कौन है धर्मांतरण गैंग की फंडिंग की 'रीढ़' मोहम्मद अहमद खान? छांगुर बाबा केस में आया नया मोड़
Who is Mohammad Ahmed Khan: देश में जब भी किसी बड़े गिरोह का भंडाफोड़ होता है, तो पर्दे के पीछे कुछ ऐसे चेहरे निकलते हैं जो असल में पूरे खेल के सूत्रधार होते हैं। उत्तर प्रदेश में हाल ही में सामने आए धर्मांतरण रैकेट में एक ऐसा ही नाम अब चर्चाओं में है। ये नाम है मोहम्मद अहमद खान का।
छांगुर बाबा को इस मामले का मुख्य चेहरा बताया जा रहा है, लेकिन अब इस मामले में नए नाम जुड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि जो पैसे का इंतजाम करता था, विदेशी फंडिंग जुटाता था और गिरोह के लिए करोड़ों की संपत्तियां बनाता गया वह मोहम्मद अहमद खान है। जांच एजेंसियां उसे इस नेटवर्क की 'आर्थिक रीढ़' मान रही हैं। अब जब एजेंसियों की पकड़ मजबूत हो रही है, तो खान की तलाश भी तेज हो गई है।

धर्मांतरण गिरोह की 'जेब' कौन?
देशभर में हड़कंप मचाने वाले धर्मांतरण गिरोह में तेजी से सुर्खियों में आया मोहम्मद अहमद खान का नाम अब चर्चा का विषय बना हुआ है। यह वही शख्स है, जिसे जांच एजेंसियां छांगुर बाबा के पूरे नेटवर्क की फाइनेंशियल रीढ़ मान रही हैं। यानी ऐसा आदमी जो पैसे का इंतजाम करता था, लेन-देन देखता था और नेटवर्क को आर्थिक रूप से मज़बूत बनाता था।
ये भी पढ़ें: Chhangur baba: सड़क किनारे अंगूठी बेचने वाला 'छांगुर बाबा', धर्मांतरण कर कैसे बना 100 करोड़ का मालिक?
जांच में पता चला है कि मोहम्मद अहमद खान केवल एक मामूली अकाउंटेंट नहीं, बल्कि करोड़ों की प्रॉपर्टी का मालिक है। मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में उसके नाम पर कई फ्लैट्स, भूखंड और व्यवसायिक संपत्तियां दर्ज हैं। इतना ही नहीं, पिंपरी इलाके में उसने एक बड़ा 'कैंप' भी चला रखा था, जहां कई संदिग्ध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता था।
कई जिलों में केस, गंभीर आरोप
मोहम्मद अहमद खान पर केवल आर्थिक घोटालों का ही आरोप नहीं है, बल्कि धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करने, फर्जी दस्तावेज बनाने और संदिग्ध विदेशी फंडिंग जैसे गंभीर आरोप भी दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, बलरामपुर और बहराइच जैसे जिलों में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
अब एजेंसियों का शिकंजा
एनआईए (NIA), ईडी (ED), एटीएस (ATS) और लोकल पुलिस-सब मिलकर इस केस की परतें खोलने में लगी हैं। एजेंसियों को शक है कि खान के जरिए विदेशी फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग का पूरा खेल चल रहा था। इसीलिए अब उसके बैंक खातों, ट्रांजेक्शनों और विदेशी संपर्कों की गहराई से जांच की जा रही है।
फरार है अहमद खान, दबिश जारी
मोहम्मद अहमद खान फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के मुताबिक, वह बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा है ताकि गिरफ्तारी से बच सके। एजेंसियों को भरोसा है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद इस पूरे गिरोह की असली तस्वीर सामने आ सकेगी।
गिरफ्तारी से खुल सकते हैं कई राज
छांगुर बाबा तो पहले ही पकड़ा जा चुका है, लेकिन असली 'फंडिंग मास्टरमाइंड' की गिरफ़्तारी अब भी बाकी है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि मोहम्मद अहमद खान के पकड़े जाने के बाद इस पूरे गिरोह का नेटवर्क, विदेशी फंडिंग और बाकी जुड़े चेहरों का भी खुलासा होगा।
ये भी पढ़ें: शाहरुख खान की 'किंग' में होगा जबरदस्त चेज सीक्वेंस, लोकेशन ढूंढने में सिद्धार्थ आनंद की हो रही फजीहत!












Click it and Unblock the Notifications