कौन हैं किच्चा सुदीप जो हिंदी को लेकर भिड़ गए अजय देवगन से

किच्चा सुदीप
Getty Images
किच्चा सुदीप

अचानक इंटरनेट के सर्च इंजन्स पर कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप के बारे में तेज़ी से बढ़ी हलचल ने उन लोगों के कान खड़े कर दिये जो इन दिनों साउथ डब फिल्मों की धुआंधार बारिश में सराबोर हो रहे हैं. करीब 48 साल के सुदीप संजीव यानी कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप इन दिनों एक विवाद के कारण चर्चा में हैं.

बात एक ट्वीट को लेकर शुरू हुई और अजय देवगन के उस पर दिये गये तगड़े जवाब के कारण विवाद में बदल गई. 'फ्लावर से फायर' हुए इस मामले का सेंटर प्वाइंट हिंदी भाषा है .

दरअसल सुदीप ने एक ट्वीट किया कि 'हिंदी अब राष्ट्रभाषा नहीं है'. बात का बतंगड़ यहीं से शुरू हुआ क्योंकि इस पर अजय देवगन की तरफ से ट्विटर पर जवाब आया कि अगर हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्मों को हिंदी में डब करके क्यों रिलीज़ करते हो?. फिर तो ट्विटर की ट्रेल लंबी होती गई . दोनों ने एक दूसरे को कई जवाब दिये, सफाई भी दी गई.

https://twitter.com/ajaydevgn/status/1519264792992952320

खैर, किच्चा को लेकर हुई इस किचकिच से उन लोगों को कौतूहल जागा है कि आखिर ये हैं कौन. अब जो लोग साउथ की डब फिल्मों के चटकारे लेते हैं उनके लिये ये नाम कोई नया नहीं है और उन लोगों के लिये तो बिलकुल भी नहीं जो कन्नड़ फिल्मों के दीवाने हैं.

अजय देवगन और किच्चा सुदीप
Getty Images
अजय देवगन और किच्चा सुदीप

काजोल को पसंद करते थे किच्चा

लेकिन आगे बढ़ने से पहले आपको एक बात साफ कर दें. किच्चा सुदीप ज़माने से अजय देवगन को नापसंद करते हैं. कुछ समय पहले सुदीप ने एक इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया था कि उन्हें अजय शुरू से ही पसंद नहीं हैं क्योंकि उनका पहला क्रश काजोल थीं. उन्होंने बताया कि वो काजोल के पोस्टर और मैगज़ीन से तस्वीरें इकट्ठा किया करते थे और अपने घर की दीवारों पर लगाते थे.

बहरहाल, बात सुदीप के बारे में तो 2 सितंबर 1973 को कर्नाटक के सिमोगा में जन्मे सुदीप बेंगलुरु के इंजीनियरिंग कॉलेज से ग्रेजुएट हैं. स्कूल के समय से ही अच्छा क्रिकेट खेलते हैं लेकिन फिल्मों की चकाचौंध ने उन्हें यंग एज में इतना आकर्षित किया कि रोशन तनेजा से एक्टिंग सीख कर वो फ़िल्मी दुनिया में आ गये .

शौक इसलिये भी पनपा क्योंकि उनके होटल कारोबारी पिता फिल्मों के निर्माता भी थे. वैसे तो सुदीप ने कन्नड़ की ही ज्यादा फिल्में की हैं लेकिन तमिल, तेलुगू और हिंदी में भी उनका काम दिखा है.

किच्चा सुदीप
Getty Images
किच्चा सुदीप

'मक्खी' फिल्म से हिंदी सिनेमा में मिली पहचान

टीवी सीरियल प्रेमा कादंबरी से पर्दे पर आये सुदीप ने साल 1997 में थायवा से अपना करियर शुरू किया और उन्हें देश-दुनिया में एस एस राजामौली की फिल्म ईगा (हिंदी में मक्खी) से पहचान मिली. वैसे कन्नड़ में उन्होंने स्पर्शा, हुच्चा, वीरा मदाकरी, रन, हेब्बुली, द विलेन, पैलवान जैसी फिल्में की हैं. उन्हें हुच्चा, नंदिनी और स्वाति मुथु के लिये लगातार तीन साल तक कन्नड़ फिल्मफेयर का बेस्ट एक्टर अवार्ड मिला है.

अक्सर लोगों के दिमाग में आता है कि सुदीप अपने नाम के आगे किच्चा क्यों लगाते हैं. तो ये नाम उनका 2001 में आयी उनकी फिल्म हुच्चा में उनके किरदार किच्चा के चलते पड़ा. उस किरदार की लोकप्रियता इतनी सिर चढ़ बोली कि सुदीप का करियर ही बदल गया. एक्टिंग के साथ सुदीप ने डायरेक्शन, सिंगिंग और स्क्रीन राइटिंग में भी हाथ आजमाया है. उन्होंने 20 से ज्यादा फिल्मों में गाने भी गाए हैं.

साल 2008 में आयी रामगोपाल वर्मा की फूंक से हिंदी फिल्मों में आए सुदीप ने बाद मे रन, फूंक 2, रक्तचरित्र भाग एक और दो, और सलमान खान की दबंग 3 में भी काम किया. दबंग टीम के साथ उन दिनों कपिल शर्मा के शो में प्रमोशन करने आए सुदीप की मज़ाकिया स्टाइल को तब काफी लोगों ने सराहा भी था.

किच्चा सुदीप से जुड़े विवाद

वो बिग बॉस कन्नड़ के होस्ट भी रहे हैं. एक एयरलाइन कंपनी में काम करने वाली प्रिया राधाकृष्णन से 2001 में शादी करने वाले सुदीप की एक बेटी सान्वी भी है. उनका एक किच्चा सुदीप चैरिटेबल ट्रस्ट भी है जो अंडरप्रिविलेज्ड स्कूली बच्चों की मदद करता है .

सुदीप के साथ कई विवाद भी जुड़े. साल 2009 में फिल्म जस्ट मथमताली की शूटिंग के दौरान उनका अभिनेत्री रम्या के साथ विवाद हुआ. वो रम्या के कथित बुरे बर्ताव के कारण चिढ़े हुए थे.

फिर उन पर फिल्म कनवरलाल के सेट पर निर्देशक सागर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा जिसे उन्होंने बकवास बताया. 2011 में हुबली में एक क्रिकेट मैच में उनका शिवाराज कुमार के साथ मनमुटाव भी चर्चा में रहा. उसी साल केंपेगौडा के निर्माता ने उनसे एक फिल्म के लिये दिया गए 15 लाख रुपये ब्याज के साथ लौटाने को कहा. इसको लेकर बड़ा झगड़ा हुआ.

सुदीप पर गुस्सैल और इगोइस्टिक होने के आरोप भी लगते रहे हैं. कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में कहा जाता रहा है कि अपने को-एक्टर्स के साथ उनकी अनबन होती रही है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+