PM मोदी से क्यों मिले शरद पवार के 8 सांसद? महाराष्ट्र में होने वाला है उलटफेर? जानिए मुलाकात के पीछे का प्लान

महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों एक के बाद एक ऐसे संकेत मिल रहे हैं, जिनसे नए सियासी समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है। एक तरफ बांकीपुर में बीजेपी को हराकर विधायक बने प्रशांत किशोर का डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार से मिलना चर्चा में है। दूसरी तरफ अब शरद पवार गुट के सांसदों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात ने सियासी गलियारों का तापमान बढ़ा दिया है। सोमवार (10 अगस्त) को NCP (SP) के सभी आठ लोकसभा सांसदों ने संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

ये मुलाकात संसद भवन में करीब आधे घंटे चली। इसके बाद सवाल उठने लगा कि क्या महाराष्ट्र की राजनीति में कोई नई खिचड़ी पक रही है या फिर यह सिर्फ राज्य के मुद्दों को दिल्ली तक पहुंचाने की कवायद है। हालांकि पार्टी नेताओं का दावा है कि यह मुलाकात राज्य के विकास और जनता के मुद्दों को लेकर थी।

Why Did Sharad Pawar NCP-SP MPs Meet PM Modi

PM मोदी से क्यों मिले शरद पवार के सांसद?

शरद पवार गुट के सांसदों ने पीएम मोदी से मुलाकात के पीछे महाराष्ट्र से जुड़े कई मुद्दों को वजह बताया है। सुप्रिया सुले के मुताबिक, संसद की कार्यवाही लगातार बाधित होने की वजह से सांसदों ने सीधे प्रधानमंत्री के सामने राज्य से जुड़े सवाल रखने का फैसला किया।

बैठक में महाराष्ट्र के पानी, सूखे, सिंचाई, किसानों की आत्महत्या और तेजी से बढ़ते शहरीकरण जैसे मुद्दे उठाए गए। सांसदों ने अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों से जुड़े विकास के सवाल भी प्रधानमंत्री के सामने रखे। यानी NCP-SP की तरफ से इस मुलाकात को फिलहाल राजनीतिक गठजोड़ के बजाय महाराष्ट्र के मुद्दों से जोड़कर पेश किया गया है।

4 हस्तियों के लिए 'भारत रत्न' की मांग

बैठक में कुछ बड़ी प्रतीकात्मक मांगें भी पीएम मोदी के सामने रखी गईं। शरद पवार गुट के सांसदों ने महात्मा ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, शाहीर अन्ना भाऊ साठे और तुकडोजी महाराज को भारत रत्न देने की मांग रखी। इसके अलावा नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम डीवाई पाटिल एयरपोर्ट रखने की मांग भी की गई।

सांसदों ने पीएम मोदी को इन मांगों से जुड़ा लिखित ज्ञापन भी सौंपा। बैठक के बाद NCP-SP सांसदों ने इसे सकारात्मक बताया। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने इन मुद्दों पर ध्यान देने और ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया।

सुप्रिया सुले ने बताई पीएम से मिलने की असली वजह

मुलाकात के बाद सुप्रिया सुले ने साफ किया कि राज्य के हालात को देखते हुए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था। सुप्रिया सुले ने कहा कि सांसदों को अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए मिलने वाले 5 करोड़ रुपये के फंड का इस्तेमाल करने में कई दिक्कतें आ रही हैं।

उनका आरोप है कि राज्य सरकार की तरफ से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने के चलते सांसद अपने क्षेत्रों में इन फंडों का इस्तेमाल आसानी से नहीं कर पा रहे हैं। सुले ने महाराष्ट्र के सामने खड़ी चुनौतियों में पानी की कमी, किसानों की आत्महत्या, शहरीकरण और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को खास तौर पर गिनाया।

सुप्रिया सुले ने कहा,

"महाराष्ट्र इस वक्त सूखे, सिंचाई के संकट और किसानों की आत्महत्या जैसी भारी चुनौतियों से जूझ रहा है। तेजी से बढ़ता शहरीकरण भी बड़ी परेशानी बन चुका है। सांसदों को मिलने वाले 5 करोड़ रुपये के MPLAD फंड को खर्च करने में व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं। राज्य सरकार से सही सहयोग न मिलने के कारण विकास कार्य रुक रहे हैं। इसी वजह से हमने सीधे प्रधानमंत्री से दखल देने का अनुरोध किया।"

तो क्या BJP और शरद पवार के बीच बढ़ रही नजदीकी?

यहीं से महाराष्ट्र की राजनीति में असली सवाल खड़ा होता है। क्या प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात सिर्फ विकास से जुड़े मुद्दों तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश भी है? फिलहाल किसी नए गठबंधन या राजनीतिक समझौते का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। लेकिन यह जरूर है कि महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार और बीजेपी के बीच संवाद हमेशा सियासी नजरिए से देखा जाता है।

इस मुलाकात के बाद बीजेपी की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। बीजेपी नेता नवनीत राणा ने कहा कि अगर शरद पवार की पार्टी के सांसद महाराष्ट्र के विकास के लिए प्रधानमंत्री से मिल रहे हैं तो इसमें गलत कुछ नहीं है। उन्होंने कहा, "अगर यह मुलाकात महाराष्ट्र की तरक्की के लिए हो रही है तो इसका स्वागत होना चाहिए। राजनीतिक कयास लगाए जा सकते हैं, लेकिन अगर इससे महाराष्ट्र और सांसदों के इलाकों का फायदा होता है तो इससे अच्छी बात और क्या होगी।"

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+