COVID-19 JN.1 Variant: क्या फिर से आने वाली कोरोना के नए वेरिएंट की लहर? जानिए एक्सपर्ट ने क्या बताया
COVID-19 JN.1 Variant, देश में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। ओमिक्रॉन के नए वेरिएंट जेएन.1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने स्क्रीनिंग और निगरानी करने की एडवाइजरी जारी की है।
जिसमें सभी राज्यों से स्क्रीनिंग बढ़ाने, इन्फ्लूएंजा जैसी गंभीर श्वसन बीमारियों के मामलों की तुरंत रिपोर्ट करने, आरटी-पीसीआर टेस्ट को बढ़ाने और जीनोम अनुक्रमण के लिए पॉजिटिव नमूने इकट्ठे करने को कहा गया है।

नए JN.1 वेरिएंट को लेकर बॉम्बे हॉस्पिटल के सलाहकार चिकित्सक डॉ. गौतम भंसाली ने बताया कि, JN.1 ओमिक्रॉन वेरिएंट का एक परिवार है, जो एक बहुत ही हल्का वेरिएंट है। यह सामान्य फ्लू या वायरल बुखार की तरह ही है, इसमें चिंता की कोई बात नहीं है। मामलों में वृद्धि हो सकती है, लेकिन कोई लहर नहीं होगी।
डॉ. गौतम भंसाली ने कहा कि, ओमीक्रॉन वेरिएंट ने दुनिया भर में कहर बरपाया था, लेकिन भारत में प्रभावित लोग घर पर ही आसानी से ठीक हो गए क्योंकि हमारी 80% आबादी को डबल टीका लगाया गया था। टीकाकरण एक और लहर को रोकने में प्रमुख भूमिका निभाएगा।
गौतम भंसाली ने बताया कि, कोरोना के इस JN.1 वेरिएंट से बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और अत्यधिक सह-रुग्ण चिकित्सा स्थितियों वाले लोगों को बहुत सावधान रहने की जरूरत है क्योंकि उनकी प्रतिरक्षा कम होती है।
JN.1 वेरिएंट
कोरोना के इस नए सब वैरिएंट JN.1 का सबसे पहला केस अगस्त में लक्जमबर्ग में पाया गया था। जिसके बाद यह धीरे-धीरे 36 से 40 देशों में फैल गया। कहा जा रहा है कि यह सब वैरिएंट पिरोला वैरिएंट (बीए 2.86) से जुड़ा हुआ है,जिसे ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट का ऑफशूट कहा जाता है। कोरोना के इस नए-वैरिएंट के लक्षणों में बुखार,गले में खराश, नाक बहना और कुछ मामलों में, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं शामिल हो सकती हैं।
डब्ल्यूएचओ ने इसके तेजी से बढ़ते प्रसार को देखते हुए, JN.1 को "वेरिएंट ऑफ़ इंटरेस्ट" के रूप में वर्गीकृत किया है। डब्ल्यूएचओ का कहना है कि JN.1 सब-वैरिएंट के सामने आने से कोरोना के मामलों में वृद्धि हो सकती है, खासकर उन देशों में जहां सर्दी अधिक पड़ती है। जेएन.1 वैरिएंट 41 देशों में फैल चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, जेएन.1 मामलों के सबसे बड़े अनुपात वाले देश फ्रांस, संयुक्त राज्य अमेरिका, सिंगापुर, कनाडा, ब्रिटेन और स्वीडन हैं।












Click it and Unblock the Notifications