मध्य प्रदेश में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी, गौपालन, बिजली और पर्यटन पर फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्य प्रदेश कैबिनेट ने ग्रामीण विकास, डेयरी उत्पादन विस्तार और सहकारी बैंकों को मजबूत करने के लिए 7,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा की मंजूरी दी। प्रमुख उपायों में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार, आरडीएसएस विद्युतीकरण और ओंकारेश्वर में अद्वैत लोक परियोजना शामिल है, साथ ही मौजूदा प्रशासनिक अनुदान भी।

भोपाल: मध्य प्रदेश में विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, बिजली सुविधा, सहकारिता और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। सोमवार को मंत्रालय में आयोजित बैठक में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास और जनकल्याणकारी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

MP Cabinet approves major rural initiatives

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, देशी गौवंश के संरक्षण, कमजोर सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने और हजारों घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसके अलावा ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में अद्वैत लोक के निर्माण, सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं और मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना को आगामी वर्षों में जारी रखने के लिए भी वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उन्नत देशी गौवंशीय नस्लों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन का अनुसमर्थन किया।

यह योजना मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के तहत पहले संचालित एक पुरस्कार घटक के स्थान पर लागू की गई है। मुख्यमंत्री की 3 अक्टूबर 2026 की घोषणा के बाद विभाग द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश को कैबिनेट ने मंजूरी दी।

योजना का उद्देश्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को दोगुने से अधिक बढ़ाकर मध्य प्रदेश को देश की 'मिल्क कैपिटल' बनाना, पशुपालकों की आय बढ़ाना और गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं मालवी जैसी उन्नत देशी दुधारू नस्लों को बढ़ावा देना है।

योजना के पहले वर्ष 2026-27 में प्रदेश की 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चयनित वृंदावन ग्राम में पशुपालकों के बीच प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2027-28 से 2030-31 तक यह प्रतियोगिता प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में आयोजित होगी।

प्रतियोगिता में ऐसे पशुपालक पात्र होंगे, जिनके पास भारतीय उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गाय होगी और जिसका प्रतिदिन दूध उत्पादन कम से कम 6 लीटर होगा। तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर पारदर्शी प्रक्रिया से विजेताओं का चयन किया जाएगा।

प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा के अवसर पर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।

* प्रथम पुरस्कार: 1 लाख रुपये
* द्वितीय पुरस्कार: 50 हजार रुपये
* तृतीय पुरस्कार: 25 हजार रुपये

पुरस्कार प्राप्त करने वाले पशुपालकों को राशि का उपयोग देशी गौवंश की खरीद, संरक्षण और संवर्धन के लिए ही करना होगा।

9 जिला सहकारी बैंकों को 325 करोड़ रुपये की सहायता

प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए मंत्रि-परिषद ने 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के 5 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस मद में कुल 125 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी।

वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के 4 जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता दी जाएगी। इन बैंकों के लिए कुल 200 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इस निर्णय से कमजोर जिला सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी ऋण व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ेंगे

मंत्रि-परिषद ने प्रदेश की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) के लंबित चुनावों की अवधि एक वर्ष बढ़ाने का निर्णय लिया है।

वर्तमान में अनकवर्ड ग्राम पंचायतों में समितियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया चल रही है। कई नवगठित समितियों में अभी कामकाज शुरू नहीं हुआ है। ऐसी स्थिति में कार्य संचालन शुरू होने से पहले चुनाव कराने पर कानूनी और प्रशासनिक समस्याएं सामने आ सकती थीं।

इसी को देखते हुए चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। विपणन समितियों और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव की अवधि भी आवश्यकता के अनुसार बढ़ाई जा सकेगी, ताकि इन चुनावों में नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में आगे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सहकारिता विभाग को अधिकृत किया गया है।

46,574 घरों तक पहुंचेगी बिजली, 193.72 करोड़ रुपये मंजूर

मंत्रि-परिषद ने केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के पहले चरण में प्रदेश के 1,834 बसाहटों के विद्युतीकरण की कार्ययोजना को मंजूरी दी है।

इस योजना के तहत 46,574 अविद्युतीकृत घरों और 54 सरकारी सार्वजनिक संस्थानों तक बिजली पहुंचाई जाएगी।

योजना के लिए कुल 193 करोड़ 72 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी इस प्रकार होगी:

* केंद्र सरकार का अनुदान: 116.24 करोड़ रुपये (60 प्रतिशत)
* राज्य सरकार का अंश: 77.48 करोड़ रुपये (40 प्रतिशत)
* कुल स्वीकृत राशि: 193.72 करोड़ रुपये

वितरण कंपनियों के माध्यम से बिजली अधोसंरचना विकसित की जाएगी। 2 लाख रुपये प्रति घर तक की अनुमानित लागत वाली बसाहटों में केंद्र और राज्य के वित्तीय सहयोग से विद्युतीकरण किया जाएगा।

20 से कम घरों वाली बसाहटों के विद्युतीकरण के लिए भी राज्य सरकार ने वित्तीय सहायता देने पर सैद्धांतिक सहमति जताई है। इसके लिए अलग प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा।

खनिज अन्वेषण के लिए राज्य खनिज निगम बनेगा नोडल एजेंसी

प्रदेश में खनिज अन्वेषण और सर्वेक्षण कार्यों के लिए मध्य प्रदेश राज्य खनिज निगम लिमिटेड को नोडल एजेंसी नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। इन कार्यों के संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी निगम के संचालक मंडल को सौंपी जाएगी।

खनिज भंडार की संभावनाओं का पता लगाने के लिए उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण, हवाई सर्वेक्षण, हेलीकॉप्टर से कम ऊंचाई वाले सर्वे, भू-भौतिकीय एवं भू-रासायनिक सर्वेक्षण और ड्रिलिंग जैसे कार्य किए जाएंगे।

इन कार्यों के लिए बाहरी एजेंसियों की नियुक्ति पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। प्रदेश के मध्य और पश्चिमी हिस्सों में स्थित तृतीय श्रेणी के क्षेत्रों में तीन आधारभूत सर्वेक्षणों के आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर सर्वे कार्य वर्ष 2028 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग की 23 योजनाओं के लिए 3,059 करोड़ रुपये मंजूर

मंत्रि-परिषद ने सामान्य प्रशासन विभाग की वर्तमान में संचालित 23 योजनाओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 3,059 करोड़ 7 लाख रुपये की मंजूरी दी है।

इन योजनाओं में सचिवालय व्यवस्था, लोकतंत्र सेनानी सम्मान निधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की पेंशन, मानव अधिकार आयोग को सहायक अनुदान, क्वालिटी एश्योरेंस काउंसिल, मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार सहित कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा मंत्रियों के वेतन, सहायता एवं विवेकाधीन अनुदान, पूर्व मुख्यमंत्रियों के मानदेय एवं भत्ते, सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित कार्य और मुख्यमंत्री निवास परिसर में एनेक्सी निर्माण सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए भी वित्तीय प्रावधान किए गए हैं।

मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान योजना के लिए 1,165 करोड़ रुपये

कैबिनेट ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन अनुदान से संबंधित योजना को वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने के लिए 1,165 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह राशि 16वें वित्त आयोग की अवधि के दौरान योजना के निरंतर संचालन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।

ओंकारेश्वर के अद्वैत लोक निर्माण के लिए 2,278.99 करोड़ रुपये

मंत्रि-परिषद ने ओंकारेश्वर में विकसित किए जा रहे एकात्म धाम के अंतर्गत अद्वैत लोक (शंकर संग्रहालय) के निर्माण के लिए 2,278 करोड़ 99 लाख रुपये मंजूर किए हैं। यह राशि वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक 16वें वित्त आयोग की अवधि के लिए स्वीकृत की गई है।

अद्वैत लोक में आदि शंकराचार्य के जीवन, उनके योगदान और अद्वैत वेदांत दर्शन को आधुनिक एवं पारंपरिक माध्यमों से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लिए परिसर में कई आकर्षण और सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

प्रस्तावित सुविधाओं में शामिल हैं:

* हाई स्क्रीन थिएटर
* माया गैलरी
* लेजर, लाइट, वाटर एवं साउंड शो
* अद्वैत नर्मदा विहार
* निदिध्यासन केंद्र
* कला वीथिका
* शंकर स्तंभ
* अन्नपूर्णा
* कलाग्राम
* पंचायतन मंदिर

इन सुविधाओं के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और दर्शकों को आदि शंकराचार्य के जीवन दर्शन, अद्वैत वेदांत और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से परिचित कराया जाएगा।

मंत्रि-परिषद के इन फैसलों के जरिए मध्य प्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था, दुग्ध उत्पादन, सहकारी संस्थाओं, बिजली अधोसंरचना, खनिज क्षेत्र और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णय लिए हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+