कौन हैं एक्ट्रेस गौतमी तडिमल्ला, जिन्होंने 25 सालों बाद दुखी होकर दिया BJP से इस्तीफा, कहा-नहीं मिल रहा समर्थन
Gautami Tadimalla: अभिनेत्री गौतमी तडिमल्ला ने सोमवार 23 अक्टूबर को तमिलनाडु की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि, '25 सालों की यात्रा आज खत्म हो रही है। मेरा इस्तीफा पत्र यहां है।'
गौतमी तडिमल्ला ने अपने इस्तीफा लेटर में लिखा है कि वो बहुत दुखी और भारी मन के साथ भाजपा छोड़ रही हैं। उन्होंने लिखा, ''...आज मैं अपने जीवन में एक अकल्पनीय संकट के दौर में खड़ी हूं और इस वक्त न केवल मुझे पार्टी और नेताओं से भी कोई समर्थन नहीं मिल रहा है। बल्कि यह भी मेरी जानकारी में आया है कि जिन लोगों ने मेरे विश्वास को धोखा दिया है और मेरी जीवन भर की बचत को धोखा दिया है, उनका खुले तौर पर समर्थन और मदद किया जा रहा है।''

गौतमी तडिमल्ला ने लेटर के शुरुआत में लिखा, ''बहुत भारी मन और गहरे मोहभंग के साथ मैंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। मैं राष्ट्र निर्माण में अपने प्रयासों में योगदान देने के लिए 25 साल पहले पार्टी में शामिल हुई थी। यहां तक कि मैंने अपने जीवन में जितनी भी चुनौतियों का सामना किया है, मैंने उस प्रतिबद्धता का सम्मान किया है।''
गौतमी तडिमल्ला ने लिखा, '' मैं 17 साल की उम्र से काम कर रही हूं और मेरा करियर सिनेमा, टेलीविजन, रेडियो और डिजिटल मीडिया में 37 साल तक फैला है। मैंने अपना पूरा जीवन काम किया है ताकि मैं इस उम्र में आर्थिक रूप से सुरक्षित रह सकूं और साथ ही अपनी बेटी का भविष्य भी संवार सकूं। मैं उस बिंदु पर हूं जहां मुझे और मेरी बेटी को स्थिर और सुरक्षित होना चाहिए था, और फिर भी मुझे यह जानकर बहुत डर लगा कि श्री सी अलगप्पन ने मुझसे मेरे पैसे, संपत्ति और दस्तावेज ठग लिए हैं।'
इस्तीफा पत्र के आखिर में गौतमी ने लिखा, ''आज यह त्याग पत्र अत्यंत पीड़ा और दुख में लिखा है, लेकिन बहुत दृढ़ संकल्प के साथ लिखा है। मैं एक अकेली महिला और सिंगल पेरेंट के रूप में अपने और अपने बच्चे के भविष्य के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही हूं। जय हिन्द।''
Who is Gautami Tadimalla: कौन हैं गौतमी तडिमल्ला?
गौतमी तडिमल्ला एक भारतीय अभिनेत्री और राजनेता हैं। गौतमी तडिमल्ला ने मलयालम, हिंदी, कन्नड़, तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम किया है। गौतमी तडिमल्ला 1987 से 1998 तक साउथ इंडियन की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में से एक थीं।
गौतमी तडिमल्ला एक टेलीविजन एक्ट्रेस, टेलीविजन होस्ट, लाइफ अगेन फाउंडेशन की संस्थापक और फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइनर का भी काम कर चुकी हैं।
गौतमी का जन्म आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में 2 जुलाई 1969 को हुआ था। उनके पिता शेषगिरी राव ऑन्कोलॉजिस्ट डॉक्टर थे। उनकी मां भी इसी पेशे में थीं। गौतमी ने बिशप कॉटन गर्ल्स स्कूल, बैंगलोर में पढ़ाई की हैष
गौतमी ने 1998 में एक बिजनेसमैन संदीप भाटिया से शादी की और उनकी एक बेटी सुब्बुलक्ष्मी है, जिसका जन्म 1999 में हुआ। बाद में 1999 में उनका तलाक हो गया था। गौतमी 2004 से 2016 तक एक्टर कमल हासन के साथ रिलेशनशिप में रही थीं।
गौतमी 1997 से भाजपा की सदस्य हैं। गौतमी भाजयुमो की उपाध्यक्ष थीं। गौतमी 1997 में लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में पार्टी में शामिल हुई थीं। उन्होंने उस दौरान आंध्र, कर्नाटक और तमिलनाडु में अटल बिहारी वाजपेयी के लिए बड़े पैमाने पर प्रचार किया था। बेटी के जन्म के बाद उन्होंने राजनीति से ब्रेक ले लिया था और 2017 में वह फिर से भाजपा में वापस आ गई थीं। 2021 में, उन्हें राजपालयम विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications