पंजाब में BJP-अकाली गठबंधन का CM कौन होगा? अमित शाह ने दिया जवाब, 117 सीटों और सीट शेयरिंग पर भी खोले पत्ते
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन ने कई बड़े सवालों के जवाब दे दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल था कि अगर दोनों दल चुनाव जीतते हैं तो मुख्यमंत्री किस पार्टी का होगा? क्या सुखबीर सिंह बादल सीएम फेस होंगे? सीटों का बंटवारा कैसे होगा?
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन सवालों पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कर दिया कि अकाली दल गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और मुख्यमंत्री भी इसी पार्टी का होगा। हालांकि सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है।

अकाली दल बनेगा बड़ा भाई, CM पर क्या बोले अमित शाह?
बीजेपी और अकाली दल के गठबंधन में मुख्यमंत्री पद को लेकर अमित शाह ने काफी हद तक तस्वीर साफ कर दी। उन्होंने कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। दोनों पार्टियां साथ मिलकर पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। जब उनसे पूछा गया कि जीत मिलने पर मुख्यमंत्री कौन बनेगा, तो शाह ने कहा कि बड़े भाई की भूमिका निभाने वाली पार्टी का नेता ही मुख्यमंत्री बनेगा।
इस बयान का सीधा मतलब है कि गठबंधन की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री पद अकाली दल के खाते में जाने की संभावना है। हालांकि, शाह ने सुखबीर सिंह बादल को औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया। फिलहाल इतना तय है कि इस गठबंधन में अकाली दल को बीजेपी से बड़ी भूमिका मिलेगी।
सीट शेयरिंग पर कब होगा फैसला?
दोनों पार्टियां 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी, लेकिन किस पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इसका ऐलान अभी नहीं हुआ है। अमित शाह ने सीटों के बंटवारे का कोई आंकड़ा नहीं दिया। यानी चुनाव साथ लड़ने पर सहमति बन गई है, लेकिन सीट शेयरिंग की बातचीत अभी बाकी है।
यह फैसला गठबंधन के लिए काफी अहम होगा। 2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल को सिर्फ 3 और बीजेपी को 2 सीटों पर जीत मिली थी। ऐसे में दोनों दलों को अपने पुराने प्रदर्शन, मौजूदा जनाधार और चुनावी संभावनाओं को देखते हुए सीटों पर सहमति बनानी होगी।
नशा, कानून-व्यवस्था और गैंगस्टर पर फोकस
अमित शाह ने बताया कि गठबंधन की प्राथमिकताओं में पंजाब को नशा मुक्त बनाना सबसे ऊपर रहेगा। इसके साथ ही सीमावर्ती राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और गैंगस्टर नेटवर्क खत्म करने पर जोर दिया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि इन मुद्दों को दोनों पार्टियों के चुनावी घोषणापत्र में प्रमुख जगह मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि एनडीए की सरकारों में कानून-व्यवस्था बेहतर रही है। पंजाब में भी दोनों दल मिलकर सुरक्षा और शांति का माहौल बनाने के लिए काम करेंगे।
बंदी सिंहों के मुद्दे पर क्या बोले शाह?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिख कैदियों यानी बंदी सिंहों की रिहाई का मुद्दा भी उठा। इस पर अमित शाह ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल के अपने-अपने रुख हैं। दोनों पार्टियां इस विषय पर बैठकर बातचीत करेंगी और आगे का रास्ता निकालने की कोशिश करेंगी। यानी फिलहाल इस मुद्दे पर किसी फैसले का ऐलान नहीं हुआ है।
करतारपुर साहिब कॉरिडोर कब खुलेगा?
करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने के सवाल पर शाह ने कहा कि इसकी मांग आजादी के समय से उठती रही है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसकी लापरवाही के कारण यह पवित्र धार्मिक स्थल भारत का हिस्सा नहीं बन सका। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने कॉरिडोर बनवाया और श्रद्धालुओं की यात्रा शुरू कराई।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंता के चलते कॉरिडोर को अस्थायी तौर पर बंद किया गया। शाह के मुताबिक, सुरक्षा से जुड़ा मामला पूरी तरह सुलझते ही इसे पूरे सम्मान के साथ फिर खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
सुखबीर बादल ने बताया भावनात्मक रिश्ता
अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन को सिर्फ चुनावी समझौता मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और अकाली दल का रिश्ता भावनाओं से जुड़ा है। उनके पिता प्रकाश सिंह बादल इसे नाखून और मांस जैसा अटूट रिश्ता बताते थे। सुखबीर के मुताबिक, जब दोनों पार्टियां साथ थीं, तब पंजाब में तरक्की, शांति और भाईचारे का माहौल रहा।
उन्होंने कहा कि यह रिश्ता प्रकाश सिंह बादल और अटल बिहारी वाजपेयी-लालकृष्ण आडवाणी के दौर में बना था। सुखबीर ने अकाली दल को देश की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी बताते हुए आजादी की लड़ाई और आजादी के बाद गरीबों, मजदूरों, पंजाब और देश से जुड़े मुद्दों पर पार्टी के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है।
नितिन नबीन और रवनीत बिट्टू ने क्या कहा?
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने गठबंधन को पंजाब और देश के हित में लिया गया फैसला बताया। उन्होंने कहा कि अकाली दल के एनडीए में लौटने से गठबंधन मजबूत होगा। उनके मुताबिक, यह नेताओं और जनता के बीच स्वाभाविक गठबंधन है। उन्होंने इसे हिंदू-सिख एकता का प्रतीक भी बताया।
वहीं बीजेपी नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और पंजाब के लोगों से बातचीत में बार-बार गठबंधन की मांग सामने आ रही थी। उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने तक नितिन नवीन, अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्तर पर बातचीत हुई। सर्वे और लोगों के फीडबैक ने भी साथ आने की जरूरत दिखाई।
AAP को लेकर अमित शाह का बड़ा दावा
गठबंधन में देरी के सवाल पर अमित शाह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी और अकाली दल साथ नहीं भी आते, तब भी पंजाब में आप की हार तय थी। अब गठबंधन के बाद उसका पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
दोनों दल 1997, 2007 और 2012 में मिलकर पंजाब में सरकार बना चुके हैं। सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध के बाद 24 साल पुराना गठबंधन टूट गया था। अब छह साल बाद दोनों फिर साथ हैं। लेकिन 2027 में इस पुराने राजनीतिक समीकरण को कितनी जनता का समर्थन मिलता है, इसका जवाब चुनाव के नतीजे देंगे।



Click it and Unblock the Notifications
