कौन हैं कारोबारी रविंद्रन, एक साल पहले थे 17 हजार करोड़ के मालिक, अब संपत्ति हुई जीरो, घर भी रखना पड़ा गिरवी
Byju Raveendran Net Worth: कहते हैं किसी मुकाम को पाना जितना मुश्किल है, उतना ही मुश्किल उस मुकाम पर बने रहना है। ऐसा ही कुछ हुआ है, दिग्गज एडटेक फर्म बायजूस (Byju's) के फाउंडर बायजू रविंद्रन (Byju Raveendran) के साथ।

जी हां, एक साल पहले तक बिजनेसमैन बायजू रविंद्रन भारत के अरबपतियों की लिस्ट में शामिल थे लेकिन अब उनकी नेटवर्थ 'जीरो' हो गई है। एडटेक कंपनी बायजूस लंबे वक्त से वित्तीय संकट से जूझ रही है।
कर्मचारियों को सैलरी तक नहीं मिल पा रही है, ऐसे में बायजू रविंद्रन की नेटवर्थ का जीरो होना...कंपनी के लिए बड़ा झटका है। बायजूस की स्थापना 2011 में रवींद्रन ने की थी। रवींद्रन की पत्नी दिव्या भी बोर्ड में शामिल हैं।
साल भर पहले थे 17,545 करोड़ के मालिक, अब नेटवर्थ हुई जीरो!
फोर्ब्स की अरबपतियों की नई लिस्ट में बायजूस के फाउंडर बायजू रविंद्रन की नेटवर्थ जीरो बताई गई है। फोर्ब्स ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि, 4 अप्रैल 2023 तक बायजू रविंद्रन की नेटवर्थ 2.1 बिलियन डॉलर यानी 17,545 करोड़ रुपये थी। लेकिन अब उनकी नेटवर्थ शून्य हो गई।

फोर्ब्स की बिलेनियर इंडेक्स 2024 में ये जानकारी सामने आई है। रविंद्रन सालभर पहले तक देश के सबसे युवा अरबपतियों की लिस्ट में शुमार थे। फोर्ब्स की बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, पिछले साल की अरबपतियों की लिस्ट में से इस बार 4 लोगों को बाहर किया है।
Byju's crisis: कैसे हुई रविंद्रन की कंपनी बायजूस की ये हालत?
- कुछ दिनों पहले ब्लैकरॉक ने बायजूस की वैल्यूएशन घटाकर 1 बिलियन डॉलर कर दी थी। जबकि 2022 में इसकी वैल्यूएशन 22 बिलियन डॉलर थी।
- इतना ही नहीं, बायजूस के शेयर होल्डर्स ने भी रवींद्रन को सीईओ पद से हटाने के लिए वोटिंग की थी। दिसंबर 2023 में रवींद्रन ने कर्मचारियों को वेतन देने के लिए अपने घर के साथ-साथ परिवार वालों के घरों को भी गिरवी रखा था।

- वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने तो बायजूस के खिलाफ दिवालिया कार्रवाई भी शुरू की थी। बायजूस पर 158 करोड़ के पेमेंट चूक का आरोप है।
- बायजूस पर ईडी ने 9,000 करोड़ से ज्यादा के FEMA उल्लंघन का नोटिस भी भेजा है।
- कंपनी की हालत इतनी खराब है कि गुरुग्राम ऑफिस का रेंट ना देने की वजह से प्रॉपर्टी मालिक ने कर्मचारियों को बाहर कर दिया था और उनके लैपटॉप जब्त कर लिए थे।
who is Byju Raveendran: कौन हैं बायजू रविंद्रन ?
- बायजू रविंद्रन, एडटेक फर्म बायजूस के फाउंडर हैं। इन्हें मॉडर्न शिक्षक के नाम से भी जाना जाता है। बायजू रविंद्रन केरल के कन्नूर जिले के रहने वाले हैं। बायजू रविंद्रन के माता-पिता शिक्षक थे।
- बायजू रविंद्रन ने अझीकोड में ही मलयालम मीडियम स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की। उन्होंने ग्रेजुएशन के बाद इंजीनियर के तौर पर अपनी नौकरी शुरू की थी। रवींद्रन ने IIM का एंट्रेन्स टेस्ट भी दिया था, जिसमें 100 परसेंटाइल स्कोर किया था। लेकिन उन्होंने IIM में ना जाकर कोचिंग क्लास शुरू करने का फैसला किया।
- 2005 में बायजू रविंद्रन ने नौकरी छोड़कर कोचिंग शुरू कर दी थी। बायजू रविंद्रन ने साल 2009 में CAT के लिए ऑनलाइन वीडियो बेस्ड लर्निंग प्रोग्राम शुरू किया था।
- साल 2011 में बायजू रविंद्रन ने Think & Learn स्टार्टअप लॉन्च किया था। यह Byju's की पेरेंट कंपनी थी। इसके बाद साल 2015 में बायजू रविंद्रन ने Byju's - द लर्निंग ऐप लॉन्च किया। Byju's को शुरू करने के बाद सिर्फ 7 साल में बायजू रविंद्रन अरबपति बन गए थे।












Click it and Unblock the Notifications