कौन है 'पाकिस्तानी जासूस' ज्योति मल्होत्रा की दोस्त प्रियंका सेनापति? ओडिशा की इस यूट्यूबर की कितनी है कमाई
Who is Priyanka Senapati: 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई। इसके बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था को और भी ज्यादा चौकस किया गया। यह हमला न सिर्फ आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल बनकर सामने आया, बल्कि इसके बाद खुफिया एजेंसियों ने देशभर में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी।
इस हमले के तार देश के बाहर तक जुड़े होने की आशंका जताई गई, जिसके बाद हर उस व्यक्ति की जांच शुरू हुई, जो किसी भी संदिग्ध व्यक्ति से संपर्क में रहा हो। इसी जांच के तहत हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। अब इसमें प्रियंका सेनापति का भी नाम जुड़ता नजर आ रहा है।

ज्योति की गिरफ्तारी के बाद इसी सिलसिले में ओडिशा की ट्रैवल व्लॉगर प्रियंका सेनापति भी जांच एजेंसियों की नजर में आ गई हैं। फिलहाल उनके खिलाफ कोई ठोस आरोप नहीं है, लेकिन ज्योति से उनकी दोस्ती और हालिया पाकिस्तान यात्रा के कारण वे सुरक्षा एजेंसियों की जांच के घेरे में हैं।
ये भी पढ़ें: कौन है पाकिस्तानी दूतावास का अफसर दानिश? जिसने ज्योति मल्होत्रा को बनाया मोहरा! अब खुली जासूसी कांड की परतें!
सोशल मीडिया से हुई दोस्ती
प्रियंका और ज्योति की जान-पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोनों यूट्यूब पर ट्रैवल कंटेंट बनाती थीं, जिससे बातचीत आगे बढ़ी। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने पिछले साल ज्योति को पुरी बुलाया था और उन्हें जगन्नाथ मंदिर घुमाया था। अब जांच एजेंसियां यह जानने में जुटी हैं कि इन मुलाकातों के पीछे सिर्फ घूमने का इरादा था या कुछ और।
पाकिस्तान यात्रा बनी शक की वजह
प्रियंका सेनापति ने कुछ महीने पहले करतारपुर कॉरिडोर के रास्ते पाकिस्तान यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान की यात्रा का व्लॉग अपने यूट्यूब चैनल "Prii_Vlogs" पर अपलोड किया। अब एजेंसियां इस यात्रा की टाइमिंग, वहां की गतिविधियों और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही हैं। पुरी के SP विनीत अग्रवाल ने कहा है कि सभी एंगल से जांच चल रही है।
प्रियंका ने दी सफाई, कहा - देश सर्वोपरि
सोशल मीडिया पर सामने आकर प्रियंका सेनापति ने कहा कि उन्हें नहीं पता था कि ज्योति किसी देशविरोधी काम में शामिल हैं। उन्होंने लिखा, "अगर मुझे जरा भी शक होता तो मैं कभी उनके संपर्क में नहीं रहती। मेरे लिए देश सबसे ऊपर है।" प्रियंका ने यह भी कहा कि अगर कोई जांच एजेंसी उनसे सवाल पूछना चाहती है तो वह पूरा सहयोग करेंगी।
परिवार ने भी किया बचाव
प्रियंका के पिता ने बताया कि ज्योति एक बार पुरी आई थीं, लेकिन उनके घर नहीं आईं। उन्होंने कहा कि प्रियंका एक साधारण छात्रा और यूट्यूबर हैं, जो ओडिशा की संस्कृति और टूरिज्म को प्रमोट करती हैं। उनके अनुसार पाकिस्तान यात्रा का उद्देश्य भी सिर्फ ट्रैवल व्लॉग बनाना था, उसमें कोई गलत इरादा नहीं था।
कौन हैं प्रियंका सेनापति?
प्रियंका सेनापति पुरी (ओडिशा) की रहने वाली हैं। वह यूट्यूब पर ट्रैवल से जुड़े वीडियो बनाती हैं और उनके चैनल "Prii_Vlogs" पर लगभग 14,600 सब्सक्राइबर हैं। इंस्टाग्राम पर भी उनके करीब 20,000 फॉलोअर्स हैं। वह खासकर ओडिशा के लोकल टूरिस्ट डेस्टिनेशन को प्रमोट करने का काम करती हैं।
प्रियंका की कमाई
यूट्यूबर प्रियंका, जिसने अब तक 14.6 हजार सब्सक्राइबर और करीब 46 लाख व्यूज हासिल किए हैं, उसकी कमाई को लेकर एक अंदाजा लगाया गया है। भारत में यूट्यूब से कमाई का बड़ा हिस्सा वीडियो पर आने वाले विज्ञापनों से होता है। आमतौर पर हर 1000 व्यूज पर ₹30 से ₹50 तक मिलते हैं। ऐसे में ज्योति की कुल कमाई करीब ₹1.38 लाख से ₹2.31 लाख के बीच हो सकती है। ये आंकड़ा सिर्फ यूट्यूब ऐड्स से होने वाली आमदनी पर आधारित है। अगर उसने स्पॉन्सरशिप, ब्रांड डील या एफिलिएट मार्केटिंग भी की है, तो कमाई इससे काफी ज्यादा हो सकती है।
ज्योति पर गंभीर आरोप, पाकिस्तानी संपर्कों की जांच
हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया है। उन पर आरोप है कि वह पाकिस्तान हाई कमीशन से जुड़े एक व्यक्ति के संपर्क में थीं और उन्होंने भारत की सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की। पुलिस के मुताबिक, ज्योति कई बार पाकिस्तान गई थीं और उन्हें वहां स्पॉन्सर्ड ट्रिप्स दी गईं। अब एजेंसियां यह भी देख रही हैं कि क्या इस नेटवर्क में और यूट्यूबर भी शामिल हैं।
नोट: प्रियंका सेनापति के खिलाफ अब तक कोई पुख्ता सबूत नहीं मिला है, लेकिन उनकी गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों की नजर अब सोशल मीडिया से जुड़े ऐसे सभी लोगों पर है, जिनके संबंध विदेश यात्राओं और संदिग्ध व्यक्तियों से रहे हैं।
ये भी पढ़ें: मरियम नवाज से मुलाकात, 2 महीने में पाक-चीन की यात्रा, ज्योति मल्होत्रा पर क्यों हुआ शक, 5 प्वाइंट में समझे












Click it and Unblock the Notifications