कौन हैं MP बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल? जिन्होंने केजरीवाल को नहीं दिया धोखा,AAP टूट के बीच क्यों नहीं गए BJP में?
Rajya Sabha MP balbir singh seechewal: आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए हालिया राजनीतिक घटनाक्रम किसी बड़े झटके से कम नहीं रहा। पार्टी के कई राज्यसभा सांसदों के एक साथ अलग होने की खबरों ने पंजाब की राजनीति को हिला दिया। AAP के इतिहास की सबसे बड़ी बगावत के बीच एक ऐसा नाम निखरकर सामने आया है, जिसने सत्ता के लालच और दबाव के आगे झुकने से साफ इनकार कर दिया। हम बात कर रहे हैं पद्मश्री बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल की।
जहां राघव चड्ढा की अगुवाई में पंजाब के 6 और दिल्ली की 1 सांसद (स्वाति मालीवाल) ने पाला बदलकर बीजेपी का दामन थाम लिया, वहीं बाबा सीचेवाल आज राज्यसभा में पंजाब से 'आप' के इकलौते और वफादार सिपाही बनकर खड़े हैं। राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहा है कि आखिर बाबा सीचेवाल कौन हैं, क्यों उन्हें बाकी सांसदों की तरह सत्ता या समीकरणों ने प्रभावित नहीं किया, और क्यों उन्होंने पार्टी छोड़ने के बजाय अपने रास्ते पर टिके रहने का फैसला किया।

कौन हैं बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल? (Who Is Baba Balbir Singh Seechewal)
बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल पंजाब के जाने-माने पर्यावरणविद्, समाजसेवी और आध्यात्मिक व्यक्तित्व हैं। उनका जन्म 2 फरवरी 1962 को पंजाब के जालंधर जिले के सीचेवाल गांव में हुआ था। किसान परिवार से आने वाले सीचेवाल ने राजनीति से पहले सामाजिक बदलाव को अपना मिशन बनाया।
वे निर्मल सिख परंपरा से जुड़े हैं और लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करते रहे हैं। पंजाब में उनका नाम किसी राजनीतिक नेता से ज्यादा एक सामाजिक आंदोलनकारी के रूप में लिया जाता है।
बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल के जीवन के कुछ प्रमुख पहलू:
🔷काली बेईं का पुनरुद्धार: उन्होंने 160 किलोमीटर लंबी 'काली बेईं' नदी को अकेले दम पर साफ करने का बीड़ा उठाया था, जो कभी गंदा नाला बन चुकी थी। यह वही पवित्र स्थान है जहाँ गुरु नानक देव जी को ज्ञान प्राप्त हुआ था।
🔷पद्मश्री सम्मान: पर्यावरण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए साल 2017 में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 'पद्मश्री' से सम्मानित किया था।
🔷इको-बाबा (Eco-Baba): फेमस टाइम मैगजीन ने उन्हें 'हीरोज ऑफ एनवायरनमेंट' की सूची में शामिल किया था।
🔷मानवतावादी कार्य: उन्होंने अरब देशों में फंसी पंजाबी महिलाओं और युवाओं को मानव तस्करी के चंगुल से छुड़ाकर वापस लाने में अहम भूमिका निभाई है।

काली बेईं नदी से शुरू हुई पहचान (Kali Bein River Revival Story)
- बाबा सीचेवाल को सबसे ज्यादा पहचान मिली काली बेईं नदी की सफाई मुहिम से। यह नदी कभी प्रदूषण और गंदगी का प्रतीक बन चुकी थी। आसपास के गांवों और शहरों का गंदा पानी इसमें गिरता था और नदी लगभग नाले में बदल चुकी थी।
- साल 2000 में बाबा सीचेवाल ने इस नदी को पुनर्जीवित करने का अभियान शुरू किया। उन्होंने सरकारी मदद का इंतजार नहीं किया। गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ा और सफाई अभियान चलाया।
- धीरे-धीरे हजारों लोग इस मिशन से जुड़े और लगभग 160 किलोमीटर लंबी नदी की सफाई का बड़ा काम शुरू हुआ। आज यह नदी पंजाब में पर्यावरण संरक्षण की मिसाल मानी जाती है।
Padma Shri से लेकर Time Magazine तक पहचान
- बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल के काम को सिर्फ पंजाब तक सीमित पहचान नहीं मिली। उन्हें वर्ष 2017 में भारत सरकार की ओर से पद्मश्री सम्मान दिया गया।
- इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनके काम की चर्चा हुई। Time Magazine ने उन्हें पर्यावरण के क्षेत्र में दुनिया के चुनिंदा नायकों में शामिल किया। यह सम्मान उन्हें काली बेईं नदी के पुनर्जीवन और सामुदायिक भागीदारी के जरिए पर्यावरण सुधार के लिए मिला।

पंजाब में AAP के अकेले राज्यसभा सांसद क्यों बने Balbir Singh Seechewal?
पंजाब से राज्यसभा भेजे गए AAP सांसदों में हालिया बदलाव के बाद बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल अब पार्टी के इकलौते सांसद बचे हैं। जिन नेताओं ने पार्टी छोड़ी, उनमें कई बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल थे। लेकिन सीचेवाल ने न केवल दूरी बनाए रखी, बल्कि संकेत दिया कि उनकी राजनीति व्यक्तिगत लाभ से नहीं, बल्कि सामाजिक काम से जुड़ी है।
उनका राज्यसभा कार्यकाल 5 जुलाई 2028 तक है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ऐसे समय में पार्टी के साथ बने रहना सिर्फ रणनीतिक फैसला नहीं, बल्कि व्यक्तिगत विचारधारा का भी संकेत है।
बाबा सीचेवाल का खुलासा- बगावत के लिए आया था फोन
बाबा सीचेवाल ने हाल ही में खुलासा किया कि उन्हें इस बड़ी टूट का हिस्सा बनने के लिए सीधा प्रस्ताव मिला था। उन्होंने बताया कि सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने उन्हें फोन किया था। साहनी ने उनसे कहा कि वे एक स्वतंत्र गुट बना रहे हैं और कई सांसदों ने इस पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। साहनी चाहते थे कि बाबा सीचेवाल भी उस लिस्ट में अपना नाम जोड़ लें। लेकिन बाबा ने दोटूक जवाब देते हुए कहा, "नहीं, मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं है।"
साहनी ने उन्हें झांसा देने की कोशिश की और कहा कि 'यूनिवर्सिटी वाले' (लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के संस्थापक अशोक मित्तल) ने भी साइन कर दिए हैं। लेकिन बाबा सीचेवाल अपनी जगह से नहीं डिगे। उन्होंने साफ कर दिया कि वे किसी पद के लालची नहीं हैं।
राघव चड्ढा की वो 'चाय' का न्योता
इतना ही नहीं, बागी गुट ने बाबा सीचेवाल को अपने पाले में करने के लिए 'सॉफ्ट पावर' का भी इस्तेमाल किया था। सीचेवाल ने बताया कि अप्रैल के सत्र के दौरान राघव चड्ढा और उनके साथियों ने उनसे कहा, "बाबा जी, आइए साथ बैठकर चाय पीते हैं।"
बाबा ने अपनी बेबाकी के साथ जवाब दिया, "आप पी लो, मुझे जरूरत नहीं है।" हैरानी की बात यह है कि बाबा ने बताया कि पिछले दो-तीन सालों में इन सांसदों ने उन्हें कभी चाय पर नहीं पूछा था, लेकिन बगावत से ठीक पहले वे अचानक इतने मेहमाननवाज हो गए।
बाबा ने स्पष्ट किया कि दल-बदल को लेकर उनसे कोई सीधी बात करने की हिम्मत नहीं कर सका क्योंकि वे जानते थे कि बाबा किसी से डरने वाले नहीं हैं।
क्यों नहीं छोड़ा केजरीवाल का साथ?
बाबा सीचेवाल और अन्य बागी सांसदों में सबसे बड़ा फर्क उनकी नियुक्ति का था। जहाँ बागी गुट के ज्यादातर सांसद 'दिल्ली नेतृत्व' की पसंद थे, वहीं बाबा सीचेवाल को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद चुना था।
बाबा कहते हैं, "मुझे इस पद का कोई लालच नहीं है। मैंने राज्यसभा जाने का प्रस्ताव कई बार ठुकराया था, लेकिन पर्यावरण के मुद्दों को उठाने के लिए बाद में मान गया। जो लोग छोड़कर गए, वे अपने कारोबार या सत्ता छिनने के डर से गए। मेरे पास खोने के लिए कुछ नहीं है।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राघव चड्ढा और उनकी टीम ने उन्हें कभी अपना सहकर्मी नहीं माना और सदन में उन्हें बोलने तक का मौका नहीं दिया जाता था।
राघव चड्ढा और संदीप पाठक पर बड़ा खुलासा
बाबा सीचेवाल ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि राघव चड्ढा और संदीप पाठक जैसे लोग पार्टी छोड़कर चले गए। उन्होंने बताया कि पंजाब में इन दोनों का दबदबा मुख्यमंत्री से कम नहीं था।
संदीप पाठक पूरी पार्टी का काम देखते थे। राघव चड्ढा चंडीगढ़ के 'हाउस नंबर 50' से सरकार और अफसरों को नियंत्रित करते थे।
बाबा के शब्दों में, "उस समय राघव चड्ढा ही पंजाब के 'सुप्रीमो' थे और पूरी ब्यूरोक्रेसी उन्हीं के इशारों पर चलती थी।" ऐसे में इन 'पावरफुल' नेताओं का अचानक पार्टी छोड़ देना बाबा के लिए भी चौंकाने वाला था।
अब क्या है पंजाब का समीकरण? (New Political Equation in Punjab)
इस बगावत के बाद पंजाब में राज्यसभा का गणित पूरी तरह बदल गया है:
- बीजेपी का दबदबा: पंजाब की 7 राज्यसभा सीटों में से अब 6 बीजेपी (बागियों के विलय के बाद) के पास चली गई हैं।
- AAP का इकलौता किला: आम आदमी पार्टी अब पंजाब में सिर्फ 1 सीट (बाबा सीचेवाल) पर सिमट गई है।
- भगवंत मान का रुख: मुख्यमंत्री मान ने इसे पंजाब की जनता के साथ गद्दारी बताया है और कहा है कि इतिहास इन लोगों को कभी माफ नहीं करेगा।














Click it and Unblock the Notifications