Exit Poll क्यों होते हैं फेल? सेंपल साइज से लेकर ब्लफ फैक्टर तक, ये बड़ी गलतियां बिगाड़ती हैं खेल
Exit Poll Result 2026:: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए आज यानि 29 अप्रैल 2026 को दूसरे और निर्णायक चरण का मतदान जारी है। पहले चरण में हुई रिकॉर्डतोड़ वोटिंग के बाद अब सबकी नजरें आज की प्रक्रिया पर टिकी हैं। आज वोटिंग खत्म होने के साथ ही बंगाल की सत्ता का महासंग्राम थम जाएगा। इसके बाद 4 मई 2026 को होने वाली मतगणना यह तय करेगी कि जनता ने बंगाल की चाबी किसे सौंपी है। हालांकि, अंतिम परिणामों से पहले आज शाम एग्जिट पोल के आंकड़े टीवी स्क्रीन्स पर तैरने लगेंगे।
एग्जिट पोल को लेकर भारत में बेहद सख्त नियम हैं और इनके फेल होने के पीछे कई तकनीकी कारण भी। आइए, इस पूरे गणित को सिलसिलेवार तरीके से समझते हैं...

एग्जिट पोल का इतिहास
भारत में चुनावी रुझानों को समझने के लिए एग्जिट पोल एक अहम उपकरण के रूप में उभरा है। इसकी शुरुआत वर्ष 1957 में दूसरे लोकसभा चुनावों के दौरान हुई थी, जिसका श्रेय इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक ओपिनियन (IIPO) को जाता है।
एग्जिट पोल और ओपिनियन पोल में एक बुनियादी अंतर है। जहां ओपिनियन पोल चुनाव से पहले मतदाताओं की 'संभावित' पसंद जानते हैं, वहीं एग्जिट पोल मतदान करके बाहर निकले 'वास्तविक' मतदाताओं की राय पर आधारित होते हैं। इसमें विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और भौगोलिक वर्गों का सैंपल लिया जाता है।
एग्जिट पोल से जुड़े सख्त नियम और कानूनी पेंच
निर्वाचन आयोग (ECI) के कड़े निर्देशों के तहत, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126A के प्रावधानों का पालन करना अनिवार्य है। इसके तहत मतदान के अंतिम चरण के समाप्त होने तक एग्जिट पोल का प्रसार नहीं किया जा सकता। यदि कोई व्यक्ति या मीडिया संस्थान समय से पहले इन आंकड़ों को सार्वजनिक करता है, तो उसे दो वर्ष तक के कारावास या जुर्माना (या दोनों) से दंडित किया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट के 2009 के आदेशों के बाद चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सिंगल या मल्टी-फेज चुनावों में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले से लेकर प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी प्रकार का ओपिनियन या एग्जिट पोल प्रसारित करना प्रतिबंधित है।
आखिर क्यों फेल होते हैं एग्जिट पोल?
समय के साथ एग्जिट पोल भारतीय चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा तो बन गए, लेकिन इनका रिकॉर्ड हमेशा बेदाग नहीं रहा। कई बार सर्वे एजेंसियों के दावे वास्तविक नतीजों के सामने धरे के धरे रह गए। इसके पीछे 5 प्रमुख कारण जिम्मेदार हैं:
1. सैंपल साइज (Sample Size) का असंतुलन
किसी भी सर्वे की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि आपने कितने लोगों से बात की। भारत जैसे विशाल देश में जहां करोड़ों मतदाता हैं, वहां यदि सर्वे केवल कुछ हजार लोगों पर सीमित रहा, तो 'मार्जिन ऑफ एरर' (गलती की गुंजाइश) बढ़ जाती है। अक्सर एजेंसियां शहरी इलाकों से डेटा लेती हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों का साइलेंट वोट गणित बिगाड़ देता है।
2. ब्लफ फैक्टर और साइलेंट वोटर
चुनाव विज्ञान में इसे 'Social Desirability Bias' (सच को छिपाना या झूठ बोलना) कहते हैं। कई बार मतदाता डर, दबाव या सामाजिक संकोच के कारण सर्वेक्षक को सच नहीं बताता। वह वोट किसी और को देता है और नाम किसी और पार्टी का लेता है। यही 'साइलेंट वोटर' एग्जिट पोल के नतीजों को हकीकत से दूर ले जाता है।
3. टेबुलाइजेशन और डेटा प्रोसेसिंग में गलती (Tabulation Errors)
फील्ड से जुटाया गया कच्चा डेटा (Raw Data) जब सिस्टम में फीड होता है, तो वहां तकनीकी त्रुटियां संभव हैं। डेटा को 'वेटेज' देने की प्रक्रिया बहुत जटिल होती है। यदि किसी खास वर्ग या जाति के डेटा को गलत तरीके से कैलकुलेट (Tabulate) किया गया, तो पूरी भविष्यवाणी गलत दिशा में चली जाती है।
4. प्रोग्रामिंग और एल्गोरिदम की सीमाएं
आजकल एग्जिट पोल के लिए एडवांस सॉफ्टवेयर का उपयोग होता है। लेकिन भारत में 'First Past the Post' (सबसे ज्यादा वोट वाले की जीत) सिस्टम है, जहां वोट प्रतिशत को सीटों में बदलना सबसे कठिन काम है। यदि प्रोग्रामिंग में 'स्विंग फैक्टर' का सटीक आकलन नहीं किया गया, तो मात्र 1-2% वोट का अंतर सीटों के मामले में 50 से 100 सीटों का भारी अंतर पैदा कर सकता है।
5. एनालिस्ट बायस (Analyst Bias)
डेटा चाहे जो कहे, अंतिम व्याख्या इंसान ही करता है। कई बार डेटा एनालिस्ट अपनी व्यक्तिगत पसंद या किसी खास नैरेटिव के प्रभाव में डेटा को 'ट्वीक' (Tweak) करने की कोशिश करते हैं। इसे 'Confirmation Bias' कहते हैं, जहां एनालिस्ट केवल उसी डेटा को प्राथमिकता देता है जो उसकी अपनी सोच से मेल खाता हो। दरअसल, एग्जिट पोल केवल एक 'अनुमान' हैं, अंतिम फैसला तो ईवीएम खुलने के बाद ही होता है।
नोट: इस आर्टिकल में मीडिया रिपोर्ट्स से प्राप्त इनपुट्स शामिल किए गए हैं।
















Click it and Unblock the Notifications