'राम जी को अकेला मत छोड़िए...', रामायण की 'सीता' ने राम मंदिर के उद्घाटन से पहले PM मोदी से कह दी ये बड़ी बात
Dipika Chikhlia: रामानंद सागर की प्रतिष्ठित टीवी शो 'रामायण' में माता सीता का करिदार निभाने वाली दीपिका चिखलिया को 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को भी आमंत्रित किया गया है।
राम मंदिर के उद्घाटन से पहले दीपिका चिखलिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ऐसी गुजारिश की है, जो चर्चाओं में आ गई है। राम मंदिर के प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलने के बाद दीपिका चिखलिया पीएम नरेंद्र मोदी से मीडिया चैनल के जरिए एक गुजारिश की है।

आजतक से बात करते हुए दीपिका चिखलिया ने कहा, "मुझे हमेशा लगा कि रामजी के बगल में मां सीताजी की मूर्ति होगी। मैं हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश करना चाहती हूं कि वो अयोध्या में राम के साथ सीताजी की मूर्ति को भी विराजमान करें।"
दीपिका चिखलिया ने आगे कहा, ''मैं दरख्वास्त करती हूं कि रामजी को अकेला मत छोड़िए। मुझे क्या सभी महिलाओं को खुशी होगी अगर रामजी के साथ सीता मां को भी रखा जाए।''
हालांकि इसपर अभी तक राम मंदिर ट्रस्ट या सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। असल में राम मंदिर में गर्भ गृह में भगवान राम के बाल स्वरूप की मूर्ति होगी।
70 एकड़ में फैले राम मंदिर का 22 जनवरी 2024 को उद्घाटन होने वाला है। राम मंदिर पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा "प्राण प्रतिष्ठा" या राम लला की मूर्ति के अभिषेक समारोह के बाद जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
दीपिका चिखलिया और अरुण गोविल के अलावा, कई फिल्मी हस्तियां भी शामिल होंगी। इस समारोह के लिए कथित तौर पर अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, अक्षय कुमार, रजनीकांत, संजय लीला भंसाली, चिरंजीवी, मोहनलाल, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अजय देवगन, सनी देओल, प्रभास, यश और ऋषभ शेट्टी को भी आमंत्रित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications