कौन है डोमिनिक मार्टिन, जिसने ली केरल ब्लास्ट की जिम्मेदारी, कहा- 'यहोवा वाले राष्ट्र-विरोधी बातें सिखा रहे'
Kerala blasts Dominic Martin: केरल के कलामासेरी में जमरा इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में रविवार (29 अक्टूबर) सुबह हुए बम धमाकों की जिम्मेदारी डोमिनिक मार्टिन नाम के शख्स ने ली है। कोच्चि में हुए ब्लास्ट की जिम्मेदारी लेते हुए डोमिनिक मार्टिन ने एक फेसबुक लाइव कर कहा कि उन्होंने यहोवा विटनेस प्रार्थना सभा में बम रखा था। वीडियो जारी करने के बाद डोमिनिक मार्टिन ने पुलिस के सामने सरेंडर भी कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि वो इस मामले की जांच करेंगे। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई।
डोमिनिक मार्टिन ने दावा किया है कि ये संस्था यहोवा राष्ट्र-विरोधी बातें सिखा रहे हैं। वीडियो में डोमिनिक मार्टिन ने कहा है कि वह पिछले 16 वर्षों से यहोवा विटनेस समुदाय से जुड़ा हुआ है। लेकिन कभी भी इसका सक्रिय सदस्य नहीं रहा। उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया कि उन्होंने यह फैसला इसलिए लिया क्योंकि संगठन की शिक्षाएं "देशद्रोही" थीं।

डोमिनिक मार्टिन ने वीडियो में क्या-क्या कहा?
डोमिनिक मार्टिन ने अपने वीडियो में कहा, 'मैं 16 साल से यहोवा विटनेस संस्था से जुड़ा हूं। तब मैंने इसे गंभीरता से नहीं लिया और मजाक के तौर पर उनके साथ चला गया। लगभग 6 साल पहले, मुझे एहसास हुआ कि वो एक अच्छा संगठन नहीं है और उनकी शिक्षाएं देशद्रोही हैं।'
डोमिनिक मार्टिन ने कहा, 'मैंने संगठन को अपनी शिक्षाओं को सही करने के लिए कई बार कहा था, लेकिन वह ऐसा करने के लिए तैयार नहीं था। चूंकि मेरे पास कोई अन्य विकल्प नहीं था, इसलिए मैंने ऐसा करने का फैसला लिया।'
डोमिनिक मार्टिन ने कहा, 'यहोवा के साक्षियों की विचारधारा गलत थी, जो देश के लिए खतरनाक थी और इसलिए, इसे राज्य में समाप्त करना होगा। उनकी विचारधारा गलत है। यहोवा के साक्षियों, आपकी विचारधारा गलत है। आप न तो किसी की मदद करते हैं और न ही किसी का सम्मान करते हैं। आप चाहते हैं कि आपके अलावा हर कोई नष्ट हो जाए। यह आपकी विचारधारा है।'
डोमिनिक मार्टिन ने कहा, 'वे बच्चों के दिमाग में जहर भर देते हैं कि उन्हें दूसरे समुदाय से एक मिठाई भी लेने के सिए मना करते हैं। बच्चों को राष्ट्रगान न गाने या रक्षा सेवा में शामिल न होने के लिए कहा जाता है। वे सिखाते हैं कि संसार के सभी लोग नष्ट हो जायेंगे और केवल वे ही जीवित रहेंगे। हमें उन लोगों के साथ क्या करना चाहिए जो दुनिया के सभी लोगों की बर्बादी की इच्छा रखते हैं? मुझे कोई समाधान नहीं मिला।'
Who is Dominic Martin: कौन है डोमिनिक मार्टिन?
डोमिनिक मार्टिन एक फैमिलीमैन है। मार्टिन पिछले 5 सालों से अपनी पत्नी और दो बच्चों ( एक बेटे और एक बेटी) के साथ खादर लेन में दो बेडरूम वाले घर में रहता है। उनके परिवार और उनके मकान मालिक को जब पता चला कि उन्होंने इस भयानक घटना की जिम्मेदारी ली है तो उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, स्थानीय पार्षद सक्किर थम्मनम ने बताया कि जब डोमिनिक मार्टिन कन्वेंशन सेंटर में विस्फोटक रखने गए थे तो उनकी पत्नी को लगा कि वह किसी दोस्त से मिलने जा रहे हैं।
उनके मकान मालिक जलील ने भी जब विस्फोट की जिम्मेदारी लेते हुए मार्टिन का वीडियो देखा तो आश्चर्य व्यक्त किया। मकान मालिक ने कहा, ''वह उपद्रवी नहीं था। उसके बहुत सारे दोस्त नहीं थे लेकिन कोई दुश्मन भी नहीं था। उसकी पत्नी के साथ हमारी बातचीत के अनुसार उसने हाल ही में शराब पीना शुरू किया होगा। इसके अलावा, उन्होंने कभी भी किराया भुगतान में चूक नहीं की। उनकी गतिविधियों में कुछ भी संदिग्ध नहीं था।''
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्टिन केवल दसवीं कक्षा तक पढ़ा था। वह कुछ साल पहले थम्मनम में स्पोकन इंग्लिश ट्यूटोरियल क्लास चला रहा था। हालांकि, जब वह व्यवसाय बंद हो गया, तो वह विदेश चला गया और हाल ही में वह घर लौटा था। जलील ने कहा कि जब खाड़ी में उनकी बेटी को डेंगू हो गया तो मार्टिन केरल लौट आए और उन्हें कभी किसी से कोई परेशानी नहीं हुई।












Click it and Unblock the Notifications