पाकिस्तान से भारत लौटते ही क्या जेल जाएगी अंजू? पति बोले- एक पति के होते दूसरी शादी कानूनन जुर्म है
Anju Nasrullah Update News: राजस्थान के अलवर की रहने वाली अंजू, जो जुलाई 2023 में अपने फेसबुक मित्र नसरुल्लाह से मिलने के लिए पाकिस्तान गई थी, वो अब इस महीने के आखिर में भारत लौटने वाली हैं। बताया जा रहा है कि अंजू भारत आते ही जेल जा सकती हैं।
34 वर्षीय महिला, जिसे अब फातिमा के नाम से जाना जाता है, जुलाई से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में रह रही है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक अंजू ने इस्लाम धर्म अपना लिया है और अपने फेसबुक मित्र नसरुल्लाह से शादी कर ली है। अंजू अपने पति अरविंद और बच्चों को बिना बताए, पाकिस्तान चली गई थी।

बच्चों के लिए भारत लौट रही हैं अंजू
अब अंजू को अपने बच्चों की याद सता रही है, इसलिए वो इसी महीने आखिर में वापस भारत लौट आएंगी। एक इंटरव्यू में अंजू ने बताया है कि वो भारत लौटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अंजू ने कहा कि वो भारत आकर लोगों के सवालों का जवाब देने को भी तैयार हैं। अंजू का कहना है कि वो अपने बच्चों की खातिर लौट रही हैं।
समाचार एजेंसी पीटीआई को फोन पर दिए इंटरव्यू में अंजू के पति नसरुल्लाह ने खुलासा किया कि उनकी पत्नी "मानसिक रूप से परेशान हैं और अपने बच्चों को बुरी तरह याद कर रही हैं"।
नसरुल्ला ने कहा, "वह मानसिक रूप से परेशान है और अपने बच्चों को बुरी तरह याद कर रही है और उसके पास वापस जाने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।" उन्होंने उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए चिंता व्यक्त की और कहा कि उनके लिए अपने बच्चों के लिए भारत लौटना बेहतर होगा। उसके दो बच्चे हैं, एक 15 साल की बेटी और एक छह साल का बेटा।
नसरुल्लाह ने बताया कि पाकिस्तान में आवश्यक दस्तावेजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंजू भारत लौट आएंगी। उसने यह भी कहा कि अगर उसे वीजा मिल जाए तो वह उसके साथ जा सकता है।
क्या भारत आते ही जेल जाएंगी अंजू?
लेकिन यहां सबसे बड़ा सवाल है कि क्या अंजू को भारत लौटते ही अब जेल जाना पड़ेगा? अंजू के पहले पति अरविंद का दावा है कि अगर अंजू वापस भारत आती है तो वो उसे वो जेल भेजकर रहेंगे। अरविंद का कहना है कि, अभी अंजू और उनका तलाक नहीं हुआ था, और हिंदू धर्म के मुताबिक एक पति के होते हुए दूसरी शादी करना, कानूनन जुर्म है।
वहीं अंजू का कहना है कि वो तीन साल पहले ही अरविंद से तलाक की अर्जी दायर कर चुकी हैं। हालांकि अरविंद ने इस बात से इनकार किया है। अरविंद का कहना है कि उसके पास आज तक कोई तलाक के पेपर नहीं आया है। इसलिए वो अभी भी पति-पत्नी हैं।












Click it and Unblock the Notifications