सर्वाइकल कैंसर क्या होता है, किस उम्र में लगवाना चाहिए टीका, FM निर्मला सीतारमण ने क्यों किया बजट में जिक्र?
Budget 2024 Cervical cancer vaccination: 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट 2024 (Budget 2024-25) पेश किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने इस बजट में महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

पीएम मोदी कैबिनेट की महिला वित्त मंत्री सीतारमण ने बजट 2024 में देश की नारी शक्ति का खास ख्याल रखते हुए उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए मुफ्त वैक्सीनेशन (cervical cancer vaccination) का ऐलान किया है।

वित्त मंत्री सीतारमण ने अपने बजट भाषण में घोषणा की कि 'मिशन इंद्रधनुष' में टीकाकरण बढ़ाया जाएगा और 9 से 14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर (cervical cancer) से बचाव के लिए मुफ्त HPV वैक्सीन लगवायी जाएगी।
सर्वाइकल कैंसर क्या और कैसे होता है? इसका टीका क्यों लगवाना जरूरी है और किस उम्र में ये टीका लगवाना चाहिए? आखिर वो क्या वजहें हैं जो एक खास उम्र की बेटियों के लिए मोदी सरकार ये फ्री वैक्सीनेशन मिशन शुरू कर रही है?
इन सभी सवालों के जवाब आइए जानते हैं लखनऊ किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ( KGMU) के क्वीन मैरी अस्पताल की (Queen Mary Hospital) एचओडी और स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर एसपी जयसवार से...

सर्वाइकल कैंसर क्या है?
डॉक्टर एसपी जयसवार ने बताया महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय की ग्रीवा (uterine cervix) में होता है जो कोशिकाओं की वृद्धि से शुरू होता है। सरविक्स (cervix) यूट्रस का निचला हिस्सा होता है जो योनि से जुड़ा हुआ होता है। ह्यूमन पेपिलोमावायरस (HPV) वो वायरस है, ये वायरस का अलग समूह है जो सर्वाइकल कैंसर पैदा करते हैं।
सर्वाइकल कैंसर के कारण और लक्षण क्या है?
डॉक्टर जयसवार बताती हैं कि एचपीवी एक सामान्य संक्रमण है जो यौन संपर्क से फैलता है। सामान्य तौर पर हमारे शरीर की रोगों से लड़ने वाली प्रतिरोधक क्षमता इस वायरस को बढ़ने से रोकती है लेकिन कुछ लोगों में ये वायरस लंबे समय तक (वर्षों तक ) जिंदा रहता है जिसके कारण कुछ ग्रीवा (cervix) कोशिकाएं कैंसर कोशिकाएं बन जाती हैं।
डॉक्टर ने बताया सर्वाइकल कैंसर के कोई लक्षण शुरूआती दौर में कई बार नजर नहीं आते हैं। इसलिए स्त्री रोग विशेषज्ञ (gynecologist) से समय-समय पर जांच और HPV (human papillomavirus) टेस्टिंग करवाना जरूरी होता है।
सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन क्यों है जरूरी
डॉक्टर जयसवार बताती हैं कि एचपीवी सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है, यह वुल्वर, योनि, गुदा और ऑरोफरीन्जियल कैंसर डेवलेप कर सकता है। दुनिया भर में सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मौतों में 25 प्रतिशत मौतें भारत में होती हैं।
आंकड़ों की बात करें तो आज से पांच साल पहले 2018 में दुनिया भर में 570000 महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर होने का पता चला था और इस कैंसर से लगभग 311000 महिलाओं की मृत्यु हुई थी।
सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मौतें
रिसर्च के अनुसार सर्वाइकल कैंसर दुनिया ही नहीं भारत में सबसे तेजी से फैलने वाले कैंसर में दूसरे नंबर पर है। सर्वाइकल कैंसर से होने वाली कुल मौतों में 25 फीसदी मौतें भारत में हो रही हैं। इसलिए इससे बचाव के लिए सही समय पर टीकाकरण और समय-समय पर जांच जरूरी है।
सर्वाइकल कैंसर का टीका लगवाने की उम्र?
डॉक्टर एसपी जयसवार ने बताया सवाईकल कैंसर से बचाव के लिए जो वैक्सीन उपलब्ध है उसके लिए बच्चियों की उम्र 9 से 12 वर्ष निर्धारित की गई है। अगर वैक्सीन 9 से 11 वर्ष की उम्र के बीच में लगवाई जाती है तो दो वैक्सीन लगती है जिसमें एक के बाद दूसरी वैक्सीन छह माह बाद लगती है।
वहीं 12 साल से अधिक उम्र में वैक्सीन की डोज बढ़कर तीन हो जाती है जो पहली के बाद दूसरी दो महीने और छह महीने के अंतराल पर लगाई जाती है। अगर इस उम्र में ये वैक्सीन नहीं लगवाई है तो स्त्री रोग विशेषज्ञ की सलाह के बाद 45 साल की उम्र तक भी लगवाई जा सकती है। जिनको 13 से अधिक उम्र में ये वैक्सीन लगती है उसे कुल तीन डोज लगवानी होती है।
ये भी पढ़ें-Lakhpati Didi Explainer: क्या है 'लखपति दीदी' योजना, Budget 2024 महिलाओं को कैसे देगा बड़ा लाभ?
कितने समय तक बचाव करता है ये टीका?
डॉ एसपी जयसवार बताती हैं कि महिलाओं को इस वैक्सीन के बाद भी जागरूक रहने की आवश्यकता है। मार्केट में कई वैक्सीन उपलब्ध है जिसकी अवधि अलग-अलग है।
डॉक्टर जयसवार ने कहा सामान्य तौर पर एचपीवी वैक्सीन 10 साल तक सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखती है। इस वैक्सीन को लगवाने से यूट्रस ग्रीवा, योनि और वुल्वर कैंसर से खतरा कम होगा लेकिन इसके बावजूद मेरी ये ही राय है कि फिर भी नियमित रूप से स्त्री रोग विशेषज्ञ से जांच करवानी आवश्यक हैं।
क्या गर्भावस्था में लगवा सकते हैं ये वैक्सीन?
डॉ जयसवार ने बताया कि महिलाओं को गर्भावस्था में ये वैक्सीन नहीं लगवानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि जो महिलाएं सेक्सुअल रिलेशन में नहीं हैं या नहीं आई हैं, उन्हें भी ये वैक्सीन लगवानी चाहिए क्योंकि ये वैक्सीन गर्भाशय से जुड़े अन्य पार्ट में होने वाले कैंसर से भी सुरक्षित करती है।
केंद्र सरकार की सराहनीय पहल
इसके साथ ही डॉक्टर जयसवार ने केंद्र सरकार और वित्त मंत्री निर्मला सीतारणम द्वारा बालिकाओं के लिए निशुल्क सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान शुरू करने के ऐलान के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा भारत में सर्वाइकल कैंसर की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ये कदम बहुत आवश्यक था और इसके लिए लंबे समय से मांग भी की जा रही थी।
ये भी पढ़ें- Budget 2024: बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर मोदी सरकार, सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण का ऐलान












Click it and Unblock the Notifications