सागर हत्याकांड: पहलवान सुशील कुमार को 6 दिन की पुलिस कस्टडी
नई दिल्ली। ओलिंपिक मेडल विजेता रेस्लर सुशील कुमार और उसके एक साथी अजय को दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने रविवार को मुंडका से गिरफ्तार किया है। दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में पहलवान सागर धनखड़ की हत्या मामले में पिछले काफी दिनों से सुशील कुमार फरार चल रहे थे। पुलिस ने सुशील कुमार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगी। कोर्ट ने 6 दिनों की रिमांड दे दी है। मेट्रोपोलिटन मेजिस्ट्रेट दिव्या मल्होत्रा ने पुलिस हिरासत के आवेदन पर अपना फैसला सुनाया। हालांकि पुलिस ने 12 दिनों की रिमांड मांगी थी लेकिन कोर्ट ने 6 दिनों का ही दिया।

पुलिस ने कोर्ट में रिमांड की मांग रखते हुए कहा कि उसे सुशील कुमार का मोबाइल बरामद करना है। पुलिस ने यह भी कहा कि सुशील कुमार गवाहों को प्रभावित कर सकता है, क्योंकि वो काफी प्रभावशाली व्यक्ति है। तमाम अनुरोध के बावजूद सुशील कुमार सामने नहीं आया औऱ गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करता रहा।
आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस ने बताया कि जिस वक्त सुशील कुमार सागर को छत्रसाल स्टेडियम में पीट रहा था उस वक्त प्रिंस मोबाइल से वीडियो बना रहा था। पुलिस ने बताया कि जिस वीडियो में सागर (मृतक) को पीटा गया था, वो इसलिए बनाया गया था ताकि सुशील (आरोपी) का उसके सर्किल में प्रभाव बना रहे और कोई उसका विरोध न कर सके।












Click it and Unblock the Notifications