अपनी ज़िदगी के आख़िरी दिनों में क्या कर रहे थे जवाहरलाल नेहरू ?

अपने पिता जवाहर लाल नेहरू के पार्थिव शरीर के पास बैठी इंदिरा गांधी
Getty Images
अपने पिता जवाहर लाल नेहरू के पार्थिव शरीर के पास बैठी इंदिरा गांधी

1962 की लड़ाई ने नेहरू को तोड़ कर रख दिया था. इस सदमे से वो कभी उबर नहीं पाए. उनकी पुरानी शारीरिक ताकत, बौद्धिक कौशल और नैतिक चमक बीते दिनों की बात हो गई.

निराश नेहरू थके हुए से दीखने लगे, उनके कंधे झुक गए और उनकी आँखें भी सोई सोई सी दिखने लगीं. उनकी चाल में जो तेज़ी हुआ करती थी, लुप्त हो गई.

इंडियन एक्सप्रेस के समाचार संपादक ट्रेवर ड्राइबर्ग ने लिखा, 'एक रात में ही नेहरू थके हुए, निराश, बूढ़े शख़्स दिखने लगे. उनके चेहरे पर कई झुर्रियाँ उभर आईं और उसका तेज हमेशा के लिए जाता रहा.'

आठ जनवरी, 1964 को जब नेहरू भुवनेश्वर में काँग्रेस के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करने उठे तो अपना संतुलन बरकरार नहीं रख पाए और सामने की तरफ़ गिरे. मंच पर बैठी इंदिरा गांधी ने दौड़ कर नेहरू को उठाया.

नेहरू के शरीर के बाँए हिस्से में पक्षाघात हो गया था. अगले कुछ दिनों तक नेहरू उड़ीसा के राज भवन में रहे. उनकी तबियत थोड़ी बेहतर हुई लेकिन इतनी नहीं कि वो कांग्रेस के सम्मेलन में दोबारा शिरकत कर सके.ॉ

जवाहर लाल नेहरू
Getty Images
जवाहर लाल नेहरू

लालबहादुर शास्त्री बने बिना विभाग के मंत्री

12 जनवरी को नेहरू और इंदिरा वापस दिल्ली लौट आए. नेहरू ने अपने रोज काम करने के घंटे 17 से घटा कर 12 कर दिए.

डाक्टरों के ज़बरदस्ती करने पर उन्होंने दोपहर थोड़ी देर के लिए नींद लेनी शुरू कर दी. बाहरी लोगों को ये नहीं बताया गया कि नेहरू की बीमारी कितनी गंभीर है.

जनवरी का अंत होते होते नेहरू इतने ठीक हो गए कि 26 जनवरी के गणतंत्र दिवस समारोह में भाग ले सकें. फ़रवरी में वो संसद के साल के पहले सत्र में भी मौजूद थे लेकिन उन्होंने वहाँ बैठे बैठे ही भाषण दिया.

रोज़मर्रा के सरकारी कामों में नेहरू की मदद कर रहे थे गृह मंत्री गुलज़ारी लाल नंदा और वित्त मंत्री टीटीके कृष्णामचारी.

लेकिन 22 जनवरी को अचानक लाल बहादुर शास्त्री को बिना विभाग के मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई.

उसी दौरान इंडियन इस्टीट्यूट ऑफ़ पब्लिक ओपीनियन ने नेहरू के बाद कौन ? विषय पर एक सर्वेक्षण करवाया. इसमें शास्त्री को पहला, कामराज को दूसरा, इंदिरा गाँधी को तीसरा और मोरारजी देसाई को चौथा स्थान मिला.

लाल बहादुर शास्त्री
Getty Images
लाल बहादुर शास्त्री

नेहरू का आख़िरी संवाददाता सम्मेलन

15 अप्रैल को इंदिरा गांधी अमेरिका चली गईं. वहाँ से वो 29 अप्रैल को वापस लौटीं. उसी दिन नेहरू के आमंत्रण पर शेख़ अब्दुल्लाह उनसे मिलने दिल्ली आए.

दोपहर में इंदिरा गांधी उन्हें लेने पालम हवाईअड्डे गईं. अब्दुल्लाह ने तीन मूर्ति हाउज़ पहुंचते ही नेहरू को गले लगाया जिन्हें उन्होंने 11 सालों से नहीं देखा था. अब्दुल्लाह को नेहरू की शारिरिक हालत देखकर एक झटका सा लगा.

13 मई को नेहरू और इंदिरा काँग्रेस की एक बैठक में भाग लेने बंबई गए. 22 मई को नेहरू ने सात महीनों में पहली बार एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. 38 मिनट तक चले इस संवाददाता सम्मेलन में दो सौ से अधिक पत्रकारों ने भाग लिया.

एम जे अकबर नेहरू की जीवनी में लिखते हैं, 'नेहरू देखने में तो ठीक लग रहे थे लेकिन उनकी आवाज़ कमज़ोर थी. ये सवाल कई बार पूछा गया, नेहरू के बाद कौन ?

आख़िर में नेहरू को झल्ला कर कहना पड़ा, 'मैं इतनी जल्दी मरने नहीं जा रहा.'

नेहरू के ये कहते ही सभी पत्रकारों ने खड़े होकर उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया.' अगले दिन नेहरू और उनकी बेटी तीन दिनों के लिए हैलिकॉप्टर से देहरादून गए. वो 26 मई को वापस दिल्ली लौटे.

एमजे अकबर आगे लिखते हैं, 'उस दिन नेहरू ने अपनी मेज़ पर रखी सारी फ़ाइलें निपटाईं. नेहरू जल्दी ही सोने चले गए. रात में उनकी नींद कई बार खुली. उनके सहायक नत्थू ने उन्हें नींद की गोली दी. नत्थू प्रधानमंत्री की पलंग के बग़ल में एक कुर्सी पर सो रहे थे.'

नेहरू की बड़ी धमनी एओटा फटी

27 मई को सुबह 6 बजकर 25 मिनट पर नेहरू की आँख खुली. उनको दर्द था लेकिन उन्होंने दो घंटे तक नत्थू को नहीं जगाया. जब नत्थू जागे तो उन्होंने एक सुरक्षाकर्मी को इंदिरा और नेहरू के डाक्टर बेदी को बुलवाने भेजा.

बेदी जनवरी से ही जब से नेहरू को पक्षाघात हुआ था तीनमूर्ति भवन में ही रह रहे थे. जब इंदिरा और डाक्टर बेदी कमरे में पहुंचे तो नेहरू थोड़ा दिग्भ्रमित से दिखाई दिए. उन्होंने उनसे पूछा, 'माजरा क्या है?' इसके बाद कुछ ही क्षणों में नेहरू बेहोश हो गए. जब डाक्टर बेदी ने उनका मुआएना किया तो पाया कि नेहरू की बड़ी धमनी 'एओटा' फट गई है.'

चूँकि इंदिरा और नेहरू का ब्ल़ड ग्रुप एक ही था इसलिए डाक्टर बेदी ने इंदिरा गांधी के शरीर से खून निकाला ताकि वो उसे नेहरू को चढ़ा सकें.

लेकिन ख़ून चढ़ाने से पहले ही नेहरू कोमा में चले गए.

कैथरीन फ़्रैंक इंदिरा गाँधी की जीवनी में लिखती हैं, 'इस बीच इंदिरा ने राजीव गाँधी को तार दिया जो कि उस समय इंग्लैंड में थे. उन्होंने संजय गांधी को भी संदेश भिजवाया जो उन दिनों कश्मीर गए हुए थे. फिर उन्होंने अपनी दोनों बुआओं कृष्णा हठी सिंह और विजय लक्ष्मी पंडित को फ़ोन किया जो उस समय बंबई में थीं. दिल्ली में उन्होंने सिर्फ़ कृष्ण मेनन को फ़ोन किया जो मिनटों में तीन मूर्ति भवन पहुंच गए.'

कृष्णा मेनन के साथ नेहरू
Getty Images
कृष्णा मेनन के साथ नेहरू

बुद्ध जयंती के दिन हुआ नेहरू का निधन

27 मई को दोपहर एक बजकर 44 मिनट पर नेहरू ने आखिरी साँस ली. कोमा में चले जाने के बाद उन्हें फिर दोबारा होश नहीं आया.

उस समय इंदिरा गाँधी और कृष्ण मेनन उनके साथ थे. पूरी दोपहर और शाम तक वो दोनों नेहरू के पार्थिव शरीर के बग़ल में बैठे रहे.

नेहरू की छोटी बहन विजयलक्ष्मी पंडित ने अपनी आत्मकथा 'द स्कोप ऑफ़ हैपीनेस' में लिखा, 'बंबई से दिल्ली की आखिरी फ़्लाइट निकल चुकी थी. महाराष्ट्र सरकार के जहाज़ का इस्तेमाल उस दिन वहाँ के मुख्यमंत्री कर रहे थे. मैंने राष्ट्रपति डॉक्टर राधाकृष्णन को फ़ोन किया. उन्होनें मेरे जहाज़ से दिल्ली आने का इंतज़ाम किया. जब हम तीनमूर्ति भवन पहुंचे तो वहाँ शोक मना रहे लोगों की इतनी भीड़ थी कि हमें काफ़ी दूर ही अपनी कार से नीचे उतरना पड़ा."

"जब मैंने भाई को देखा तो उनका चेहरा सुंदर और निर्मल दिखाई दे रहा था. वो अक्सर कहा करते थे कि मेरे मरने का सबसे अच्छा दिन बुद्ध जयंती होगा. बुद्ध के लिए उनके मन में हमेशा से ख़ास भावनाएं थीं. बुद्ध जिस दिन पैदा हुए थे उसी दिन उनका देहांत हुआ था और उसी दिन उनको निर्वाण प्राप्त हुआ था. बुद्ध जयंती के दिन ही भाई हमें छोड़ कर गए थे."

तीन मूर्ति भवन के गेट लोगों के दर्शन के लिए खोले गए

नेहरू के दिवंगत होने के मिनटों के अंदर तीन मूर्ति भवन कमरे, गलियारे और सीढ़ियाँ लोगों से भर गए. सबसे पहले पहुंचने वालों में टीटीके कृष्णामचारी और जगजीवन राम थे. दोनों की आँखों में आँसू थे.

थोड़ी देर में नेहरू मंत्रिमंडल के दूसरे सदस्य भी वहीँ पहुंच गए. दो से तीन बजे के बीच तीनमूर्ति भवन के नीचे के कमरे में मंत्रिमंडल की आपात बैठक हुई. वहीं तय किया गया कि गृह मंत्री गुलज़ारी लाल नंदा कार्यवाहक प्रधानमंत्री का काम सँभालेंगे.

इंदिरा गाँधी की जीवनीकार कैथरीन फ़्रैंक लिखती हैं, 'उस दिन तीनमूर्ति भवन में हर कोई ग़मज़दा था सिवाए मोरारजी देसाई और कामराज के जो ग़मज़दा से ज़्यादा सतर्क दिखाई दे रहे थे. नेहरू के कमरे के बाहर खड़े मोरारजी देसाई तो इस तरह शोक प्रकट करने आए लोगों का स्वागत कर रहे थे जैसे वो किसी कूटनीतिक आयोजन के मेज़बान हों.'

जैसे ही अँधेरा हुआ लिली, गेंदे, गुलाब और भारतीय तिरंगे से लिपटे नेहरू के पार्थिव शरीर को उनके शयनकक्ष से नीचे उतारकर तीनमूर्ति भवन के सामने वाले बरामदे में ले आय़ा गया.

चूँकि उस समय भयानक गर्मी पड़ रही थी उनके शव को बर्फ़ की सिल्लियों के ऊपर रखा गया था ताकि उसे कुछ समय तक सुरक्षित रखा जा सके. इस बीच नेहरू की दोनों बहनों के अलावा पश्चिम बंगाल की राज्यपाल पद्मजा नायडू भी वहाँ पहुंच गईं थीं. उस रात तीन मूर्ति भवन में कोई नहीं सोया और भवन के गेट लगों के दर्शन के लिए लगातार खुले रहे.

मोरारजी देसाई
Getty Images
मोरारजी देसाई

इंदिरा की नेहरू को अंतिम विदाई

संजय गांधी कश्मीर से 28 मई की सुबह ही दिल्ली पहुंच पाए.

नेहरू के अंतिम संस्कार का सारा इंतेज़ाम इंदिरा गांधी ने किया.

इंदर मल्होत्रा इंदिरा गाँधी की जीवनी में लिखते हैं, 'उन्होंने तीनमूर्ति भवन में काम करने वाले नौकरों के कपड़ों तक का ख़्याल रखा. वो सब बेहद दुखी थी और उन्होंने नेहरू के निधन के बाद न तो कुछ खाया था और न ही स्नान किया था. इंदिरा ने उन सब लोगों को घर जाकर नहाने, दाढ़ी बनाने और कपड़े बदल कर आने के लिए कहा. उन्होंने कहा मेरे पिता को हमेशा सफ़ाई पसंद थी. मैं नहीं चाहती कि आज उनके चारों ओर किसी भी तरह का बेतरतीबपन दिखाई दे.'

नेहरू की मौत पर शोक मनाते आम लोग
Getty Images
नेहरू की मौत पर शोक मनाते आम लोग

नेहरू के पार्थिव शरीर को एक गन कैरेज पर रखा गया. सफ़ेद खादी के कपड़े पहने हुए इंदिरा और संजय एक खुली कार पर सवार हुए. चिलचिलाती धूप में दोनों पसीने से तरबतर थे.

राजीव तब तक दिल्ली नहीं पहुंच पाए थे. यमुना नदी के किनारे पाँच मील लंबे रास्ते को तय करने में तीन घंटे से अधिक का समय लग गया. सड़क के दोनों ओर और अंतयेष्ठि स्थल पर करीब बीस लाख लोगों का हुजूम था.

एक हैलिकॉप्टर ने उनकी शवयात्रा पर ऊपर से पुष्पवर्षा की. करीब 8000 पुलिसकर्मियों और 6000 सैनिकों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया था.

नेहरू की जीवनी में एम जे अकबर लिखते हैं, 'इंदिरा अंतिम बार नेहरू के पार्थिव शरीर के पास गईं. उन्होंने उसके ऊपर गंगा जल छिड़का और अपने पिता के पैरों के पास चंदन की एक लकड़ी रख दी. वो वहाँ पर करीब 8 मिनटों तक बिना एक शब्द बोले खड़ी रहीं. फिर उन्होंने अपने 'पापू' के चेहरे को आख़िरी बार देखा और फिर नीचे उतर आईं.'

नेहरू की शवयात्रा
Getty Images
नेहरू की शवयात्रा

संजय गांधी ने चिता में लगाई आग

नेहरू ने अपनी वसीयत में साफ़ लिखा था कि उनकी अंतयेष्ठि में किसी धार्मिक रीति का पालन न किया जाए लेकिन इसके बावजूद उनका अंतिम संस्कार हिंदू रीति से किया गया.

ये फ़ैसला इंदिरा गाँधी का था. कैथरीन फ़्रैंक लिखती हैं, 'इस फ़ैसले से इंदिरा को बहुत तकलीफ़ हुई क्योंकि उन्होंने नेहरू की अंतिम इच्छा का सम्मान नहीं किया था. संभवत: उनपर कुछ धार्मिक नेताओं और राजनेताओं ने दबाव डाला था कि भारत के लोग धर्मनिर्पेक्ष अंतिम संस्कार को स्वीकार नहीं कर पाएंगे. नेहरू के पार्थिव शरीर को चंदन की लकड़ियों के ऊपर रखा गया. वैदिक मंत्रोच्चार और 'द लास्ट पोस्ट' के बिगुल के बीच 17 साल के संजय गाँधी ने उनकी चिता में आग लगाई.'

संजय गांधी
Getty Images
संजय गांधी

विशेष ट्रेन से अस्थियों को इलाहाबाद ले जाया गया

अंतिम संस्कार के तेरह दिनों बाद नेहरू की अस्थियों को एक विशेष ट्रेन से संगम में प्रवाहित करने के लिए इलाहाबाद ले जाया गया.

ट्रेन ने आमतौर से दस घंटों में पूरे हो जाने वाले सफ़र को 25 घंटों में तय किया. ट्रेन हर स्टेशन पर रुकी जहाँ हज़ारों लोग नेहरू को अंतिम विदाई देने आए थे.

इस सफ़र का वर्णन करते हुए इंदिरा गाँधी की निकट सहयोगी ऊषा भगत ने अपनी किताब 'इंदिराजी' में लिखा, 'सारी खिड़कियाँ शीशे की थी और उनपर हरे पर्दे लगे हुए थे. हर स्टेशन पर लोग ट्रेन पर फूलों की पंखड़ियाँ फेंक रहे थे. अलीगढ़ स्टेशन पर शेख़ अब्दुल्लाह ट्रेन पर चढ़े. हम लोगों ने पहले 'सारे जहाँ से अच्छा हिंदोस्ताँ गाया' और फिर शाँति पाठ किया. ट्रेन में हमारे साथ मणि बेन, जमना लाल बजाज, के सी पंत, विजयलक्ष्मी पंडित, कृष्णा हठी सिंह और ज़ाकिर साहब थे. इतनी संख्या में लोग स्टेशनों पर आ रहे थे कि उनकी हथेलियों के दबाव से हमारी तरफ़ की खिड़की का शीशा टूट गया. इलाहाबाद स्टेशन पर दलाई लामा भी पहुंचे हुए थे.'

संगम पर नेहरू के अस्थियों के अलावा उनकी पत्नी कमला नेहरू की अस्थियाँ भी साथ साथ प्रवाहित की गईं. करीब तीस साल पहले नेहरू कमला की अस्थियों को स्विटज़रलैंड से लाए थे और वो हमेशा आनंद भवन, जेल या दिल्ली में यॉर्क रोड वाले उनके घर में जहाँ कहीँ भी वो हों उनकी पलंग के सिरहाने रखी रहती थी.

नेहरू की अस्थियों को संगम में प्रवाहित करते राजीव और संजय गांधी
Getty Images
नेहरू की अस्थियों को संगम में प्रवाहित करते राजीव और संजय गांधी

भारत की धरती पर बिखेरी गई नेहरू की अस्थियाँ

नेहरू ने अपनी वसीयत में लिखा था कि उनकी अस्थियों को हवाई जहाज़ से भारत के हर राज्य में गिरा दिया जाए.

कश्मीर में इंदिरा गांधी उन अस्थियों को खुद लेकर गईं. श्रीनगर में वो एक छोटे विमान पर चढ़ीं और भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी के एन शास्त्री की मदद से उन्होंने उस धरती पर वो सारी अस्थियाँ बिखेर दीं जहाँ नेहरू के पूर्वजों का जन्म हुआ था और जिसको नेहरू बहुत प्यार करते थे.

बाकी अस्थियों को भारतीय वायुसेना के विमानों ने सभी राज्यों की उस धरती पर छितरा दिया जहाँ भारत के किसान काम करते थे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+