कौन थी मॉडल दिव्या पाहुजा, जिसकी हत्या ने सबको चौंकाया, पिता बेचते थे सब्जी और मां पर लगा था संगीन आरोप
Divya Pahuja Case: गुरुग्राम की मॉडल दिव्या पाहुजा की होटल सिटी पॉइंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 27 वर्षीय दिव्या पाहुजा गुरुग्राम के बलदेव नगर इलाके की रहने वाली थी। दिव्या को 02 जनवरी की रात पांच लोग होटल में ले गए और उसके सिर में गोली मार दी।
पांच लोगों में से तीन को हरियाणा पुलिस ने तब गिरफ्तार किया जब वे उसके शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहे थे। बाकी दो की तलाश जारी है। अभी तक दिव्या के शव की भी बड़े पैमाने पर तलाश की जा रही है, जिसे आरोपियों ने कथित तौर पर ठिकाने लगा दिया था। आइए जानें कौन हैं दिव्या पाहुजा?

Who was Divya Pahuja: कौन थी दिव्या पाहुजा?
- दिव्या पाहुजा गुरुग्राम के बलदेव नगर इलाके की रहने वाली एक 27 वर्षीय महिला थी, जो पेशे से मॉडल थी।
- दिव्या पाहुजा के पिता गुरुग्राम के बलदेव नगर में सब्जी और फल बेचते थे। दिव्या के पिता दिव्यांग हैं। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा उनकी एक छोटी बहन है।
- दिव्या पाहुजा ने 2018 में बी.कॉम कोर्स में दाखिला लिया था। यही वह समय था जब उन्होंने मॉडलिंग शुरू की थी। हालांकि बाद में मॉडलिंग की वजह से उन्होंने बी.कॉम कोर्स छोड़ दिया था।
- अंडरवर्ल्ड के साथ दिव्या पाहुजा का कनेक्शन 2016 में शुरू हुआ जब वह सिर्फ 18 साल की थी। दिव्या गुरुग्राम के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप गाड़ोली की प्रेमिका थी, जिसे 2016 में हरियाणा पुलिस ने मुंबई के एक होटल में मुठभेड़ में मार गिराया था।
- संदीप गाड़ोली की मुठभेड़ बाद दिव्या जांच के घेरे में आ गई। उस पर पुलिस को सूचना देना का भी आरोप लगा था। गैंगस्टर के ठिकाने का खुलासा करने के आरोप में दिव्या, उसकी मां और पांच पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया था।
- समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस के मुताबिक, प्रतिद्वंद्वी गिरोह चलाने वाले वीरेंद्र कुमार उर्फ बिंदर गुज्जर ने कथित तौर पर संदीप गाड़ोली को खत्म करने के लिए हरियाणा पुलिस के अधिकारियों के साथ साजिश रची थी।
- संदीप गाड़ोली के एनकाउंटर के वक्त गुज्जर जेल में था, लेकिन उसने अपने भाई मनोज की मदद से साजिश रची और दिव्या को हनी ट्रैप में फंसाया।
- मुंबई पुलिस ने कहा कि योजना के हिस्से के रूप में, संदीप गाड़ोली को उसकी प्रेमिका दिव्या की मदद से जाल में फंसाया गया और 7 फरवरी 2016 को एक फर्जी मुठभेड़ में मार दिया गया।
- दिव्या पाहुजा की मां सोनिया पाहुजा पर भी आरोप लगाया गया था कि वह हरियाणा पुलिस के साथ लगातार संपर्क में थीं और उन्हें संदीप गाड़ोली के ठिकाने के बारे में बता रही थीं क्योंकि उनकी बेटी गैंगस्टर के साथ थी।












Click it and Unblock the Notifications