किरेन रिजिजू ने तोड़ी चुप्पी, बताया- 'पीएम मोदी ने क्यों उन्हें कानून मंत्री के पद से हटाया'
Why Kiren Rijiju removed: कानून मंत्री के पद से हटाए जाने के बाद विपक्षी नेताओं ने किरेन रिजिजू पर तंज कसना शुरू कर दिया था, जिसके बाद अब उन्होंने विपक्ष को जवाब दिया है।

Kiren Rijiju: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने गुरुवार को अपने उस फैंसले से अचानक सबको चौंका दिया, जब किरेन रिजिजू को केंद्रीय कानून मंत्री के पद से हटाकर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का कार्यभार सौंप दिया गया। किरेन रिजिजू की जगह पर अर्जुन राम मेघवाल को नया कानून मंत्री बनाया गया है।
मोदी कैबिनेट में हुए इस बड़े फेरबदल का किसी को अंदाजा नहीं था। लेकिन, जैसे ही खबर मीडिया में आई, विपक्ष ने किरेन रिजिजू को निशाने पर लेना शुरू कर दिया और कहा कि लगातार न्यायपालिका पर टिप्पणी की वजह से उनके ऊपर गाज गिरी है। अब खुद किरेन रिजिजू ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है।
'मंत्रिमंडल में ये फेरबदल किसी तरह की कोई सजा नहीं'
शुक्रवार को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बात करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, 'विपक्षी दल जाहिर तौर पर मेरी आलोचना करेंगे। विपक्ष का मेरे खिलाफ बोलना कोई नई बात नहीं है। मंत्रिमंडल में ये फेरबदल किसी तरह की कोई सजा नहीं है। ये फेरबदल सरकार की एक योजना के तहत हुआ है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन शामिल है।'
मंत्रालय बदलकर मोदी सरकार ने अपनी छवि बचाई: अलका लांबा
आपको बता दें कि गुरुवार को मीडिया में मोदी कैबिनेट में फेरबदल की खबरें आने के बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा ने ट्वीट करते हुए लिखा था, 'पिछले कुछ समय से कानून मंत्री के तौर पर किरेन रिजिजू द्वारा जजों की नियुक्ति और अदालतों के काम करने के तौर तरीकों को लेकर की जा रही टिप्पणियों और हस्तक्षेप ने मोदी सरकार के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी थीं। सरकार ने अपनी छवि बचाने के लिए अपने कानून मंत्री की बलि देकर अच्छा किया।'
प्रियंका चतुर्वेदी ने भी साधा केंद्र पर निशाना
वहीं, शिवसेना (उद्धव बाल ठाकरे) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, 'क्या ये बदलाव इसलिए किया गया है क्योंकि महाराष्ट्र पर आए फैसले ने भाजपा को शर्मिंदा कर दिया या फिर मोडानी-सेबी जांच की वजह से?'
गौरतलब है कि किरेन रिजिजू की जगह पर राजस्थान के बीकानेर से लोकसभा सांसद अर्जुन राम मेघवाल को नया कानून मंत्री बनाया गया है। सियासी जानकारों का कहना है कि मोदी कैबिनेट में ये फेरबदल राजस्थान विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications