कौन हैं रिटायर्ड IAS प्रदीप सिंह खरोला, जो NTA के नए DG हुए नियुक्त, पूरा Profile
Who is Pradeep Kharola: केंद्र सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं नीट और नेट में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे विवाद के बीच शनिवार को वरिष्ठ नौकरशाह प्रदीप सिंह खरोला को राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) का नया प्रमुख नियुक्त किया। वह वर्तमान महानिदेशक सुबोध सिंह की जगह लेंगे।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक खरोला को नए निदेशक की नियुक्ति होने तक परीक्षण एजेंसी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जो एनईईटी सहित अन्य परीक्षाएं आयोजित करती है। आइए आपको रूबरू कराते हैं प्रदीप सिंह खरोला से...

- प्रदीप सिंह खरोला कर्नाटक कैडर के 1985 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान राज्य और केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है।
- मुख्य प्रबंध निदेशक (CMD), एयर इंडिया: खरोला ने एयर इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) के रूप में कार्य किया। उन्हें ऐसे समय में एयर इंडिया का प्रमुख बनाया गया, जब सरकार राष्ट्रीय विमानन कंपनी के रणनीतिक विनिवेश की रूपरेखा को अंतिम रूप दे रही थी। उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने एयरलाइन को पुनर्जीवित करने और उसकी वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
- खरोला 2012-13 में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव थे।
- कर्नाटक में शहरी अवसंरचना विकास एवं वित्त निगम (KUIDFC) के भी प्रमुख रहे हैं, जो शहरों में अवसंरचना निर्माण के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से धन जुटाता है।
- 62 वर्षीय नौकरशाह ने राष्ट्रीय प्रशासनिक सुधार आयोग के संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया था।
बैंगलोर मेट्रो को घाटे से निकाला
अपने दशकों लंबे करियर में खरोला ने शहरी शासन, शहरी सार्वजनिक परिवहन और नीति-निर्माण में अनुभव प्राप्त किया है। उन्हें सार्वजनिक परिवहन कंपनियों को घाटे से निकालकर उन्हें मुनाफे में लाने का विशेषज्ञ माना जाता है। उन्होंने साल 2000 में बैंगलोर की सिटी बस सेवा, बैंगलोर मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन को घाटे से निकालकर मुनाफे में लाया। बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (बीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक के रूप में भी कार्य किया था।
इन पुरस्कारों से सम्मानित
- साल 2012 में उन्हें ई-गवर्नेंस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
- साल 2013 में उन्हें प्रधानमंत्री का उत्कृष्ट लोक प्रशासन पुरस्कार भी मिला।
शिक्षा
- उत्तराखंड के मूल निवासी खरोला ने 1982 में इंदौर विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने 1984 में आईआईटी दिल्ली से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन किया, जिसमें वे टॉपर रहे।
- इसके अतिरिक्त, उन्होंने मनीला, फिलीपींस में एशियाई प्रबंधन संस्थान से विकास प्रबंधन में स्नातकोत्तर किया है।












Click it and Unblock the Notifications