पाकिस्तानी बिजनेसमैन ने अंजू को क्यों दी जमीन और नौकरी, कौन हैं वो?
भारत के राजस्थान की रहने वाली अंजू इन दिनों पाकिस्तान में अपने एक फेसबुक फ्रेंड से मिलने गई हुई हैं, जिसको लेकर वो सुर्खियों में बनी हुई हैं। दावा किया जा रहा है कि भारतीय महिला अंजू ने अपने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्लाह शादी कर ली और इस्लाम धर्म अपना लिया है। अंजू ने अपना नाम बदलकर फातिमा कर लिया है।
अंजू का पाकिस्तान में स्वागत करने के लिए पाकिस्तानी बिजनेसमैन ने अंजू को अपनी कंपनी में नौकरी का ऑफर दिया है और एक जमीन का प्लॉट भी दिया है।

क्यों अंजू पर मेहरबान हुए पाक बिजनेसमैन
पाक स्टार ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीईओ मोहसिन खान अब्बासी ने कहा कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि अंजू को पाकिस्तान में कोई समस्या न हो और उन्हें घर जैसा महसूस हो।
बिजनेसमैन अब्बासी ने कहा कि उनकी कंपनी के बोर्ड सदस्यों ने अंजू को घर बनाने के लिए शहर में 272 वर्ग फुट का प्लॉट देने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ने ये फैसला अंजू का पाकिस्तान में रहने और इस्लाम धर्म अपनाने के लिए स्वागत के तौर पर किया है।
बिजनेसमैन अब्बासी ने कह कि एक बार भारत से फातिमा के दस्तावेजों के संबंध में कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाने के बाद, उनकी कंपनी पाक स्टार ग्रुप उसे अपने रियल एस्टेट बिजनेस में नौकरी की पेशकश करेगी।
बिजनेसमैन अब्बासी अंजू और नसरुल्ला से मिलने उनके आवास पर भी गए और उन्हें जमीन की पेशकश की। उसने उन्हें एक चेक भी दिया। हालांकि वो चेक कितने का था, इसका पता नहीं चल पाया है।
अन्य लोगों से भी बिजनेसमैन अब्बासी ने की ये अपील
अब्बासी ने पाकिस्तानी सरकार और देश के अन्य संपन्न व्यापारियों से फातिमा (अंजू) और नसरुल्ला के परिवार का समर्थन करने के लिए भी कहा। उन्होंने नवविवाहित जोड़े को उपहार देने का भी आह्वान देश के अन्य बड़े लोगों से किया है।
अब्बासी ने इस्लाम धर्म अपनाने और नसरुल्लाह से शादी करने के लिए भारत में अपना घर और परिवार छोड़ने के बाद फातिमा (अंजू) का स्वागत करने पर जोर दिया है। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी यात्रा दूसरों को इस्लाम अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
कौन है अंजू?
अंजू मूल रूप से राजस्थान के भिवाड़ी जिले की रहने वाली है और वह पाकिस्तान में अपने फेसबुक फ्रेंड नसरुल्लाह से मिलने के लिए उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत गई थी। उसने अपने पति अरविंद को बताया कि वह कुछ दिनों के लिए जयपुर जा रही है, लेकिन बाद में अरविंद को मीडिया के जरिए पता चला कि वह पाकिस्तान में है।
पाकिस्तानी मीडिया ने बताया कि अंजू ने इस्लाम धर्म अपना लिया और कुछ दिनों बाद नसरुल्लाह से शादी कर ली। अंजू इस्लाम अपनाने के बाद फातिमा नाम से जानी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications