क्या अब UPI पेमेंट करने पर कटेगा पैसा? वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बता दी A TO Z डिटेल, जानिए पूरा सच
UPI payments: स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाला हर भारतीय आजकल एक ही सवाल पूछ रहा है-क्या UPI से पेमेंट करना अब महंगा होने वाला है? क्या अब हर UPI ट्रांजैक्शन पर चार्ज देना पड़ेगा? सोशल मीडिया से लेकर चाय की दुकानों तक यह चर्चा तेज है।
तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद के उच्च सदन राज्यसभा में पूरी बात साफ कर दी है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि आम जनता और ग्राहकों के लिए UPI पेमेंट पहले की तरह ही पूरी तरह मुफ्त रहेगा। असल में पूरी चर्चा मर्चेंट डिस्कॉउंट रेट (MDR) शुरू हुई है।

UPI में आम यूजर के लिए क्या बदला?
सबसे पहले जानिए- क्या UPI करने पर ग्राहक से पैसा कटेगा? इसका सीधा जवाब है नहीं। निर्मला सीतारमण ने कहा कि आम ग्राहक UPI से पेमेंट करता रहेगा और उसके खाते से UPI ट्रांजैक्शन चार्ज के नाम पर पैसा नहीं काटा जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यह भी साफ किया कि छोटे दुकानदारों और कम रकम वाले ज्यादातर मर्चेंट पेमेंट भी फ्री रखने की सरकार की सोच है। यानी सड़क किनारे सामान बेचने वाले दुकानदार से लेकर रोजमर्रा के छोटे पेमेंट तक, हर UPI ट्रांजैक्शन पर अचानक फीस लगने की बात सही नहीं है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "क्या आम ग्राहकों को UPI इस्तेमाल करने पर कोई फीस देनी होगी? बिल्कुल नहीं! ग्राहक बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के पहले की तरह तुरंत पेमेंट करते रहेंगे। साल 2016 में जब से UPI शुरू हुआ है, यह जनता के लिए हमेशा फ्री रहा है और आगे भी फ्री ही रहेगा।"
फिर MDR की चर्चा क्यों हो रही है? (What Is MDR On UPI)
असल कहानी यहीं से शुरू होती है। MDR यानी मर्चेंट डिस्कॉउंट रेट वह फीस है, जो डिजिटल पेमेंट के प्रोसेस होने पर मर्चेंट और पेमेंट सिस्टम से जुड़े पक्षों के बीच लागू हो सकती है। अभी UPI के लिए आम तौर पर MDR नहीं लिया जाता। 2019 में Payment and Settlement Systems Act में ऐसा प्रावधान जोड़ा गया था, जिसके तहत तय इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट माध्यमों के इस्तेमाल पर बैंक या सिस्टम प्रोवाइडर सीधे या अप्रत्यक्ष तौर पर चार्ज नहीं लगा सकते थे।
अब प्रस्तावित बदलाव इस व्यवस्था को बदलने की कानूनी गुंजाइश तैयार करता है। इसका मतलब यह नहीं कि सरकार ने तुरंत कोई नया UPI चार्ज लागू कर दिया है। यानी कानून में रास्ता बनना और चार्ज लागू होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
क्या हर UPI ट्रांजैक्शन पर MDR लगेगा?
यह भी समझना जरूरी है कि सरकार ने फिलहाल हर UPI पेमेंट पर MDR लगाने की कोई अंतिम दर तय नहीं की है। सीतारमण के मुताबिक, आगे अगर MDR लागू करने का फैसला होता है तो यह कुछ चुनिंदा मर्चेंट कैटेगरी या तय सीमा से ऊपर के ट्रांजैक्शन तक सीमित हो सकता है।
इसका दायरा और स्ट्रक्चर बाद में तय होगा। यानी अभी यह कहना कि "अब UPI से पेमेंट करने पर हर बार चार्ज कटेगा", सही तस्वीर नहीं है। सबसे अहम बात यह है कि MDR की अंतिम दर और किन ट्रांजैक्शन पर यह लागू होगा, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है। आगे इस पर NPCI से जुड़ी UPI and Services Steering Committee की भूमिका होगी।
जुलाई में UPI ने बनाया रिकॉर्ड, 29.9 लाख करोड़ का पेमेंट
UPI आज भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम का सबसे बड़ा हिस्सा बन चुका है। जुलाई 2026 में UPI के जरिए करीब 2,366 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए। इनकी कुल वैल्यू करीब 29.9 लाख करोड़ रुपये रही। यही वजह है कि UPI के बिजनेस मॉडल और इसके इंफ्रास्ट्रक्चर की लागत को लेकर बहस बढ़ रही है।
इतने बड़े पैमाने पर ट्रांजैक्शन प्रोसेस करने के लिए बैंक, पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर और टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार काम करते हैं। सीतारमण ने छोटे कारोबारियों, रेहड़ी-पटरी वालों की भूमिका का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि ऐसे छोटे कारोबारियों ने UPI को देशभर में लोकप्रिय बनाने में बड़ा योगदान दिया है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
राज्यसभा में वित्त मंत्री सीतारमण ने UPI की शुरुआत को लेकर पुराने राजनीतिक विरोध पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और उनके साथियों पर तंज कसते हुए कहा कि जब UPI शुरू हुआ था, तब इसकी सफलता को लेकर सवाल उठाए गए थे। आज वही सिस्टम बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है। वित्त मंत्री सीतारमण ने यह भी बताया कि UPI अब 11 देशों में उपलब्ध है। यानी यह सिर्फ भारत के भीतर इस्तेमाल होने वाला पेमेंट सिस्टम नहीं रह गया है।
UPI चार्ज के मुद्दे पर CPI-M सांसद जॉन ब्रिटास को लेकर भी सदन में तीखी बहस हुई। वित्त मंत्री सीतारमण ने आरोप लगाया कि ब्रिटास ने सरकार पर UPI फीस लगाने का फैसला करने का आरोप लगाया, लेकिन उनका जवाब सुनने के लिए सदन में मौजूद नहीं रहे।
वित्त मंत्री सीतारमण ने बेहद तीखे अंदाज में विपक्ष पर आरोप लगाया कि बिना पूरे तथ्यों के आरोप लगाना और फिर जवाब के वक्त सदन से बाहर चले जाना सही तरीका नहीं है। उन्होंने विपक्ष से UPI को लेकर लोगों के बीच भ्रम नहीं फैलाने की अपील भी की।
इस बिल में सिर्फ UPI ही नहीं, और क्या है?
Taxation and Other Laws (Amendment) Bill, 2026 सिर्फ UPI से जुड़ा कानून नहीं है। इसमें विदेशी निवेश, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और डेटा सेंटर से जुड़े कई बदलाव भी हैं। लोकसभा ने 6 अगस्त को बिल पास किया था।
सरकार का मकसद भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देना और विदेशी कंपनियों के लिए निवेश का माहौल आसान बनाना है। प्रस्ताव में विदेशी कंपनियों को भारत में कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग के जरिए इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने पर टैक्स से जुड़ी राहत को 2040-41 तक बढ़ाने की बात है।
इसमें मोबाइल फोन, लैपटॉप, पर्सनल कंप्यूटर, टैबलेट, सर्वर और उनके कुछ अहम पार्ट्स जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान शामिल हैं।
विदेशी कंपनियों को भारत में इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के लिए कस्टम्स वेयरहाउसिंग से जुड़ी टैक्स राहत देने और भारतीय डेटा सेंटर इस्तेमाल करने वाली विदेशी क्लाउड कंपनियों के लिए नियम आसान बनाने का भी प्रस्ताव है। डेटा सेंटर को केवल खुद की जमीन या बिल्डिंग पर चलाने की जगह लीज मॉडल को भी मंजूरी देने का प्रस्ताव रखा गया है।


Click it and Unblock the Notifications
