पहलवानों को मिली बृजभूषण के खिलाफ की गई FIR की कॉपी, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा देने का भी किया ऐलान
पिछले रविवार को बजरंग पुनिया और विनेश फोगट सहित कई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता पहलवानों ने जंतर-मंतर पर अपना धरना शुरू कर दिया था। सभी बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।

Wrestlers Protest: भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Singh)के खिलाफ पहलवानों ने प्रदर्शन तेज कर दिया है। पहलवान उनकी गिरफ्तारी से पहले किसी भी हालत में पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। वहीं अब इस बीच एक बड़ी जानकारी सामने आई है। रेसलर बजरंग पूनिया ने बताया कि उन्हें एफआईआर की कॉपी मिल गई है। कनॉट प्लेस थाने की पुलिस ने पहलवानों को सिर्फ एक एफआईआर दी है। पॉक्सो वाली FIR की कॉपी नहीं दी गई है।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा देने का किया ऐलान
दिल्ली पुलिस ने पहलवानों के साथ-साथ नाबालिग पहलवानों को भी सुरक्षा देने का ऐलान किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस सुरक्षा देने के लिए तैयार हो गई। बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Singh) के खिलाफ एक नाबालिग समेत कुल 7 खिलाड़ियों ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की है।
बृज भूषण सिंह ने रखा अपना पक्ष
शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डब्ल्यूएफआई प्रमुख बृज भूषण सिंह (Brij Bhushan Singh) ने कहा कि मैं निर्दोष हूं और जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं। मैं जांच एजेंसी को सहयोग करने के लिए तैयार हूं। मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और मैं सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करता हूं। उन्होंने आगे कहा, 'इस्तीफा कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन मैं अपराधी नहीं हूं। अगर मैं इस्तीफा देता हूं तो इसका मतलब होगा कि मैंने उनके (पहलवानों) आरोपों को स्वीकार कर लिया है। मेरा कार्यकाल लगभग समाप्त हो गया है। सरकार ने 3 सदस्यीय समिति बनाई है और चुनाव 45 दिनों में होंगे और चुनाव के बाद मेरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
बृजभूषण पर क्या हैं आरोप
दरअसल, कई महिला पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह (Brij Bhushan Singh) पर आरोप लगाया है कि उन्होंने पहलवानों का उत्पीड़न किया है। पहलवानों का कहना है कि हमलोग तीन महीने से न्याय की आस में हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई न ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर लिखी गई।












Click it and Unblock the Notifications