेकिन उनकी रिहाई पर उन्हें सम्मानित करना गलता था।

क्या कहा देवेंद्र फडणवीस ने?
देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि बिलकिस बानो रेप केस के दोषियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी रिहा किया गया है, लेकिन उनको सम्मानित करना काफी गलता था, क्योंकि किसी भी अपराध के आरोपी व्यक्ति को "सम्मानित" किया जाना इस तरह के कृत्य का कोई औचित्य नहीं हो सकता है। आपको बता दें कि देवेंद्र फडणवीस भंडारा जिले की एक घटना पर विधान परिषद में चर्चा के दौरान जवाब दे रहे थे। इस घटना में एक 35 वर्षीय महिला का कथित रूप से तीन लोगों ने यौन उत्पीड़न किया है।
फडणवीस ने रिहाई का किया समर्थन!
हालांकि देवेंद्र फडणवीस ने इस दौरान दोषियों की रिहाई को गलत नहीं ठहराया बल्कि उसका समर्थन किया। फडणवीस ने कहा कि बिलकिस बानो के मुद्दे को सदन में उठाने का कोई कारण नहीं है, क्योंकि उन्हें 20 साल बाद रिहा किया गया है, जिसमें से 14 साल वो जेल में रहे। फडणवीस ने कहा कि उनकी रिहाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद की गई है, लेकिन अगर किसी दोषी का इस तरह से सम्मान होता है तो वो गलत है।
आपको बता दें कि 2002 गुजरात दंगों के दौरन बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप हुआ था। दंगाईयों ने उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या भी कर दी थी। 21 जनवरी 2008 को मुंबई में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, लेकिन 14 साल बाद 15 अगस्त 2022 को सभी 11 दोषियों को गुजरात सरकार ने रिहा कर दिया। अब उनकी रिहाई को लेकर गुजरात सरकार की आलोचना हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications