कौन हैं सीनियर वकील सदाशिवा रेड्डी? जिन्होंने BCI चेयरमैन मनन मिश्रा से मांगा इस्तीफा, पैसे लेने का भी आरोप!

BCI Chairman Manan Kumar Mishra vs YR Sadasiva Reddy: बार काउंसिल ऑफ इंडिया यानी BCI में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। BCI के को-चेयरमैन और वरिष्ठ वकील वाई आर सदाशिवा रेड्डी ने चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा से इस्तीफा मांग लिया है। सदाशिवा रेड्डी ने 22 अगस्त को मनन मिश्रा को भेजे छह पन्नों के पत्र में कई गंभीर सवाल उठाए और उन्हें पद छोड़ने के लिए 15 दिन का समय दिया है। उन्होंने BCI के कामकाज, फंड, नियुक्तियों और चेयरमैन के लंबे कार्यकाल पर सवाल खड़े किए हैं।

सदाशिव रेड्डी देश के जाने-माने वरिष्ठ वकील हैं और लंबे समय से बार काउंसिल ऑफ इंडिया के शीर्ष पद पर काबिज रहे हैं। हाल ही में जब BCI चेयरमैन ने नालसार (NALSAR) हैदराबाद के कानून छात्रों को दीक्षांत समारोह में विरोध करने पर वकालत से बेदखल करने की चेतावनी दी थी, तब भी रेड्डी ने खुलकर इसका विरोध किया था। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे वकीलों के भरोसे और संस्था की गरिमा को बचाने के लिए यह आवाज उठा रहे हैं।

who is yr sadasiva reddy demands bci chairman manan kumar Mishra

सदाशिव रेड्डी ने कहा,

"मैंने बहुत भारी मन से यह पत्र लिखा है। अगर मैं आज चुप रहा, तो यह देश के लाखों वकीलों द्वारा मुझ पर जताए गए भरोसे के साथ गद्दारी होगी। मनन मिश्रा BCI को एक सार्वजनिक संस्था के बजाय अपनी निजी जायदाद की तरह चला रहे हैं।"

कौन हैं वाई आर सदाशिवा रेड्डी (Who is YR Sadasiva Reddy?)

वाई आर सदाशिवा रेड्डी कर्नाटक के वरिष्ठ वकील हैं। कर्नाटक स्टेट बार काउंसिल के आधिकारिक रिकॉर्ड में उनका नाम लंबे समय से दर्ज है। वह पहले कर्नाटक स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन भी रह चुके हैं। 2006 में वह इस पद पर थे। बाद में वह BCI से जुड़े और इसके वरिष्ठ पदाधिकारियों में शामिल हुए। कर्नाटक स्टेट बार काउंसिल की वरिष्ठ अधिवक्ताओं की सूची में भी उनका नाम दर्ज है।

सदाशिवा रेड्डी और मनन मिश्रा नए चेहरे नहीं हैं। दोनों कई साल से BCI में साथ काम कर रहे हैं। यही वजह है कि मौजूदा टकराव को सिर्फ दो वकीलों के बीच का विवाद मानना तस्वीर को छोटा कर देगा। मामला BCI की कार्यशैली और उसके नेतृत्व को लेकर उठे बड़े सवालों तक पहुंच गया है।

15 दिन में इस्तीफा क्यों?

सदाशिवा रेड्डी ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि BCI का कामकाज उस पारदर्शिता और संस्थागत मर्यादा के मुताबिक नहीं चल रहा, जिसकी एक नियामक संस्था से उम्मीद की जाती है। उन्होंने सबसे बड़ा सवाल BCI के पैसों और BCI Trust PEARL First को लेकर उठाया।

रेड्डी का आरोप है कि पुराने BCI ट्रस्ट को निष्क्रिय होने दिया गया और सितंबर 2020 में नया ट्रस्ट बनाया गया। इसके बाद BCI के करीब ₹150 करोड़ को इस नए ट्रस्ट में ट्रांसफर करने का प्रस्ताव आया। रेड्डी का दावा है कि उन्होंने और कुछ दूसरे सदस्यों ने इसका विरोध किया, लेकिन आपत्तियों को दरकिनार कर दिया गया। उन्होंने इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और ऑडिट की मांग भी उठाई है। साथ ही BCI के कर्मचारियों की नियुक्तियों का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की बात कही है।

लॉ कॉलेजों से पैसे लेने का भी आरोप

सदाशिवा रेड्डी ने BCI की ओर से लॉ कॉलेजों की मान्यता और नवीनीकरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाया। उनका आरोप है कि कुछ संस्थानों से BCI Trust PEARL के लिए ₹25 लाख से ₹1 करोड़ तक की रकम देने को कहा गया।

सदाशिवा रेड्डी के मुताबिक, अगर कोई संस्था किसी संस्थान को रेगुलेट करती है और उसी से पैसे भी लेती है, तो इससे उस रेगुलेटरी सिस्टम की निष्पक्षता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने BCI में नियुक्तियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। पत्र में दावा किया गया कि कई कर्मचारियों के संबंध मनन मिश्रा या उनके परिवार से हैं और नियुक्तियों में विज्ञापन या मेरिट लिस्ट जैसी पारदर्शी प्रक्रिया सामने नहीं रखी गई।

NALSAR विवाद ने बढ़ाई दरार

सदाशिवा रेड्डी के पत्र में नालसार यूनिवर्सिटी ऑफ़ लॉ का विवाद भी अहम मुद्दा है। 13 अगस्त को मनन मिश्रा की ओर से जारी एक निर्देश में नालसार के 2026 बैच के छात्रों के राज्य बार काउंसिल में नामांकन पर कार्रवाई की बात कही गई थी। इस कदम पर विवाद बढ़ा। बाद में BCI ने कार्रवाई वापस ली और Mishra ने छात्रों से खेद भी जताया।

रेड्डी ने आरोप लगाया कि इतना बड़ा कदम BCI के बाकी सदस्यों से पर्याप्त चर्चा किए बिना उठाया गया। उन्होंने कहा, "किसी छात्र बैच को उसकी राय के चलते पेशे में जाने से रोकने की धमकी देना BCI की ताकत का गलत इस्तेमाल है।" यही विवाद रेड्डी और मनन मिश्रा के बीच मतभेद को सार्वजनिक करने वाला बड़ा मोड़ बना।

मनन मिश्रा का पलटवार: 'यह राजनीतिक स्टंट है'

गंभीर आरोपों के सामने आने के बाद BCI चेयरमैन और वरिष्ठ वकील मनन कुमार मिश्रा ने रेड्डी के सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने इसे सिर्फ एक 'राजनीतिक स्टंट' और 'राजनीतिक रंजिश' करार दिया। मनन कुमार मिश्रा ने कहा,

"रेड्डी BCI के को-चेयरमैन हैं ही नहीं। वे कर्नाटक स्टेट बार काउंसिल का चुनाव भी हार चुके हैं और अब इसके सदस्य तक नहीं हैं। वे कांग्रेस समर्थित राजनीति करते हैं। पिछले साढ़े आठ साल से वे BCI में मेरे साथ थे, तब उन्हें कोई गड़बड़ी क्यों नहीं दिखी? ट्रस्ट का हर साल ऑडिट होता है और रिपोर्ट सार्वजनिक है।"

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा विवाद, BCI में मची खलबली

मनन मिश्रा का दावा है कि BCI के दो-तिहाई से ज्यादा सदस्य उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और जब तक देश के वकील उनके साथ हैं, वे अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग वकीलों को 'लीगल कॉकरोच' कहकर संस्था का अपमान कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दूसरी तरफ, वकील योगमाया एमजी (Yogamaya MG) द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मनन मिश्रा के लगातार 14 साल के लंबे कार्यकाल पर सवाल उठाए गए हैं। BCI के इतिहास में यह पहली बार है जब शीर्ष स्तर के दो पदाधिकारियों के बीच ऐसी खुलेआम जंग देखने को मिल रही है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+