आखिर दिल्ली पुलिस ने बृजभूषण सिंह के खिलाफ पॉक्सो हटाने को क्यों कहा...? क्या है इसपर पहलवानों का पक्ष
Wrestlers Protest: दिल्ली पुलिस ने भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के प्रमुख और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो मामले को हटाने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी है। इस मामले पर अब रेसलर विरोध प्रदर्शन में सबसे आगे रहीं साक्षी मलिक ने प्रतिक्रिया दी है।
2016 ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने दिल्ली पुलिस द्वारा शिकायत से निपटने के तरीकों पर सवाल उठाया है।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक साक्षी मलिक ने कहा, ''पॉक्सो मामले में, अगर बृजभूषण को गिरफ्तार कर लिया गया होता, जब नाबालिग ने मजिस्ट्रेट के सामने पहले अपना बयान दर्ज किया था। तो नाबालिग ने शिकायत वापस नहीं ली होती। और इतना ही नहीं अन्य लड़कियां भी आगे आतीं और शिकायत करती।''
साक्षी मलिक ने आगे कहा, ''मैंने लड़कियों के दबाव और धमकियों के बारे में सुना है। अब अदालत को यह तय करना होगा कि क्या करना है।''
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से - पॉक्सो हटाने के लिए क्यों कहा?
बता दें कि पटियाला हाउस कोर्ट में पुलिस ने गुरुवार (15 जून) को बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पॉक्सो मामले को रद्द करने के लिए एक अनुरोध दायर की है।
दिल्ली पुलिस ने कहा, "पॉक्सो मामले में, जांच पूरी होने के बाद, हमने सीआरपीसी की धारा 173 के तहत एक पुलिस रिपोर्ट दर्ज की है, जिसमें शिकायतकर्ता यानी नाबालिग पीड़िता के पिता और खुद पीड़िता के बयानों के आधार पर मामले को रद्द करने का अनुरोध किया गया है।" मामले की अगली सुनवाई 4 जुलाई को होगी।
बता दें कि इससे पहले मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली सात महिला पहलवानों में अकेली नाबालिग ने अपने आरोप वापस ले लिए हैं।
नाबालिग ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत एक मजिस्ट्रेट के सामने एक नया बयान दर्ज कराया था। उस वक्त वरिष्ठ अधिवक्ता रेबेका जॉन ने कहा था, ''मैं हैरान नहीं हूं। ऐसे मामलों में गिरफ्तारी में सोची-समझी देरी शिकायतकर्ता को दबाव में डालती है। इस तरह के संघर्ष लंबे और दर्दनाक होते हैं। जब महिलाएं ऐसे मामलों में सामने आती हैं तो वे अपनी जिंदगी और करियर को दांव पर लगा देती हैं।''
अब क्या करेंगे पहलवान?
अगले कदम के बारे में बात करते हुए साक्षी मलिक ने कहा कि हालांकि विरोध प्रदर्शन जारी था, इंसाफ तभी होगा जब बृजभूषण सिंह को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साक्षी मलिक ने अब कहा, ''हम अपनी कानूनी टीम से बातचीत करेंगे और चार्जशीट का अच्छे से अध्ययन करेंगे। इसके बाद हम आगे की कार्रवाई पर आखिरी फैसला लेंगे।''
साक्षी मलिक ने कहा, ''अगर हमारी लीगल टीम कहती है कि चार्जशीट मजबूत है और बृजभूषण के खिलाफ केस में कोर्ट में लड़ा जा सकता है तो इंसाफ की उम्मीद जगी है। अदालती सुनवाई के बाद अगर बृजभूषण को गिरफ्तार किया जाता है, तो यौन उत्पीड़न का शिकार हुई महिला पहलवानों को न्याय मिल पाएगा।''












Click it and Unblock the Notifications