सुशील कुमार पर लगा था खाने में नशीला पदार्थ मिलाने का आरोप, जानिए क्या था 'डोप-कांड'?
नई दिल्ली, 28 मई। पहलवान सागर धनखड़ की हत्या के मामले में गिरफ्तार ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। उन पर खाने में 'नशीला पदार्थ' मिलाने जैसे संगीन आरोप भी लग चुके हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं जून 2016 की, जब देश में 'रियो ओलंपिक' की तैयारी चल रही थी। उस वक्त रेसलिंग फेडरेशन ने फैसला लिया था कि भारत की ओर से पहलवान नरसिंह यादव कुश्ती के 74 किलोग्राम वर्ग में ओलंपिक में दावेदारी पेश करेंगे।

विवादों का दूसरा नाम सुशील कुमार
फेडरेशन ने कहा था कि सुशील कुमार ने साल 2015 से किसी भी ट्रायल में हिस्सा नहीं लिया है, ऐसे में फिटनेस के मामले में नरसिंह यादव, उनके मुकाबले बेहतर च्वाइस हैं। इसलिए उन्हें ओलंपिक में जाने का मौका मिलना चाहिए। उस वक्त सुशील कुमार को ये बात बिल्कुल भी रास नहीं आई थी और इसलिए वो फेडरेशन के खिलाफ हाईकोर्ट जा पहुंचे थे लेकिन अदालत जाना उन्हें ही भारी पड़ गया था।
Recommended Video

सरकारी खर्चे पर जार्जिया गए थे सुशील कुमार
क्योंकि कोर्ट में सुनवाई के दौरान ये बात सामने आई थी कि सुशील कुमार को सरकारी खर्चे पर प्रैक्टिस के लिए फेडरेशन ने जार्जिया भेजा था लेकिन सुशील कुमार वहां पर भारतीय पहलवानों के साथ ट्रेनिंग करने बजाय जार्जिया रेसलर संग प्रैक्टिस करते देखे गए थे। जो कि फेडरेशन के नियमों का उल्लंघन है। इस बात को लेकर सुशील कुमार कई दिनों तक आलोचनाओं के घेरे में रहे थे। इसके बाद कोर्ट ने सुशील कुमार की याचिका को खारिज कर दिया था।

नरसिंह यादव ने लगाए थे सुशील कुमार पर संगीन आरोप
उस वक्त कोर्ट में मामले की सुनवाई दो हफ्ते तक चली थी और इस दौरान बनारस के पहलवान नरसिंह यादव और सुशील कुमार के बीच खूब कहा-सुनी हुई थी और दोनों ने एक-दूसरे पर कई तरह के भद्दे आरोप लगाए थे।
नरसिंह यादव डोप टेस्ट में हुए थे फेल
हालांकि याचिका खारिज होने के बाद नरसिंह यादव के साथ एक अप्रत्याशित घटना घटी। वो ओलंपिक में जाने से ठीक पहले हुए डोप टेस्ट में फेल हो गए थे। उनके खून में प्रतिबंधित दवा के अंश मिले थे। जांच में पाया गया था कि ये प्रतिबंधित दवा उन्हें भोजन में दी गई है, जिसकी वजह से उनके ब्लड में 'मिथाएंडीनोन' पॉजिटिव मिला था।

नरसिंह ने कहा था-जो कुछ हुआ सुशील कुमार के कहने से हुआ
'डोप टेस्ट' में फेल होने के बाद नरसिंह यादव को चार साल के लिए बैन कर दिया गया था। नरसिंह ने इसके लिए सुशील कुमार और उनके दल पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें जानबूझकर फंसाया गया है, सुशील कुमार ने ही उनके खाने में 'नशीला पदार्थ' मिलवाया है। हालांकि सुशील कुमार ने उस वक्त नरसिंह यादव को छोटा भाई कहते हुए कहा था कि 'वो ये सबकुछ सदमे में कह रहे हैं, मैं उन्हें माफ करता हूं।'
कोच सतपाल ने नरसिंह के परिवार को दी थी धमकी
लेकिन नरसिंह और उनके परिवार वालों ने सुशील कुमार को ही इन बातों के लिए जिम्मेदार ठहराया था। जिस पर सुशील के गुरु महाबली सतपाल ने धमकी देते हुए कहा था कि 'अगर सुशील कुमार का नाम डोपिंग विवाद में आया तो नरसिंह यादव पर केस करेंगे।' हालांकि इस विवाद के बाद नरसिंह की जगह प्रवीण राणा का नाम ओलंपिक में भेजा गया था।

सुशील कुमार पर लगा है हत्या का आरोप
आपको बता दें कि सुशील पर अन्य पहलवान सागर धनखड़ की हत्या का आरोप है। हाल ही में सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुंडका इलाके से गिरफ्तार किया था। सुशील कुमार काफी दिनों फरार चल रहे थे।उन पर एक लाख का ईनाम भी रख गया था।












Click it and Unblock the Notifications