स्वर्ण मंदिर में राहुल गांधी की जेब किसने काटी ? हरसिमरत कौर के सवाल पर पंजाब में सियासी घमासान
अमृतसर, 30 जनवरी: राहुल गांधी शुक्रवार को जब अमृतसर में पवित्र श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे तो क्या उनकी जेब कट गई थी? यह सवाल चुनावों के बीच पंजाब की राजनीति में सियासी घमासान मचा रहा है। क्योंकि, इस तरह का दावा शिरोमणि अकाली दल की बड़ी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने किया है। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया है कि क्या यह सब इस पवित्र तीर्थ स्थल को बदनाम करने की नीयत से तो नहीं किया जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस उनके दावे को फर्जी बता रही है और कह रही है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है।

स्वर्ण मंदिर में राहुल गांधी की जेब किसने काटी ?
शनिवार शाम को पूर्व केंद्रीय मंत्री और बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल के एक ट्वीट पर पंजाब की सियासत में उबाल आ गया है। उन्होंने सवाल पूछा है कि श्री हरमंदिर साहिब में राहुल गांधी की जेब किसने काटी? उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें तो जेड कैटेगरी की सिक्योरिटी मिली हुई है। ऐसे में उनके नजदीक कौन पहुंच सकता है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का नाम लेकर यहां तक दावा किया है कि इनको छोड़कर तो कोई दूसरा राहुल के पास फटक भी नहीं सकता था, तो फिर पॉकेट किसने मार लिया? इसके बाद उन्होंने आरोप लगाया है कि क्या यह सब फिर से हमारे सबसे पवित्र तीर्थ को बदनाम करने की कोशिश है ?

'क्या सबसे पवित्र तीर्थ को बदनाम करने की एक और कोशिश है?'
दरअसल, बादल ने ट्विटर के जरिए जो कुछ दावा किया है, वह बड़ा ही गंभीर मसला है। उन्होंने जो कुछ लिखा है वह इस तरह से है- 'श्री हरमंदिर साहिब में राहुल गांधी की पॉकेट किसने काट ली? चरणजीत सिंह चन्नी ? नवजोत सिंह सिद्धू ? या सुखजिंदर सिंह रंधावा? जेड-सिक्योरिटी की ओर से यही तीन लोग थे, जिन्हें उनके पास जाने की इजाजत थी। या फिर यह 'बेअदबी' की घटनाओं के बाद हमारे सबसे पवित्र तीर्थ को बदनाम करने की एक और कोशिश है?'
कांग्रेस ने बताया 'झूठी खबर'
चुनाव के मौके पर विपक्षी दल की बड़ी नेता की ओर से इस तरह के दावे से कांग्रेस में हड़कंप मच गया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने खुद इसकी कमान संभाली और इसे 'झूठी खबर' बता दिया। उन्होंने भी ट्विटर पर बादल को राजनीतिक जवाब देते हुए लिखा, 'हरसिमरत जी, जब ऐसा कुछ हुआ ही नहीं तो ऐसी झूठी खबरें फैलाना पवित्र गुरु घर की बेअदबी है। चुनावी गतिरोध चलेगा पर आपको जिम्मेदारी व परिपक्वता दिखानी चाहिये। हां, मोदी सरकार की कैबिनेट में बैठ काले कानूनों पर मोहर लगवाना मेहनती किसानों की जेब काटने जैसा जरूर है।'

शुक्रवार को स्वर्ण मंदिर पहुंचे थे राहुल
दरअसल, 20 फरवरी को होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को प्रदेश के पार्टी उम्मीदवारों और नेताओं के साथ पवित्र श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेकने पहुंचे थे। वहां पर उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ लंगर का प्रसाद भी ग्रहण किया। बाद में वे जालंधर गए और वहां एक वर्चुअल रैली को संबोधित किया। पंजाब में भी पांचों राज्यों के साथ 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आने हैं।












Click it and Unblock the Notifications