"नहीं तो मुझे अपना बर्थडे भी ईडी कार्यालय में मनाना पड़ता", लैंड डील केस में पूछताछ के बाद बोले रॉबर्ट वाड्रा
Robert Vadra land deal case: हरियाणा लैंड डील मामले में कथित संलिप्तता के कारण गांधी परिवार के दामाद रॉबर्ट वाड्रा इन दिनों सुर्खियों में हैं। पिछले दो दिनों से प्रवर्तन निदेशाल (ईडी) रॉबर्ट वाड्रा से ज़मीन डील मामले में दस घंटे से ज़्यादा पूछताछ कर चुकी है। आज 17 अप्रैल को फिर पूछताछ के लिए वाड्रा को ईडी आफिस बुलाया गया है।
लगातार तीसरे दिन गुरुवार को ईडी द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके खिलाफ दर्ज मामले में पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर रॉबर्ट वाड्रा पहुंचे। उनके साथ उनकी कांग्रेस सांसद पत्नी प्रियंका गांधी भी थीं।

ईडी की पूछताछ के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कोई नया सवाल नहीं था, सभी सवाल एक जैसे ही थे। "अगर कल सार्वजनिक अवकाश नहीं होता, तो मुझे अपना जन्मदिन ईडी कार्यालय में मनाना पड़ता।"
वहीं इससे पहले बुधवार को वाड्रा ने ईडी की पूछताछ के बाद कहा था ईडी को मुझसे बहुत प्यार है इसलिए वो मुझे बार-बार बुलाती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा था "मैं गांधी परिवार का हिस्सा हूं, जिसने हमेशा लोगों के लिए लड़ाई लड़ी है। जाहिर है, भाजपा को गांधी परिवार और मुझे निशाना बनाना होगा। उन्होंने मेरे परिवार - मेरी सास सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ़ चार्जशीट भी दायर की है।"
बता दें ये मामला फरवरी 2008 में वाड्रा से जुड़ी कंपनी 'स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड' द्वारा 'ओंकारेश्वर प्रॉपर्टीज' से 7.5 करोड़ रुपये में गुरुग्राम के शिकोहपुर में 3.5 एकड़ जमीन खरीदने से जुड़ा है। यह अधिग्रहण हरियाणा में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान हुआ था। वाड्रा, जो शुरू में स्काईलाइट हॉस्पिटैलिटी में निदेशक थे, ने लगातार तीन दिनों तक प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूछताछ का सामना किया है, जिसमें नवीनतम सत्र उनके इस दावे के बीच हुआ है कि उनसे कोई नया सवाल नहीं पूछा गया।












Click it and Unblock the Notifications