कश्मीरी महिलाओं की प्रेरक कहानियों और अनुभवों के नाम रहा चिनार पुस्तक महोत्सव का पाँचवां दिन, वरिष्ठ कलाकार राकेश बेदी ने अपने हास्य और अनुभव से किया दर्शकों को प्रेरित
श्रीनगर में चिनार बुक फेस्टिवल के पांचवें दिन कश्मीर की महिला नेताओं का उत्सव मनाया गया, जिसमें प्रशासन, उद्यमिता, पत्रकारिता और युवा नेतृत्व शामिल थे। सत्रों में संसद, कला और सामुदायिक सक्रियता की आवाजों को शामिल किया गया, जिसमें महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता, सांस्कृतिक जड़ों और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में नेतृत्व के लिए सहायक नेटवर्क के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
श्रीनगर के एसकेआईसीसी में आयोजित तृतीय चिनार पुस्तक महोत्सव का पाँचवां दिन उस स्त्री स्वर के नाम रहा, जिनके नेतृत्व ने घाटी में बदलाव को प्रेरणा दी। अपने संघर्ष, चुनौतियों और हौंसले की कहानी सुनाने वाली ये महिलाएं प्रशासन, उद्यमिता, पत्रकारिता एवं युवा नेतृत्व का प्रतिनिधित्व कर रहीं थीं।

दिन की शुरुआत ‘यंग वॉइसेज ऑफ कश्मीर : ब्राइट माइंड्स, बोल्ड फ्यूचर्स’ सत्र से हुई। इसमें जम्मू-कश्मीर से संसद प्रतिनिधि 2025, युवा नेता एवं सार्वजनिक वक्ता रावहान रफीक बहरू, लेखिका, कलाकार एवं बच्चों के लिए आर्ट बेस्ड इमोशनल लर्निंग इनिशिएटिव ‘प्रगाश’ की संस्थापक रिधाक्षी गंजू तथा डिजिटल मार्केटिंग एवं जनसंपर्क एजेंसी की संस्थापक उद्यमी कैनात भट्ट ने भाग लिया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय मंचों पर कश्मीर का प्रतिनिधित्व करने, कला को उपचार और अभिव्यक्ति का माध्यम बनाने तथा घाटी में उद्यम स्थापित करने तक की अपनी विविध यात्राओं को साझा किया। चर्चा में कश्मीर के युवाओं की बदलती पहचान, सांस्कृतिक जड़ों को सहेजते हुए नए अवसरों को अपनाने की आवश्यकता पर भी विचार किया गया।
वरिष्ठ अभिनेता श्री राकेश बेदी का विशेष सत्र ‘ड्रामा, धमाल एंड डायलॉग’ आज का खास आकर्षण रहा। उनके साथ डॉ. अमित वांचू ने रोचक संवाद किया। अपने बचपन की एक स्मृति साझा करते हुए श्री बेदी ने बताया कि सात-आठ वर्ष की आयु में रामलीला देखते समय उन्होंने साधारण लोगों को मंच पर पूजनीय पात्रों का रूप धारण करते देखा। यही उनके लिए अभिनय के "जादू" से परिचित कराने वाला अनुभव बना, जिसने उन्हें अभिनय की दुनिया में आने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को शुरुआत में ही अपनी रुचियों की पहचान करनी चाहिए और केवल पारंपरिक करियर विकल्पों तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। जहाँ पहले चिकित्सा, इंजीनियरिंग और विधि जैसे सीमित विकल्प थे, वहीं आज कला, रचनात्मकता, उद्यमिता और कई नए क्षेत्र युवाओं के लिए असीम संभावनाएँ उपलब्ध करवा रहे हैं।
अपने लोकप्रिय धारावाहिक ‘श्रीमान श्रीमती’ के चर्चित पात्र दिलरुबा का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी चुनौती इस पात्र को हास्यपूर्ण, विशिष्ट के साथ ही पारिवारिक गरिमा के अनुरूप प्रस्तुत करना था। दर्शकों की विशेष मांग पर उन्होंने दिलरुबा के अंदाज़ में संवाद प्रस्तुत कर सभी का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने अपनी हालिया फिल्म ‘धुरंधर’ के पात्र जमील जमाली को भी याद किया और फिल्म का लोकप्रिय संवाद, "फिक्र मत कर यार, बच्चा है तू मेरा, मैं हूँ ना।" सुनाकर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।
कश्मीर के एक रंगकर्मी के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने घाटी में दोबारा आकर स्थानीय कलाकारों के साथ रंगमंच कार्यशालाएँ आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पाठ्यपुस्तकें करियर बनाती हैं, जबकि साहित्य व्यक्तित्व का निर्माण करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए चिनार पुस्तक महोत्सव के अभियान "नो टू ड्रग्स, यस टू बुक्स" को सामूहिक रूप से दोहराने का आग्रह किया।
सत्र का समापन राकेश बेदी और उनके प्रशंसकों के बीच जोशपूर्ण संवाद के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न आयुवर्ग के दर्शकों, विद्यार्थियों एवं रंगकर्मियों ने भाग लिया। अंत में सभी ने महोत्सव के संदेश "मिलकर पढ़ेंगे, मिलकर बढ़ेंगे" को दोहराते हुए सामूहिक सीखने और प्रगति का संकल्प लिया।
‘डॉटर्स ऑफ द वैली : वॉइसेज, विजन एंड लेगेसी’ सत्र में कश्मीर की उन महिलाओं के प्रेरक सफर पर चर्चा हुई, जिन्होंने अपने साहस, उपलब्धियों और नेतृत्व से समाज में परिवर्तन की नई मिसाल कायम की है। कुसुम टिक्कू के संचालन में आयोजित इस सत्र में पहलगाम की उद्यमी एवं हॉस्पिटेलिटी की विशेषज्ञ गुरप्रिया कौर मारवाह, पत्रकार, लेखिका एवं सामाजिक चिंतक पीरज़ादा मसरत शाह तथा उद्यमी एवं चेंजमेकर अस्मा इक़बाल ने भाग लिया। वक्ताओं ने सामाजिक बाधाओं को पार करने, अपनी जड़ों से पुनः जुड़ने, कश्मीर में करियर स्थापित करने तथा अन्य महिलाओं के लिए नए अवसर पैदा करने के अपने अनुभव साझा किए। चर्चा में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, सहयोगी तंत्र के महत्व तथा आज की कश्मीरी महिलाओं की परिवर्तनकारी भूमिका पर विशेष बल दिया गया।
‘माई क्रिएटिव जर्नी : मीट द ऑथर्स’ सत्र में कथाकार प्रो. ख़ालिद जावेद तथा कवि, कथाकार एवं संपादक खुर्शीद अकरम ने डॉ. फ़ैज़ानुल हक़ (एनसीपीयूएल) के साथ संवाद करते हुए अपनी रचनात्मक प्रक्रिया, प्रेरणा स्रोत तथा मानवीय चेतना पर बात करते हुए साहित्य की भूमिका पर विचार साझा किए।
‘वीमेन हू लीड : शेपिंग इंडिया'ज़ फ्यूचर’ सत्र में तीन वरिष्ठ महिला प्रशासकों ने नेतृत्व, संघर्ष और सार्वजनिक जीवन में महिलाओं की बदलती भूमिका पर चर्चा की। इस सत्र में प्रशिक्षण निदेशालय की अतिरिक्त महानिदेशक एवं भारतीय राजस्व सेवा (2001 बैच) की अधिकारी मोनिका धामी, आयकर आयुक्त एवं भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी ऋतु शर्मा तथा बांडीपोरा की उपायुक्त इंदु कंवल चिब (जेकेएएस) ने भाग लिया।
वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि परिवार का सहयोग, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास महिलाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएँ देने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि करियर और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने वाली महिलाओं के लिए सामाजिक और संस्थागत सहयोग को और सशक्त बनाया जाना चाहिए। चर्चा में यह भी रेखांकित किया गया कि नेतृत्व का आधार निर्णय क्षमता, ईमानदारी, निष्पक्षता और दक्षता है। उनका मानना था कि इन गुणों से संपन्न महिलाएँ ही प्रशासन में सहयोगात्मक, संवेदनशील एवं समावेशी दृष्टिकोण लेकर आती हैं। सत्र में ऐसे अनुकूल वातावरण के निर्माण पर बल दिया गया जहाँ महिलाएँ अपने पेशेवर और व्यक्तिगत दायित्वों के बीच किसी प्रकार का समझौता किए बिना आगे बढ़ सकें।
इस सत्र में घाटी के विभिन्न इलाकों से आई छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने वक्ताओं से विचारोत्तेजक प्रश्न पूछे तथा अपने सपनों, आकांक्षाओं और चुनौतियों को साझा किया। चिल्ड्रन्स कॉर्नर में दिन भर 2,500 से अधिक बच्चों ने विविध रचनात्मक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। दिन की शुरुआत मालेहा लियाक़ के स्टोरीटेलिंग सेशन में कश्मीरी लोककथा ‘अकह कथा’ से हुई। इसके बाद बच्चों ने कश्मीरी लोककथा ‘शलाख मलाखा’ की रोचक प्रस्तुति के माध्यम से क्षेत्रीय लोककथाओं, पात्रों और संस्कृति को जाना। शिवानी और सौरभ मेहता द्वारा आयोजित ‘थिंक एंड राइट विद कबीर’ सत्र में विद्यार्थियों ने संत कबीर के जीवन और दर्शन को समझा तथा उनसे प्रेरित होकर अपनी शायरी और दोहों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कटरेशी फोक थिएटर, इंदर कल्चरल फोरम, दिलकश ड्रामेटिक क्लब, आलमदार, लुक पैंथर सेंटर, परवीना आज़ाद, फिरदौस ड्रामेटिक क्लब, काज़ी रफी तथा कश्मीरी सूफियाना गर्ल्स ग्रुप की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। रंगमंच, लोकसंगीत और सूफियाना संगीत की इन प्रस्तुतियों ने जम्मू-कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।


Click it and Unblock the Notifications
