कौन है पाकिस्तान का Don Shahzad Bhatti? लॉरेंस का कभी था दोस्त, बाबा सिद्दीकी से मिथुन केस तक जुड़ी कड़ियां
Who is Pakistan Don Shahzad Bhatti: पाकिस्तान का डॉन शहजाद भट्टी अब भारत की सुरक्षा एजेंसियों की नजर में एक नया सिरदर्द बन चुका है। वजह? राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद मास्टरमाइंड जीशान अख्तर को देश से भगाने में उसी ने मदद की थी। शहजाद भट्टी की कहानी सिर्फ एक गैंगस्टर की नहीं, बल्कि एक ऐसे नेटवर्क की है, जो पाकिस्तान से लेकर दुबई, कनाडा और अमेरिका तक फैला है।
शुरुआत होती है अक्टूबर 2024 से, जब मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस मर्डर की जिम्मेदारी ली। जल्द ही जांच में सामने आया कि आरोपी जीशान अख्तर को देश से फरार कराने में पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी का हाथ था।

Who is Don Shahzad Bhatti: शहजाद भट्टी कौन है?
शहजाद भट्टी पाकिस्तान के माफिया बलूचिस्तान निवासी फारुख खोखर का राइट हैंड माना जाता है। वह दुबई में बैठकर अपने आतंकी नेटवर्क को ऑपरेट करता है। भारत में वह पहले भी कई बार सुर्खियों में आ चुका है - खासकर 2024 में जब उसने बीजेपी नेता और एक्टर मिथुन चक्रवर्ती को धमकी दी थी।
भारत में सोशल मीडिया बैन, जालंधर ग्रेनेड हमले का मास्टरमाइंड
18 मार्च 2025 को उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भारत में बैन लगा दिया गया। कारण था-पंजाब के जालंधर में हुआ ग्रेनेड अटैक, जिसमें उसका नाम सामने आया।
शहजाद भट्टी ने एक वीडियो में खुद कबूल किया कि जालंधर में ग्रेनेड हमला उसी ने करवाया। उसका कहना था कि उस व्यक्ति ने इस्लाम और नबियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। उसने ज़ीशान अख्तर का भी वीडियो में धन्यवाद दिया।
मिथुन चक्रवर्ती को धमकी
2024 में डॉन भट्टी ने मिथुन चक्रवर्ती को 10-15 दिन में माफी मांगने की चेतावनी दी थी। मिथुन के एक भड़काऊ भाषण को लेकर भट्टी ने दो वीडियो जारी कर धमकी दी थी। हालांकि, पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और भट्टी की धमकी को गंभीरता से लिया गया।
लॉरेंस से दोस्ती, अब दुश्मनी
कभी लॉरेंस बिश्नोई और शहजाद भट्टी दोस्त माने जाते थे। 2024 में दोनों की वीडियो कॉल वायरल हुई थी जिसमें वे एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दे रहे थे। भट्टी ने तब कहा था कि वह लॉरेंस के लिए गर्दन कटवाने को भी तैयार है। लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब लॉरेंस ने हाफिज सईद को टारगेट करने की धमकी दी तो, भट्टी नाराज हो गया और कहा कि वह चुप नहीं बैठेगा।
सलमान खान से सुलह की कोशिश
भट्टी ने दावा किया था कि उसने सलमान खान और लॉरेंस के बीच सुलह करवाने की कोशिश की थी। इसके लिए दुबई में एक मीटिंग भी हुई थी जिसमें सलमान की तरफ से कुछ लोग आए थे, लेकिन यह बातचीत सफल नहीं हो पाई।
शहजाद भट्टी की क्रिमिनल कुंडली
शहजाद भट्टी के खिलाफ हत्या, हथियारों की तस्करी, जमीन हड़पने और आतंकवाद से संबंधित कई गंभीर आरोप हैं। लेकिन, भारत में मुख्य तौर पर-
- बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (अक्टूबर 2024): एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मुख्य आरोपी जीशान अख्तर ने एक वीडियो में दावा किया कि शहजाद भट्टी ने उन्हें भारत से भागने में मदद की ।
- जालंधर ग्रेनेड हमला (मार्च 2025): पंजाब के जालंधर में यूट्यूबर रॉजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी शहजाद भट्टी ने खुद एक वीडियो में ली। उन्होंने दावा किया कि यह हमला इस्लाम के खिलाफ की गई टिप्पणियों के प्रतिशोध में किया गया था।
- लॉरेंस बिश्नोई से संबंध: जेल में बंद भारतीय गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के साथ शहजाद भट्टी की वीडियो कॉल वायरल हुई थी, जिसमें दोनों ईद की शुभकामनाएं साझा करते नजर आए। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी थी ।
- बाबा सिद्दीकी और मूसेवाला की हत्याओं के सबूत (मई 2025): शहजाद भट्टी ने एक वीडियो में दावा किया कि उनके पास बाबा सिद्दीकी और सिद्धू मूसेवाला की हत्याओं से जुड़े सबूत हैं, जिसे वह उजागर कर सकता है।
शहजाद भट्टी अब सिर्फ पाकिस्तान या गैंगवार तक सीमित नहीं रहा। उसका दखल भारत की आंतरिक सुरक्षा, राजनीति, बॉलीवुड और गैंगस्टर नेटवर्क तक फैला है। जीशान अख्तर की गिरफ्तारी से भले ही जांच को दिशा मिल गई हो, लेकिन भट्टी जैसे नाम भारत के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications