Wrestlers Protest: बजरंग पूनिया ने वीडियो शेयर कर की भावुक अपील, देशवासियों से मांगा समर्थन
Wrestlers Protest: जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने देशवासियों से समर्थन मांगा है। बजरंग पूनिया ने भावुक वीडियो शेयर कर लोगों से अपील की है कि वह हमारा समर्थन करें।

Wrestlers Protest: स्टार भारतीय पहलवान बजरंग पूनिया ने देशवासियों से उनके प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए एक भावुक वीडियो शेयर किया है। बता दें कि कई पहलवान दिल्ली में जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
साक्षी मलिक, विनेश फोगाट के साथ एक वीडियो को शेयर करते हुए बजरंग पूनिया ने भावुक अपील करते हुए कहा कि हमने देश के गौरव के लिए लड़े, आज हम अपने चैंपियन की सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं। कृपया हमारा समर्थन कीजिए।
बजरंग पूनिया ने जो वीडियो शेयर किया है उसमे देखा जा सकता है कि बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक अलग-अलग मंच पर कुश्ती लड़ रहे हैं और जीत के बाद तिरंगा लहरा रहे हैं। इस वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिक्रिया दी है।
पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में लोग नारी शक्ति जिंदाबाद, पहलवान एकता जिंदाबाद,र जो हमसे टकराएगा चूर-चूर हो जाएगा के नारे लगा रहे हैं।
पहलवानों के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए कई किसान संगठन हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब से यहां पहुंचे। इन लोगों ने अपील की है कि जबतक पहलवानों के साथ न्याय नहीं होता है वह यहां से ना जाएं।
अमृतसर से पहलवानों के समर्थन में पहुंचे किसान बलबीर सिंह ने कहा कि बुधवार की रात को पहलवानों के साथ जो हुआ, उसके बाद हमे लगा कि हमारी बेटियों को हमारे समर्थन की जरूरत है। उन्होंने हमारे लिए मेडल जीता और उनके साथ इस तरह का बर्ताव हो रहा है। हमने फैसला लिया है कि जबतक इनके साथ न्याय नहीं होता है हम यहां से नहीं जाएंगे।
बता दें कि बुधवार की रात में पहलवानों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प देखने को मिली थी। दरअसल पहलवानों के लिए गद्दे और फोल्डिंग बेड यहां पहुंचा था, जिसे पुलिस ने रोक दिया, इसके बाद यहां पुलिस और पहलवानों के बीच झड़प हो गई थी।
विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने दावा किया कि उनके साथ गाली गलौज की गई, धक्कामुक्की की गई। दोनों को रोते हुए देखा गया था।












Click it and Unblock the Notifications