आज ही लोकसभा में पेश होगा महिला आरक्षण बिल, 20 सितंबर को चर्चा तो 21 को राज्यसभा में किया जाएगा पेश: सूत्र
Women Reservation Bill: सूत्रों के हवाले से ये खबर आई है कि महिला आरक्षण बिल आज ही लोकसभा में पेश किया जाएगा। इस बिल को कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल पेश करेंगे। विधेयक को सदन में पारित कराने के लिए कल 20 सितंबर को चर्चा होगी। वहीं 21 सितंबर को राज्यसभा में इस बिल को पेश किया जाएगा। हालांकि, अभी इस पर आधिकारिक बयान आना बाकी है।
वहीं मोदी सरकार द्वारा इस बिल का लाए जाने पर प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इस मामले पर जवाब दिया है।कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी जब संसद भवन पहुंची तो वहां मौजूद पत्रकारों ने उनसे महिला आरक्षण बिल पर उनकी राय पूछी तो उन्होंने कहा कि इसके बारे में क्या कहना? ''ये तो हमारा है, ये अपना है''।

अधीर रंजन ने सोनिया गांधी को दिया क्रेडिट
वहीं कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिला आरक्षण विधेयक जल्द से जल्द लाया और पारित किया जाए। महिला आरक्षण विधेयक की मांग यूपीए और हमारी नेता सोनिया गांधी ने शुरू की थी। इसमें इतना समय लग गया, लेकिन हम करेंगे। अगर इसे पेश किया जाए तो खुश होइए। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस के संचार प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि पार्टी लंबे समय से संविधान 108वें संशोधन विधेयक, 2008 विधेयक को लागू करने की मांग कर रही है।
जानें क्या है महिला आरक्षण बिल?
महिला आरक्षण बिल में महिलाओं के लिए लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण के लिए एक प्रस्ताव है। हालांकि, इन 33 फीसदी कोटे में से एक तिहाई सीटों पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के आरक्षण की भी बात कही गई है।
वहीं विधेयक में यह भी प्रस्ताव दिया गया है कि हर आम चुनाव के बाद आरक्षित सीटों को रोटेट किया जाना चाहिए। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में आरक्षित सीटों को रोटेशन द्वारा आवंटित किया जा सकता है। पिछले साल दिसंबर में सरकार की ओर से पेश किए गए डेटा के मुताबिक, मौजूदा समय में लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या 78 है, जो कुल सांसदों की संख्या का 15 फीसदी है। वहीं, राज्यसभा में 14 प्रतिशत महिला सांसद हैं।












Click it and Unblock the Notifications